साहित्यिक दुनिया के हितैषियों
साहित्यिक दुनिया के हितैषियों , चौकीदारों और केअर टेक्र्स की एक बड़ी फ़ौज हाथों में डंडा लिए, ज़बान पर गालियों को सुशोभित किये सोशल मीडिया के गलियारों में स्वछन्द घूम रही है। वे भीड़ में, गुटों में रहते हैं और कब किस पर हमला बोल दें यह ख़ुद उन्हें भी नहीं पता होता। मुझे इस बात से कभी फ़र्क़ नहीं पड़ा कि कौन कैसे और किस तरह ख़ुद को ज्ञानी बता कर एक बड़े तबके को मूर्ख बना रहा है। किसी ने कविता सिखाने के लिए अपनी क्लासरूम खोल ली है तो किसी ने गद्य कैसे लिखा जाए इसपर पूरा एक हफ़्ते का कोर्स बना कर रुपए हत्याना शुरू कर दिया है। इस्लाह की परम्परा ग़ज़ल में है और वहाँ गुरु बह्र सिखाते हैं और अपने शिष्यों के लिखे अश'आर को एक बेहतर साँचे में ढालते हैं। वहाँ भी कोई यह दावा करता नज़र नहीं आता है कि यह यह शेर मेरा है और मैंने उसे लिखना सीखा दिया है। क्राफ़्ट सीखा जा सकता है और सिखाया जा सकता है लेकिन कैसे सोचना है, क्या लिखना है यह बातें किसी भी आर्टिस्ट के लिए बहुत व्यक्तिगत होती हैं। किसी भी क्राफ़्ट के नियम का पालन करते हुए अपनी बातों को प्रकट करना और उसे ऑडियन्स के समक्ष अतुलनीय ढंग से प्रस्तुत करना एक आर्टिस्ट की कल्पना शक्ति और अनुशासन का नतीजा है। गुरु एक माध्यम है जो उस क्राफ़्ट से शिष्य का परिचय करा कर उसे आगे बढ़ते देखता है और सदा प्रोत्साहित करता है कि वो निरंतर सीखता रहे। हिंदी के क्षेत्र में गुरु कम और व्यापारी ज़ियादा पैदा हो गए हैं। बात चुभने वाली है लेकिन सत्य है। मैं इस बात से बिल्कुल भी इत्तेफ़ाक नहीं रखता हूँ कि किसी को लिखना सिखाया जा सकता है और ख़ासकर हिंदी के क्षेत्र में गद्य, कविताएँ या कहानियाँ लिखना तो बिल्कुल नहीं। मनुष्य अपने निजी अनुभवों को इकठ्ठा करते हुए निरन्तर अपने पसंद की विधा पढ़ते हुए और लगातार अभ्यास करते हुए अपने लेखन में परिपक्व होता जाता है। आज के समय पहले से ज्यादा ज्ञानी पैदा हो गए हैं। हिंदी का बेड़ा गर्ग करने वालो में पहले सफ़ में वे लोग हैं जिन्हें लगता है कि हिंदी साहित्य ख़तरे में है और उसे नवजीवन देना का दुर्लभ कार्य उनके कांधों पर रखा जा चुका है। दूसरे सफ़ में वे लोग आते हैं जिन्हें लगता है कि हिंदी का प्रचार करने के लिए अच्छी किताबों को प्रमोट करने से ज़ियादा महत्वपूर्ण है ख़ुद की लिखी किताबों को मार्केट में लॉन्च कर उसे बेस्ट सेल्लिंग केटेगरी में जगह दिलाना। अंत में आते हैं वे लोग जिन्होंने कोई अध्यन नहीं किया है जिन्होंने स्नातक में हिंदी विषय का चयन तक नहीं किया है और बिना उसे पढ़े बिन डिग्री के लग गए उसका प्रचार प्रसार करने, सही ग़लत बताने, बिन उसकी बारीकियां जानें। आज ऐसा समय है कि हर कोई किताब लिख रहा है। किताब पढ़े बिना किताब लिख रहा है। पब्लिसिटी के लिए किताब लिख रहा है। नाम के आगे लेखक / लेखिका जुड़ जाए इस कारण किताब लिख रहा है। आने वाली पीढ़ियों को धरोहर के रूप में हम क्या दे कर जायेंगे - ऐसी किताबें जहाँ वर्तनी से जुड़ी अशुद्धियाँ होंगी, व्याकरण कहीं अधमरा पड़ा होगा, कहानी की सार्थकता शून्य के बराबर होगी, नए जाविये और नए दृष्टिकोण लगभग ग़ायब हो चुके होंगे लेकिन मेरे प्रिय फेमस और भारी फॉलोवर्स वाले दोस्तों भरी रहेगी किताबों से तुम्हारी अलमारी हमारी। लानत है ऐसी भीड़ पर जो ख़ुद को साहित्यकार दिखाने के प्रयास में किताब लिख रहे हैं जिसका कोई अनमोल योगदान हिंदी भाषा के क्षेत्र में या मातृभाषा के क्षेत्र में नहीं होगा।
साहित्यिक दुनिया के हितैषियों से अनुरोध है कि अगर आप भरी सभा में किसी के काम की बुराई करने को अपना हक समझते हैं तो जिस भाषा का आप दंभ भर रहे हैं उसकी गरीमा को समझते हुए अपनी बात शालीनता से रखें क्योंकि अगर साहित्यक समाज से आने पर भी आप अपने व्यवहार को सही नहीं रख सकते हैं तो आपको कोई हक नहीं है किसी को किसी तरह का ज्ञान देने का। दूसरा सही जगह टोकना और ग़लत बात पर टोकना सही है लेकिन इस बात का पूर्ण रूप से ख़्याल रहे कि जो गणितज्ञ है हो सकता है वो अपने मन को शांत करने के लिए हिंदी में कुछ लिखता हो। हर जगह और हर किसी को ग़लत लिखने के लिए टोकना मेरी नज़र में मूर्खता है। कोई आप की बात क्यों माने और क्यों आपको सर आँखों पर रखे अगर आप व्यू के ख़ातिर अपने लिखे उन शब्दों को वापस लेने से कतराते हैं जिससे किसी के मन को ठेस पहुँचे है।
/ तरुण पाण्डेय

Comments
Post a Comment