मेरे हीरो
आप में से कुछ लोग कहते हैं कि लिखते वक़्त आसान शब्दों का चयन करिये। कुछ लोगों को मेरे द्वारा लिखा गया गद्य समझ नहीं आता। कुछ लोग यूँ ही आकर कहते हैं कि आप का लेखन इस मंच ( इंस्टाग्राम ) के लिए नहीं बना है-यहाँ से जुड़े लोग साहित्य की समझ नहीं रखते हैं सब कुछ अल्गोरिदम के हवाले से चलता है। मैं कहता हूँ कि आप सभी की सब बात सच है लेकिन यह बातें हमेशा सच नहीं रहेंगीं। यह मंच मुझे पूर्ण रूप से स्वतंत्रता प्रदान करता है कि मैं इस तस्वीर को बदलने का प्रयास करूँ। जहाँ लगातार बहुत से लिखने वाले अपनी लेखनी लोगों के समक्ष प्रस्तुत कर रहे हैं और इस दौड़ में शामिल हैं तो मैं भी अपने विचार सभी तक ले जा सकूँ यह उम्मीद करता हूँ। मेरी इच्छा किसी को रास्ता दिखाने या सही ग़लत का पाठ पढ़ाने की नहीं है। हर इंसान में एक आईना होता है और सही ग़लत की परख सब कर सकते हैं। मैं बस वो लिखता रहना चाहता हूँ जिससे मुझे ख़ुशी महसूस होती है। उन किताबों का ज़िक्र करते रहना चाहता हूँ जिन्हें पढ़ते हुए बड़ा हुआ हूँ। आप सब अपने युवावस्था ( २० से ३० ) तक कि उम्र में मानव, सत्यव्यास, दिव्याप्रकाशदूबे, बाबुषा कोहली और कुछ हद तक निर्मल वर्मा और विनोद कुमार शुक्ल को पढ़ते हुए आगे बढ़ रहें हैं और उन्हें अपना हीरो मानते हैं क्योंकि वे अभी सक्रिय हैं।
मैंने भी उस अवस्था ( २० से ३० तक की उम्र )में जिन्हें पढ़ा उन्हें अपना हीरो मान बैठा। सोशल मीडिया के पूर्व नई वाली हिंदी लिखने वाले उपन्यासकार प्रचलित नहीं थे। हमने तो बस एक नाम सुना था चेतन भगत जिनकी किताबें स्कूल बस की आख़िरी सीट पर बैठ कर दोस्तों संग पढ़ते थे। हिंदी साहित्यकारों में उन दिनों राजेन्द्र यादव बहुत विवाद में रहते थे तो उनकी रचनाओं की तरफ़ ध्यान जाना स्वभाविक था। हिंदी के कवि सम्मेलन या उर्दू के मुशायरे राहत इंदौरी, वसीम बरेलवी, नीरज, अशोक वाजपेयी, डॉ हरिओम पवार, मुनव्वर राणा, कुँवर बैचैन के बिना अधूरी जान पड़ती थी। कॉलेज के दिनों में कोई दीवाना कहता है कोई पागल समझता है जब पहली दफ़ा सुना तो एक से दो हफ़्ते लगे यह पता करने में कि इसे स्वरबद्ध गाने वाला कोई गायक नहीं बल्कि एक युवा कवि है।
सन २००० के बाद की बात करें तो उस समय जिन उपन्यासों का बोल बाला रहा उनमें भीष्म साहनी द्वारा लिखित - नीलू नीलिमा नीलोफर, नरेंद्र कोहली द्वारा लिखित निर्देश, हिडिम्बा, कुंती, प्रसार इत्यादि शामिल थे। हमारे लिए नरेंद्र कोहली एक बहुत बड़ा नाम था क्योंकि अखबारों में उनके लिखे कॉलम आते रहते थे और उनकी लिखी तोड़ो कारा तोड़ो जो कि स्वामी विवेकानंद जी के जीवन पर आधारित है हम सब के लिए एक महान कृति रही थी। फिर काशीनाथ सिंह द्वारा लिखित उपन्यास काशी का अस्सी, महुआ चरित और उपसंहार का नाम हमेशा चर्चा का विषय बना रहा। उस समय के सबसे प्रमुख उपन्यासकारों में दो नाम शामिल हैं कमलेश्वर और मोहन राकेश। यह दोनों नाम हमारे लिए उपन्यासकारों में बहुत बड़े नाम बन कर उभरे हैं। कमलेश्वर की कितने पाकिस्तान साहित्य अकादमी से पुरस्कृत किताब थी तो मोहन राकेश द्वारा लिखित अंधेरे बन्द कमरे और लहरों के राजहंस का जादू सर चढ़ कर बोलता था। अगर आप ९० के दशक की पैदाइश हैं और साहित्य में तनिक भी रुचि लेते हैं तो मनोहर श्याम जोशी से ख़ुद को अलग नहीं कर पायेंगे। उन दिनों उनकी लिखी टा-टा प्रोफेसर और कौन हूँ मैं मार्केट में लॉन्च हुई थी। आंचलिक उपन्यासों में उन्होंने मैला आँचल से सबक़ लेकर कसप को लिख कर सब को हैरान कर दिया था और नेशनल टेलीविज़न के कितने ही शो के लेखक रहे थे। बुनियाद और हम लोग जैसे इन धारावाहिकों का जो क्रेज़ रहा है, उसे याद किया जाए तो आज के सास-बहू और तरह-तरह के मसाला धारावाहिकों का क़द उनके आगे बहुत बौना जान पड़ता है। उन्हें टीवी धारावाहिकों के भीष्म पितामह के नाम से भी नवाज़ा गया है।
हमारे हीरो आपके हीरो से अलग रहें हैं। हमारे हीरो हमसे जिन जिन किताबों की बात करते हम उन्हें ढूंढ कर पढ़ लेते। आप जिस तरह अपने हीरो की सराहना करते हैं ठीक उसी तरह हम अपने हीरो की सराहना करते हैं। इसमें कहीं से कुछ भी ग़लत नहीं है। साहित्य को राजनीति से कभी अलग नहीं किया जा सकता है। हर साहित्यकार अपने समय को पन्नों में उतार कर हमेशा के लिए इतिहास में उसे अमर कर देता है। हम कुछ नाम तो पढ़ लेते हैं लेकिन हर उस नाम को भूल जाते हैं जिनका प्रचार नहीं हुआ। मेरे हीरो थोड़े गुमनाम हैं मगर कमाल हैं।
मुझे इस बात का मलाल है कि एक पूरी पीढ़ी हृदयेश द्वारा रचित चार दरवेश और किस्सा हवेली से वंचित रह जायेगी। कब हम इस सोशल मीडिया के चलने वाले नामों में ज्ञानप्रकाश विवेक, मुद्राराक्षस, यादवेंद्र शर्मा चन्द्र जैसे लोगों को जोड़ पायेंगे। यह काम हम ८० और ९० के दशक के लोगों का है। हमारे हीरो कल भी रेलेवन्ट थे और आज भी हैं। बस उनका प्रचार थोड़ कम हुआ है क्योंकि उनसे जुड़ने से अब किसी तरह का लाभ नहीं दिखता चाहे वो आर्थिक लाभ हो या सामाजिक लाभ।
/ तरुण पाण्डेय

Comments
Post a Comment