बाज़ार


साहित्य जगत में बाज़ार का प्रवेश करना उसकी आत्मा के साथ बाहरी तत्व मिलाने जैसा है। साहित्य और बाज़ार दोनों समकक्ष नहीं रह सकते हैं। चुनाव करना होगा और चुनाव किया जा चुका है। मंच बिक चुके हैं, बाज़ार गर्मा चुका है, नामी हस्तियों को चुन चुन कर क़ाबिल हस्तियों से बदला जा रहा है। क़ाबिलियत आपको पहले सफ़ में अब जगह नहीं दिला सकती है। आप लाख क़ाबिल हों आप को निर्धारित बाज़ारों के पैमानों पर खरा उतरना ही होगा। 

आपको एक बहुत सरल और सीधा उदहारण देता हूँ। आप सब ३ अप्रैल की तारीख़ अपने ज़हन में तरो ताज़ा कर लें।  बीते दिनों मन्नू भंडारी और निर्मल वर्मा का जन्मदिवस बीता। यह लिखते हुए एक बात साफ़ ढंग से बिना किसी लाग लपेट के बता देना चाहता हूँ कि निर्मल वर्मा और मन्नू भंडारी के बीच किसी तरह की तुलना करना इस लेख का मुख्य उद्देश्य नहीं है। बात है सोशल मीडिया पर हर उस हिंदी प्रेमी के अंतर्मन में झाँकने की जिसने निर्मल वर्मा के उपन्यासों को तो अकूत सराहा, पलकों पर बैठाया, और उसे पढ़ने को लेकर उत्सुकता दिखाई लेकिन मन्नू भंडारी के उपन्यासों में आज तक सिर्फ़ दो उपन्यास ही दिखते हैं आपका बंटी और महाभोज। हिंदी को लेकर प्रेम या हर किसी के सामने ख़ुद को सर्वोच्च स्तिथि में रखने का नैतिक दबाव आपके हिंदी प्रेम पर हावी हो रहा है इसका निर्णय आपको ही लेना होगा। 

हिंदी प्रेमियों ने क्यों हिंदी पुस्तकें सामने लाने का कार्य नहीं किया। यह सवाल मेरा हर उस पाठक से है जो ख़ुद को हिंदी साहित्य में योगदान देने वाला समझता है, जो हिंदी पढ़ने में विश्वास रखता है और जिसका प्रेम आकस्मिक या कृत्रिम नहीं है। देखिए निर्मल वर्मा से आप सभी का परिचय होना गर्व की बात है। वे हिंदी जगत में अपने तरह के विरले साहित्यकार हैं लेकिन उनसे आपका संयोचन क्यों और किस कारण हुआ यह गौर करने वाली बात है। आप निर्मल वर्मा को क्यों पढ़ते हैं? क्योंकि वे मानव कौल के आदर्श हैं या फिर क्योंकि अगर आप ने निर्मल वर्मा को नहीं पढ़ा तो अपने साहित्यिक जगत के मित्र मंडली में नीची निग़ाहों से देखे जायेंगे। 

यहाँ बाज़ार गरमाया हुआ है और निर्मल वर्मा का नाम हर एक की ज़ुबान पर है। चलो अच्छा हुआ कम से कम इसका एक फ़ायदा यह हुआ कि किसी अच्छे साहित्यकार को एक ऐसा मंच मिला कि हर कोई उन्हें पढ़ने को उत्सुक है। अब ज़रा सोचिए अगर यह मंच निर्मल वर्मा से परे किसी ऐसे लिखने वाले के सुपुर्द कर दिया जाए जिससे हिंदी के दो शब्द न लिखे जायें, जो सामान्य बोल चाल की भाषा को हिंदी गद्य का पर्याय बना दे और जिसके लाखों और करोड़ों में अनुसरण करने वाले अनुयायी मौजूद हों। आज साहित्य जगत में यह ख़तरा पहले से अधिक विस्तृत हो चला है और दुख की बात तो यह है कि इसकी अगुवाई करने वाले लोग साहित्यिक जगत के ही कर्त्ता धर्ता हैं। 

मैं एक पाठक हूँ और यह काम मेरा है कि मैं हिंदी जगत में हर उस कृति को सम्मान दूँ जो हिंदी लेखन शैली के साथ न्याय करता जा रहा है। हिंदी उपन्यासों में जब जब यथार्थ चित्रण का ज़िक्र होगा तब तब शरत् के 'चरित्रहीन' से किरणमयी के किरदार का नाम लिया जायेगा, प्रेमचंद के रंगभूमि से सूरदास के किरदार का नाम लिया जायेगा और इसी श्रृंखला में रखे जायेंगे मन्नू भंडारी द्वारा कृत उपन्यास महाभोज के किरदार बिसेसर।
 
अगले साल जब ३ अप्रैल आये तो कोई ज़िक्र करें मन्नू भंडारी का भी। उनकी लिखी कहानियों पर भी चर्चा हो। नयी कहानी अभियान और हिंदी साहित्यिक अभियान के समय में लेखक निर्मल वर्मा, राजेंद्र यादव, भीषम साहनी, कमलेश्वर इत्यादि ने उन्हें अभियान की सबसे प्रसिद्ध लेखिका बताया था। उनके लेख हमेशा लैंगिक असमानता और वर्गीय असमानता और आर्थिक असमानता पर आधारित होते थे। राजेंद्र यादव मन्नू के लेखन के बारे में कहते हैं :-“व्यर्थ के भावोच्छवास में नारी के आंचल में दूध और आंखों में पानी दिखा कर उसने (मन्नू ने )पाठकों की दया नहीं वसूली, वह यथार्थ के धरातल पर नारी का नारी की दृष्टि से अंकन करती है।

यह परिवर्तन लाना अब पाठकों के हाथ में है। लिखने वालों से अधिक ताक़त पढ़ने वालों में होती है। सत्ता, साहित्य और सिनेमा वैसे ही होते हैं जैसे उनका उपभोग करने वालों का मानसिक स्तर होता है। 

/ तरुण पाण्डेय

Comments

Popular Posts