नफ़रत
जब कभी बात इल्म और भावनात्मकता पर आकर ठहरती है तो भाव प्रधान लेख लोगों पर गहरा छाप छोड़ जाते हैं। इल्म का अपना एक अलग महत्व है लेकिन भावनाओं के सैलाब को बाँधे रखने वाला बांध हर मनुष्य पर असरदार सिद्ध नहीं होता है। हर कोई अपने मन के घोड़ों पर लगाम नहीं लगा पाता है। प्यार और नफ़रत ऐसी तीव्र भावनाएँ हैं जिनके जाल में बड़े से बड़े ज्ञानी फँस जाते हैं।
मैं प्यार और नफ़रत दोनों ही महसूस कर पाता हूँ। मुझे कुछ लोगों से इतनी नफ़रत है कि उन्हें देख कर ख़ून जल जाता है, सर की भौहें तन जाती हैं, आँखों में ख़ून उतर आता है और मुँह से अनायास ही अशब्द निकल आते हैं। जिनसे हम प्रेम करते हैं उनकी तारीफ़ करते नहीं थकते लेकिन जिनसे नफ़रत करते हैं उनकी बुराई करने की सहूलियत भी न मिले तो अजीब लगता है। जिनसे नफ़रत है उनसे मन की इतनी अधिक दूरी बन चुकी है जिसे पाटने के लिए किसी भी तरह का प्रयत्न करना बंजर धरती पर हल चलाने जैसा है। हर कोई यह कहता नज़र आता है कि जब प्यार किया तो डरना क्या ! मैं पूछता हूँ जब नफ़रत हो जाये तब कैसे और किस तरह के क़दम उठाने चाहिये। नफ़रत कब और कैसे किसी पर हावी होती है इसका अध्ययन तो मैंने नहीं किया पर मुझे लगता है ( मेरी मनगढ़ंत राय यह है ) नफ़रत दिल में धीरे धीरे सुलगती, पकती और कई दिनों बाद अचानक एक दिन कैंसर के रूप में प्रकट होती।
नफ़रत करने के कई कारण होते हैं जैसे समय पर मेहनताना नहीं मिलना, ख़ुद से कम जानकार को निरंतर आगे बढ़ते हुए देखना और कभी कभी किसी व्यक्ति विशेष के चेहरे को देखने भर से जलन के कारण आग बबूला हो जाना। कभी कभी सोचता हूँ कि नफ़रत करना बुरी शय है या झूठ बोलना इसी द्वंद में फँस कर रह जाना लिखा है क्या मेरे नसीब में? आप कहते हैं कि झूठ बोलना पाप है और नफ़रत करना समय बर्बाद करने का पर्याय है। मैं नफ़रत उसी तरह खुल कर करना चाहता हूँ जिस तरह खुल कर प्रेम करता हूँ ।
दोनों ही भावनाएँ मेरे मन में समाहित हैं। दोनों ही भावनाएँ इंसान को अँधा कर सखने में सक्षम हैं। मैं नफ़रत करने और झूठ बोलने में नफ़रत करने को चुनता हूँ क्योंकि जो हम नहीं हैं वो दिखाने का ढोंग करना पाप है। बहुत से लोग बहुत बुरे हैं - वे अवसरवादी हैं, उनकी बोली में कोयल की मिठास है, उनमें भारी मात्रा में ज्ञान, सहनशीलता, गंभीरता जैसे गुण नज़र आते हैं जिसे एक रद्दी कॉपी के ऊपर ख़ूबसूरत कवर की तरह बारीक़ तरीक़े से चढ़ाया गया होता है और उधार की तारीफ़ों से सजाया गया होता है। ऐसे कुछ लोग हैं जिन्हें आप ज्ञानी समझते हैं, लेखक समझते हैं, हिंदी को नई दिशा देने वाले कल के लेखकों में जिनका नाम शुमार करते हैं मैं उनसे बस नफ़रत करता हूँ क्योंकि वे ढोंग कर रहे होते हैं।
आपके महान और सुप्रसिद्व लेखक / लेखिकाएँ आजकल लिखने से तौबा कर चले हैं। उन्हें हर हफ़्ते एक नई किताब की तस्वीर लोगों के समक्ष रखनी होती है जिससे वे विद्वान या विदुषी नज़र आएं। वे नुक़्ता, भाषा, व्याकरण, इतिहास की बलि चढ़ा कर प्यार की चाशनी में कलम डुबाये लिखे चले जा रहे हैं। उन्हें बस और बस तारीफ़ करने वाले लोग पसंद आते हैं और उन्हें उन आलोचकों से नफ़रत है जो उन्हें ट्रोल किये बिना सही मार्ग दिखा सकते हैं। नफ़रत करना एक भारी इन्वेस्टमेंट हैं और मैं इससे बचने की पूरी कोशिश करता हूँ लेकिन चलते चलते अगर कभी उनका नाम, चेहरा, काम दिख जाता है तो उन्हें मन में एक गाली ज़रूर देता हूँ और अपने प्रिय मित्रों से उनकी निंदा किये बिना या उपहास उड़ाए बिना नहीं रह पाता हूँ।
मैं ज्ञानी होने का दावा नहीं करता। जिस प्रकार एक भावनात्मक लेख लोगों पर बहुत गहरा असर छोड़ देने में सक्षम है उसी प्रकार मेरी यह दोनों भावनाएँ मुझ पर और मेरे इल्म पर हावी हो सकने में सक्षम हैं।
/ तरुण पाण्डेय

Comments
Post a Comment