किताबें क्यों नहीं छपवा लेते ?


किताबें क्यों नहीं छपवा लेते ? इससे वाहियात सवाल कुछ नहीं। 

आजकल सब कुछ कमर्शियल होता जा रहा है। साहित्य भी इससे अनछुआ नहीं है। महँगाई सर पर चढ़ कर तांडव कर रही है और ऐसे में एक लेखक या लेखिका अपनी आजीविका कैसे चलाये ? साहित्य को कमर्शियल किया जाना चाहिए इसके पक्ष में मैं हमेशा रहूँगा क्योंकि एक लेखक या लेखिका को पूरा हक है कि वे भी महँगी कार में घूमे और एक आलीशान घर के मालिक हों। मगर साहित्य ही एकमात्र ऐसा व्यवसाय है जहाँ सरस्वती की कद्र किये बिना लक्ष्मी नहीं आ सकती हैं। यहाँ कामयाबी का पैमाना पैसा नहीं है बल्कि पीढ़ी दर पीढ़ी नाम का ज़िंदा रह जाना ही कामयाबी है। 

मैं दिल से कहता हूँ जितने लोगों ने आज कल किताबें लिख दी हैं उनकी लिखी किताबें आज से दस साल बाद किसी रद्दी में पड़ी होगी और उसे पलट कर देखने वाला कोई नहीं होगा और इसके विपरीत कहीं किसी रद्दी में पड़ी कोई किताब स्थान बना चुकी होगी लोगों के दिलों में और समय की कसौटी पर अव्वल स्थान पा चुकी होगी। आप को कोई हक नहीं है कि आप बिना १०० किताबें पढ़ें एक किताब का निर्माण कर दें। पढ़ाई एक ऐसा ईंधन है जिसके बिना लेखनी नेशनल हाईवे पर नहीं चल सकती है। बिना ईंधन के लिखी गईं किताबों के पन्ने सिर्फ़ नाश्ते में जलेबी रखने के काम आ सकते हैं।

दिल के ज़ज़्बातों को किताब का रूप दे कर उसे लोगों तक ले जाना कभी आपको लेखक नहीं बना सकता। लेखक या लेखिका होना एक ऐसा काम है जहाँ आपको अपने ही जीवन काल में नहीं बल्कि आने वाले २०० साल तक प्रासंगिक होना होगा। साहित्य में प्रेमचंद से लेकर निर्मल वर्मा तक, फुटबॉल में पेले से लेकर लियोनेल मेस्सी तक, हिंदी फ़िल्म जगत में राजेश खन्ना से लेकर कर शाहरुख़ ख़ान तक हर जगह यह महान कहे जाने वाले नामों में एक बात सामान्य है - इनका हर समय प्रासंगिक होना। इनसे हर आयु के लोग समान तरह से प्रेम करते हैं और ख़ुद का एक हिस्सा इनमे तलाश कर पाते हैं। 

इस कारण जितने भी नए पब्लिशिंग हाउस आज सक्रिय हैं उन्हें लेखकों और लेखिकाओं के सामने पहली शर्त यह रखनी चाहिए कि अपना मसौदा देने के पहले आप इस बात का परिचय दें कि आप कितने उच्च स्तर के पाठक हैं। आपने अपनी भाषा में जिसमें भी आप लिखते हैं और जिस विधा में लिखते हैं उसमें कितना अध्ययन किया है ? उसके बाद एक पढ़े लिखे निष्पक्ष लॉबी द्वारा उस ड्राफ़्ट को अच्छे से पढ़ने के बाद ही उसे किताब में तब्दील करने की अनुमति मिले। 

यहाँ यक़ीनन एक ऐसा परिणाम निकल कर सामने आएगा कि वो किताब लंबे अरसे तक बाज़ार में अपना वर्चस्व कायम कर पायेगी। अपने आप को इस क़ाबिल बनायें। हर रोज़ लिखें और निरन्त पढ़ते और लिखते रहें लेकिन अपनी लेखनी को किताब का रूप देने का काम न करें। न्यूज़पेपर में आर्टिकल्स लिखें, ब्लॉग लिखें और जब आप को लगे कि अब आप परिपक्व हो चुकें हैं तब अपना पहला क़दम बढ़ाएं किसी 
पब्लिशिंग हाउस की तरफ़। 

इंस्टाग्राम पर जितने भी लोगों ने किताब लिखी है वे जानते हैं कि एक दो नाम ही समय की कसौटी पर ख़ुद को साबित कर पायेंगे। बाक़ी कोई अभी साहित्यकार बना ही नहीं है क्योंकि वे न निरन्तर लिख रहें हैं और न ही निरन्तर पढ़ रहे हैं। 

/ तरुण पाण्डेय

Comments

Popular Posts