सामान्य लोग


जैसे जैसे समय बीतता जाता है वैसे वैसे लोगों द्वारा ख़ुद को महान, अच्छा, सर्वश्रेष्ठ कहलाने की इच्छा भी दम तोड़ती नज़र आती है। इंसान जवानी में उन्माद भरा नद होता है जो पहाड़ों को काट कर ख़ुद के लिए रास्ता बना लेता है। जो ख़ुद की वाह वाही के किस्से चटकारे लेते हुए सुनता है और अभिमान से भर जाता है। लेकिन ढलती उम्र के साथ जोश पर बुद्धि का पर्दा गिरता है, ज्ञान की इन्द्रियाँ खुलती हैं, विवेक का साथ मिलता है। इस अवस्था में वो गहरे नद सा सतह पर शांत नज़र आता है लेकिन उसकी गहराई का पता लगाना नामुमकिन होता है। कुछ ऐसा ही हुआ है उसके साथ। उसे अब लोगों से फ़र्क़ पड़ना बंद हो गया है। सारा दिन किताबों में ख़ुद को झोंक देने के बाद वो पहले से अधिक परिपक्व हो गया है। आग में जल कर सोना  कुंदन बन चुका है। 

यह ऐसा वक़्त है जब दूसरे को सुधारने या कह लें दूसरों पर समय ख़र्च करना वो बंद कर चुका है। 

वो सिस्टम से हार चुका है । उसे मालूम है अब सिर्फ़ अच्छे काम को अच्छा नहीं कहा जायेगा बल्कि विख्यात होने को महान बताया जाने लगेगा। अब चेहरे देख कर काम की तारीफ़ें पहले से ज़ियादा होंगीं और तारीफ़ का एक पैमाना लोगों से आपकी नज़दीकियां होंगीं। अच्छे काम की दुहाई देने वालों को भी अच्छे और बुरे काम के बीच कोई फ़र्क़ नज़र नहीं आएगा। अब दो ही चीज़े बाज़ार में रहेंगीं - बहुत उच्च श्रेणी की कला या फिर बहुत निम्न कोटि का काम। औसत दर्ज़े का काम बाज़ार से विलुप्त हो जाएगा क्योंकि वो उठ कर एक दिन में श्रेष्ठ नहीं बन पाएगा और न ही किसी विख्यात हो चुके नाम के चरणों में अपनी पगड़ी रख पायेगा। 

धीरे धीरे औसत या सामान्य लोग विलुप्त हो जायेंगे। क्रमागत उन्नति की सीढ़ी चढ़ते हुए सबसे पहले ख़त्म होंगे सामान्य लोग जो हाथ नहीं फैला सकेंगे, जो भीख नहीं माँग पाएँगे, जिन्हें सराहनीय कार्य के लिए धन्यवाद नहीं दिया जाएगा। जिन्हें फ़ॉर ग्रांटेड ले लिया जाएगा और धकेल दिया जाएगा नरक की ओर और जिनके हिस्से लिख दी जाएँगी दर दर की ठोकरें। इस सामान्य वर्ग के ख़त्म होने के बाद उच्च श्रेणी की कला ख़ुद विलुप्त हो जाएगी क्योंकि उन्हें समझने वाले, परखने वाले और महान बताने वाले सामान्य वर्ग के लोग पृथ्वी को त्याग जा चुके होंगे किसी दूसरी दुनिया में। जहाँ ऑडिएंस की क़ीमत समझी जायेगी, जहाँ अच्छे काम की प्रशंसा करने वालों को कमज़ोर या चूतिया जैसे शब्दों से नहीं नवाज़ा जाएगा और जहाँ चापलूसों और इल्मी लोगों का फ़र्क़ सभी को साफ़ साफ़ नज़र आएगा। एक राजा महान राजा कैसे बनता है जब उसकी प्रजा ख़ुश रहती है और उसके मंत्री होशियार और सच कहने वाले होते हैं। उस नई दुनिया में राजा, मंत्री, चोर, सिपाही के खेल के माध्यम से जीवन का सार समझाया जाएगा और हर कोई कला को उतनी इज़्ज़त देगा जितनी दी जानी चाहिए। 

इस दुनिया से दो वर्ग ख़त्म हो जायेंगे सामान्य वर्ग और उच्च कोटि के काम करने वाले लोग जो किसी भी वर्ग से हों और हर तरफ़ दिखेंगे लिविंग फॉसिल। उसे अच्छी तरह मालूम है कि लिविंग फॉसिल कभी नहीं बदलते और हर तरह के प्रलय को झेल सकने में माहिर होते हैं। इनका सबसे अच्छा उदाहरण है तिलचट्टा जिसका कला से कोई लेना देना नहीं है। लेकिन जिसे ख़त्म नहीं किया जा सकता है। ऐसे लोगों से दुनिया भर जाएगी। ऐसे लोगों से दुनिया भरने लगी है। 

अब उसे संदेह हो रहा है कि ढलती उम्र के साथ जोश पर बुद्धि का पर्दा गिरता है, ज्ञान की इन्द्रियाँ खुलती हैं, विवेक का साथ मिलता है या फिर अब कला में व्यापार की अधिकता देखते हुए बहुत से अच्छे कलाकार बाज़ार से दूर जाने लगते हैं। वे कला को ज़िंदा रखते हैं अपनी डायरी में, अपने रिकॉर्ड किये हुए गानों में, अपनी बनाई पैंटिंग में, अपनी खींची हुई तस्वीरों में और चैन की नींद सो जाते हैं इस आस में कि दुसरी दुनिया के सामान्य लोग उसे कभी ढूँढ़ निकालेंगे और दुनिया के सामने लाएँगे। उन्हें विश्वास होता है कि कला की उम्र, कलाकार की उम्र से ज़्यादा होती है। 

• इस लेख में तीन वर्ग का ज़िक्र है - उच्च कोटि का काम एक वर्ग है, औसत कोटि का काम दूसरा वर्ग और निम्न कोटि का काम तीसरा वर्ग। 

/ तरुण पाण्डेय

Comments

Popular Posts