मैं सारी उम्र नहीं रहूँगी
मैं सारी उम्र नहीं रहूँगी / रहूँगा⠀
⠀
उसने मुझसे आज ये पाँचवी बार बोला।⠀
⠀
हर बार ये बोल कर रिश्तों को मरने से पहले मत मारो। सोचना और सोच-सोच कर रिश्तों को मार डालने की क्रिया शायद हमारे समाज में बहुत तीव्र गति से फैल रही है। मैं वो पत्ता हूँ जो पतझड़ के मौसम में अपनी शाखों से टूट कर अलग हो जाऊँगा। मुझे मालूम है कोई भी ख़ुश्क पत्तो को गले से नहीं लगाता बल्कि उनके हिस्से लिक्खा होता है कुचलकर रौंद दिया जाना। सबसे ज़ियादा दर्दनाक होता है एक दोस्त का दोस्ता न बने रहना। किसी भी दोस्त को ये बोलने का हक़ नहीं "मैं सारी उम्र नहीं रहूँगी / रहूँगा"। ⠀
⠀
आज फिर तुमने मुझसे ये कहा और मैंने दुआ में सिर्फ़ ये माँगा "तुम ख़ुश रहो, तुम्हारा ख़ुश होना मेरे लिए ज़रूरी है " रही बात सारी उम्र साथ न रहने की तो तुम्हारे जाने से कुछ ज़्यादा नहीं होगा बस मैं थोड़ा चुप हो जाऊँगा, यादें दिल में घर कर जायेंगीं। भरी महफ़िल में जब तुम आँखों के सामने आ जाओगी तो ख़ुद-ब-ख़ुद कुछ अश्क पलकों से गिर जायेंगे और मुझे ये कहना पड़ेगा "आँखों में कचरा चला गया"। रातों में कभी याद आएगा किस तरह मैं तुम्हें सेफ स्पेस कहता था और अपने हिस्से का काला सच भी बता दिया करता था। उस बोझ तले मैं अब थोड़ा दब जाऊँगा और मेरी रीढ़ की हड्डी थोड़ी झुक जाएगी। मेरी दिमाग़ की नसें फ़टने लगेंगीं, लेकिन दुनिया नहीं रुकेगी, वो पहले की तरह भागती रहेगी। उलझने , काम, व्यापार सब चलता रहेगा। और फिर मैं भी अपने रोज़मर्रा के कामों में लग जाऊँगा। किसी के जाने से किसी की जान नहीं जाती साहब बस चेहरे से ग़ायब हो जाती है रौनक और पलकों पर आँसू जम जाते हैं, जिन्हें दुनिया नहीं दे ख पाती।⠀
⠀
सारी उम्र एक शिद्दत से किसी की इबादत कर पाना, किसी की दुआ में शामिल हो जाना, किसी के सुख दुःख का हिस्सा बन पाना, ज़िन्दगी की वो नेमतें हैं जो हर किसी को मुक़म्मल नहीं होती। फिर मेरी क्या बिसात कि ये शोहरत मुझे हासिल हो। क़िस्मत ने मुझसे लोगों को छीना है। तुम ये बोल कर फिर से उसकी बातों पर मोहर न लगाओ। तुम मेरे दोस्त हो क़िस्मत के नहीं।⠀
⠀
©® तरुण पाण्डेय
Comments
Post a Comment