अच्छा क्राफ़्ट
दुनिया जिस तरह से काम कर रही है, जिस नियम का पालन कर रही है उसे समझने का प्रयास भूल कर भी नहीं करना वरना किसी पागलखाने में नज़र आओगे। इस दुनिया में सरलता का गला घोंट कर उसे किसी पँखे से लटका दिया गया है और कोरे कागज़ पर बड़ी सफ़ाई से लिख दिया गया है कि यह आत्महत्या है। चलिये मान लिया आत्महत्या है लेकिन उसके पीछे के कारणों का पता लगाना भी तो ज़रूरी है। आप नहीं जानते हैं लेकिन हर चेहरे के पीछे सौ चेहरे छिपे होते हैं और दुनिया क्या देखना चाहती है "हँसता हुआ ये तेरा नूरानी चेहरा"। क्यों काले और भद्दे चेहरों को देखते ही सब अपनी भौंह सिकोड़ लेते हैं और उनसे उम्मीद की जाती है कि वे आगे चल कर सफ़ल बनेंगे। उनसे प्यार करने की यह पहली शर्त है उनकी कामयाबी।
ये तो सच है कि दुनिया पागलों ने ही बचाई है
समझदारों के चुप रहने से कितना कुछ उजड़ता है
कान को बंद कर लीजिए और चलिए अपने ख़्वाबों के पीछे। चलते रहिये बिना रुके। दुनिया में ऐसे अनेक लोग हैं जिन्हें पागल कहा गया लेकिन इन्हीं पागलों ने दुनिया को बहुत कुछ दिया भी। वरदराज संस्कृत व्याकरण के महापण्डित थे। वे महापण्डित भट्टोजि दीक्षित के शिष्य थे। भट्टोजि दीक्षित की सिद्धान्तकौमुदी पर आधारित उन्होने तीन ग्रन्थ रचे: मध्यसिद्धान्तकौमुदी, लघुसिद्धान्तकौमुदी तथा सारकौमुदी। लेकिन यही वरदराज बचपन में जग के लिए हँसी के पात्र थे। इन्हें कुछ याद नहीं रहता था पढ़ाई लिखाई में बहुत कमज़ोर थे। यह कहना सही होगा वे ध्यान लगा कर स्थिर मन से एक जगह नहीं बैठ पाते थे लेकिन आज उनका नाम कौन नहीं जानता। कितने ही बच्चों को उनकी कहानी सुनाई जाती है और कितने ही लोग उनसे प्रेरणा लेकर कुछ कर दिखाते हैं। उनके जीवन पर एक दोहा कितना लोकप्रिय हुआ -
करत करत अभ्यास के जड़मति होत सुजान
रस्सी आवत जात के सिल पर परत निशान ।
दुनिया ऐसे उदाहरणों से भरी पड़ी है जहाँ मूर्ख कहलाने वाले, कमज़ोर कहे जाने वाले, अकेले पड़े रहने वाले, हँसी के पात्र बनने वाले, समुदाय से निकाल कर फेंक दिए जाने वाले लोगों ने इतिहास रच दिया है। उन्हें सिर्फ़ एक चीज़ से प्रेम था - अपने ख़्वाब से, अपने काम से। वे कभी बाहरी शोर से विचलित होकर हिम्मत नहीं हारे। उन्होंने अपने कानों को हिदायत दी हुई थी कि बस काम की बातें सुनना। वे अपनी ग़लतियों से सीखते हुए निरंतर आगे बढ़ते रहते थे।
जिस दिन आप कामयाब हो जायेंगे उस दिन दुनिया आप को गले लगाना चाहेगी। बुलंदी दुश्मनी को भी दोस्ती में तब्दील कर देती है। इसकी हवा ही कुछ निराली होती है। उसे नज़रंदाज़ नहीं किया जा सकता है। अच्छा क्राफ़्ट, काम या लेखनी वो है जिसे देख कर आप को लगे कि काश इसे रचने वाला मैं होता। अच्छा क्राफ़्ट लोगों को अपने पास बुला लेता है - देर सवेर उसकी सुगंध चार सू फैल जाती है, वो अदू से भी तालियाँ हासिल कर सकने में सक्षम होता है और वो सरहदों को पार कर जाता है। अच्छा क्राफ़्ट बढ़ते उम्र के साथ बूढ़ा नहीं होता। उसकी सबसे बड़ी उपलब्धि ये होती है कि भले लोग उसकी तारीफ़ न कर पायें मगर उसे लोग पढ़ते हैं, उससे सीखते हैं। अच्छे क्राफ़्ट को नज़रंदाज नहीं किया जा सकता है।
लियोनेल मेसी, रॉजर फ़ेडरर, सचिन तेंदुलकर, शाहरुख ख़ान, एम० एफ० हुसैन, प्रवीण तांबे इड्यादी लोगों को आप सिर्फ़ और सिर्फ़ उनके क्राफ़्ट के कारण जानते हैं। अपने काम के प्रति सच्ची श्रद्धा से समर्पित लोगों ने लगन, मेहनत, और पागलपन से ख़ुद की एक नई पहचान स्थापित की है दुनिया में। मैं अपने जीवनकाल में एक ऐसी रचना गढ़ना चाहता हूँ जिसे अच्छा क्राफ़्ट कह सकूँ। जिसे दुनिया याद रखे।
/ तरुण पाण्डेय

Comments
Post a Comment