असुरक्षित

एक दिन ऐसे ही सुब्ह सुब्ह मैंने अपने एक दोस्त को फ़ोन किया। वो अपने होटल रूम के अंदर सिक्किम में पर्वतों की गोद में बैठा कुछ लिखता और फिर उसे फाड़ कर फेंक देता । पन्नों पर कुछ किरदारों को सजीव करने का भरसक प्रयास करता और उसकी कलम निरंतर पन्नों पर नीली स्याही बिखेरती दौड़ती ही रहती। दौड़े क्यों न, उसे ज़िंदगी ने कम नहीं दौड़ाया था और उसके इरादों को लोहे सा बुलन्द कर दिया था। स्क्रीनप्ले में अपना नाम बनाने की ज़िद, उसकी कड़ी मेहनत और उसका त्याग उसे अपने क्षेत्र में अव्वल दर्ज़े पा ला खड़ी करेगी और वो भी कभी लोगों के लिए एक प्रेरणा का स्रोत होगा इसका मुझे पूर्ण रूप से विश्वास है। वो कहाँ किसके लिए काम कर रहा है - कैसे काम कर रहा है और किस परिस्थितियों में काम कर रहा है यह उसे छोड़ कोई नहीं जानता है। क़ामयाब बनने के बाद हितैषियों का ऐसा हुजूम इकट्ठा हो जाता है जैसे बरसात के मौसम में मेढकों की फौज। हर इंसान कामयाब इंसान से जुड़ कर ख़ुद को कामयाब बनाना चाहता है और मेरा दोस्त जिसका कोई गॉड फ़ादर नहीं है लोगों के लिए आगे बढ़ने का जरिया बनेगा। 

बात दोस्त की नहीं है बात है क्राफ़्ट की, बात है ख़ुद पर विश्वास होने की और बात है असुरक्षित न महसूस करने की। हम जब बात कर रहे थे तो एक बात हमने अपने संज्ञान में ली। आजकल लोग हल्ला करते हैं कि अच्छे क्राफ़्ट को प्रमोट करो भले वो किसी भी श्रेत्र से हो लेकिन करते हैं ठीक उल्टा। सबसे बड़ा झूठ है अव्वल दर्ज़े के काम को अव्वल कहने का ढोंग। बात खुलकर कहता हूँ - अब कोई अपने से अच्छे काम को आगे नहीं लाएगा। इसके बहुत से कारण हैं लेकिन सबसे प्रमुख कारण है - डर और इस बात का डर कि कहीं मेरी ऑडियंस उसे तो फॉलो नहीं कर लेगी, मेरा फैन बेस्ड शिफ़्ट तो नहीं हो जाएगा। इस कारण पहले की अपेक्षा लोग अब दूसरों को प्रमोट नहीं करते हैं ख़ासकर उन्हें जिनका क्राफ़्ट उनसे अच्छा है। उनके लिए रास्ते में काँटो को गिरा दिया जाता है, सड़क के पोटहोल्स गहरे कर दिए जाते हैं और उनकी गाड़ी पंक्चर कर दी जाती है। उन्हें हर तरह से रोक कर कहा जाता है कि आपको इस समय दस्तक देनी है रूम नंबर २५ में और अपने पहले के काम को हमारी टीम को दिखाना है। 

उस पोटहोल्स को लाँघने की ताक़त सिर्फ़ और सिर्फ़ आपके क्राफ़्ट में होती है और उस काँटों के घावों को सिर्फ़ वो पैर झेल सकते हैं जो हज़ारो जगह से ठुकराये जाने के बाद भी कभी थके न हों। हर अच्छा क्राफ़्ट अकेले में संघर्ष करता है और जब लाख कोशिश करने के बाद भी वो रूम नंबर २५ में पहुँच कर अपने काम से लोगों का मुँह बन्द कर देता है तो वहाँ बैठे लोग उसके कंधों में हाथ रख दोस्त की तरह बाहर आते हैं और कहते हैं किसी टीवी शो पर उसके स्ट्रगल के किस्से। 

अपने दम से उस मक़ाम तक पहुँचा इंसान जौहरी की आँखे लिए जानता है हीरे को तराशना। उसे इस बात का डर नहीं होता कि हीरे कितने महँगे होंगे और उसके कितने ख़रीदार होंगे। हर बार वो अपनी मेहनत से ला खड़ा करते हैं नायाब हीरे क्योंकि वे कभी असुरक्षित महसूस नहीं करते। 

/ तरुण पाण्डेय

Comments

Post a Comment

Popular Posts