आत्ममंथन



रातों को रात नहीं आत्ममंथन करने का समय घोषित करना चाहिए। ⠀

पहले मैं लिखता था अब मैं व्यापार करता हूँ । जब मैं लिखता था भावनाएँ प्रकट करने के लिए तब मैं सच्चा कलाकार हुआ करता था। आज मेरा मस्तिष्क लिखने के उपरांत खोजता है महानता के नारे और लोगों की वाह वाही। अपनी कविताओं, ग़ज़लों और नज़्मों से ये उम्मीद करना कि मक़बूलियत हासिल होगी या नाम होगा बहुत ही दुःखद है। मैं साहित्य प्रेमी हूँ या साहित्य उपभोक्ता। मेरे अंदर ये लालसा नहीं होनी चाहिए थी कि जब जब मैं कुछ सृजन करूँ नगर नगर उसका प्रचार हो। मुझे तो एकांत में पढ़ने की आदत थी। क्या मैं उस भीड़ के पीछे हूँ जो इस कारण लिखता है कि उसका नाम हो जाये, मुशायरे में कभी कुछ बोलने को मिल जाये ? 

मुझे दुःख है कि पढ़ने पढ़वाने की होड़ में मैंने किसी को बुरा बोल दिया, किसी की आस्था का मज़ाक बना दिया। व्यापारी जब  मोल भाव करते हैं तो इंसानी रिश्तों को दरकिनार कर देते हैं। मैं भी वही कर बैठा था। कुछ दोस्त आँख पर से पट्टी हटाने का काम करते हैं। पट्टी हट चुकी है। अंधकार छट चुका है। मेरी अभिलाषा बस इतनी है कि कभी जो मरूँ तो मेरी पढ़ी सभी कहानियाँ मेरे ज़हन में हो और मेरी लिखी डायरी उसके हाथों में जो सच्चा साहित्य प्रेमी हो। कविताएँ बड़ी बड़ी बातों से नहीं अनकहे अहसासों से जन्म लेती हैं, वो हमारे दिनचर्या का हिस्सा हैं पर दिखती है उन आँखों को जिसमें लालसा हो सिर्फ़ सृजन करने की, वो जानती है किन आँखो में बसना है। उन्हें लोभ नहीं होता कि कोई उन्हें प्यार करे। सबसे गहरी कविताएँ कतार में सबसे पीछे मिलती हैं। वहाँ तक जाना आध्यात्मिक क्रिया है। ⠀

/ तरुण पाण्डेय

Comments

Popular Posts