चुप्पी
चुप रहने का अपना एक अलग मज़ा है। जब आप चुप रहते हैं तो ज़ियादा अच्छे से चीज़ों को सुन सकते हैं, महसूस कर सकते हैं और चीज़ों को समझने की आपकी क्षमता भी कई गुणा अधिक बढ़ जाती है। पहले जब ज़ियादा बोला करता तो अनसुनी बातें नहीं सुना करता था लेकिन जैसे जैसे चुप होता गया अनसुनी बातें भी समझ आने लगीं। हम बहुत बार सामने वालों से ऐसे मिलते हैं जैसे उन्हें सदियों से जानते हैं - दिल की हर बात बता देना चाहते हैं बिना कोई पर्दा रखे लेकिन यहीं ग़लती कर बैठते हैं।
मुझे मेरे एक दोस्त ने बहुत ख़ूबसूरत बात कही और वो मेरे दिल को छू गयी। उसने कहा कि किसी की ज़िन्दगी में ख़ुद की अहमियत देखनी हो तो बस इतना देखो कि उसके और तुम्हारे टेक्स्ट का या बातों का अनुपात कितना है। तुम्हारी बातों का उनपर क्या असर होता है और समझ जाओ तुम्हें उनसे कितनी और किस स्तर की बातें करनी हैं। उसने बताया कि लोग कहते हैं तुम ख़ुद की बहुत तारीफ़ करते हो और हँस कर कहा कि लोग तुम्हें जानते ही कितना हैं। मैं मुस्कुरा कर बस इतना कह पाया कि सच है मैं दूसरों को जानता ही कितना हूँ कि उनकी तारीफ़ कर सकूँ।
चुप रहने का सबसे बड़ा फ़ायदा तो यह हुआ कि लोगों के प्रति निकृष्टता कम हुई और बातों के परे उनके व्यवहार को परखने का सिलसिला शुरू हुआ। जब लोगों की बातों को नज़रंदाज़ कर उन्हें मन की आँखों से देखना शुरू किया तो समझ आया कि कौन अपना है और कौन पराया। छोटी छोटी बारीकियाँ दिखने लगीं, परिणामस्वरूप शिकायतें ख़त्म हो गईं। शिकायत आप सिर्फ़ और सिर्फ़ अपनों से करते हैं। शिकायत की सबसे ख़ूबसूरत बात ये है कि ये अजनबियों से नहीं की जाती। जब तक रिश्ता कायम है तब तक आप शिकायत करते हैं, लड़ते हैं और जिस दिन आपके दिल में किसी के प्रति स्नेह ख़त्म हो जाता है उस दिन ख़त्म हो जाती हैं शिकायतें।
जैनेंद्र कुमार की एक बहुत ख़ूबसूरत कहानी है जिसमें वो बताते हैं कि अपनापन क्या होता है। एक सिपाही एक लंबी जंग फ़तेह कर अपने घर वापस जा रहा होता है। रात में एक जगह विश्राम करता है और तभी उसे एक नन्हें शिशु की रोने की आवाज़ सुनाई देती है। उसकी आँखों में ख़ून उतर आता है कि उसकी निंद्रा में ख़लल किसने डाला और वो अपने शयनकक्ष से निकल कर आगबबूला होते हुए उन्हें ( बच्चे और उसकी माँ ) धक्के मार कर भगाने का आदेश देता है। अनन्त जब औरत बच्चे को लेकर उसके समक्ष पेश होती है तो उसके होश उड़ जाते हैं, पैरों तले ज़मीन खिसक जाती है क्योंकि वो कोई ओर नहीं ख़ुद उसकी अपनी पत्नी और उसका अपना बच्चा होता है। वो तुरन्त उन्हें गले से लगा लेता है। इस कहानी से हमें अपनेपन का बोध होता है कि अपनों के प्रति हमारा रवैया कैसे बदल जाता है। हमें दूसरों का रोना चिल्लाना बिलखना बुरा लगता है और अपनों द्वारा वही क्रिया जब की जाती है तो हम उसके पीछे का कारण समझने का प्रयास करते हैं।
जब यह लिख रहा हूँ तो श्रीयांश का कहा हुआ एक शेर मेरे दिलों दिमाग़ में घूम रहा है कि " वो लड़का जो मयस्सर था सभी को, वो लड़का मर गया वो अब नहीं है " ।
मैं उन लोगों से तुरंत दूर हो जाता हूँ जो मुझे प्यार नहीं कर सकते हैं। मुझे रिश्तों में सरलता और सहजता बहुत पसंद है और उससे भी अधिक पसंद है अपना और दूसरों का आत्मसम्मान। हम किसी को यह नहीं कहते हैं कि हम तुम्हें बाँधना चाहते हैं या तुमसे बँध कर रहेंगे हम बस बँध जाते हैं। मैं जितने लोगों से दूर हुआ उसकी वजह उनके प्रति नफ़रत नहीं है बल्कि ख़ुद से प्यार कर सकने की पहली सीढ़ी है। हर उस इंसान की तस्वीर मेरे आँखों के सामने है जिनसे शिकायत ख़त्म हो गयी, जो मुझसे प्यार न कर सके। काम की तारीफ़ करना प्यार करने का पर्याय नहीं हो सकता और ये मैं बहुत पहले समझ चुका हूँ। मैं अब अपनों को पहचानने लगा हूँ ख़ुद से प्यार करने लगा हूँ।
/ तरुण पाण्डेय

Comments
Post a Comment