ज़िंदगी एक कश
सिगरेट और मेरा रिश्ता साँप और नेवले सा है । हम दोनों ने शिद्दत से लड़ाईयाँ लड़ीं । कभी जीत मेरी हुई कभी तुम मुझ पर हावी रहे । ⠀
⠀
" वो कश का पहला धुआँ⠀
पहली ख़ुमारी पहला नशा⠀
साथ में दोस्तों की गिरफ़्त⠀
एक हाथ में लड़ी सुट्टे की⠀
दूसरे में लाइटर की चमक⠀
उफ़्फ़ वो पहली सुट्टे की तलब "⠀
⠀
आज जब पीछे देखता हूँ तो तुमको अलमारी के चौथे खाने में पाता हूँ जहाँ अमूमन मेरी नज़र नहीं जाती । तुमने मुझसे बहुत कुछ छीन लिया । तुम कैंसर की तरह ही हो । अचानक एक दिन चक्कर आता है, सर घूमने लगता है, ख़ून की उल्टियाँ होती हैं, आप को लगता है काम का स्ट्रेस है, खाना समय पर नहीं खा रहे, दस दिन के बाद रिपोर्ट आती है और पैरों तले ज़मीं खिसक जाती है । डॉक्टर आपको बताते हैं "Small Cell Carcinoma - Last Stage" । सारी उम्र मौत की फ़रियाद करने वालों पर भी जब मौत का साया मँडराता है तो ज़िंदगी की क़ीमत समझ आ ही जाती है । न कैंसर पीछा छोड़ता है न तुम !!
-------------------------------------------------
ज़िंदगी की जंग लड़ने को तुमने सिगरेट उठा ली है । मैं तुम्हें दोस्त मानता हूँ । मैं तुम्हें कभी टोकता नहीं, तुम नदी हो और तुम्हें गुमान है कि तुम हमेशा रहोगी । तुम्हें देख कर ज़हन में "Alfred Lord Tennyson" की लिक्खी कविता "For men may come and men may go, But I go on for ever" आती है। पर इतिहास साक्षी है टेथीस ( Tethys ) सुख गया और सरस्वती विलुप्त हो गयी । मुझे दिक़्क़त कभी इस बात से नहीं रही कि तुम सिगरेट पीती हो । तुम मेरी ज़िंदगी नहीं जिसे मैं अपने हिसाब से मोड़ दूँ । मुझे डर बस इस बात का है कि ये नदी सुख जायेगी । एक और दोस्त मर जायेगा । इलाज़ के लिए पैसे कम पड़ जायेंगे और अस्पताल के बिस्तर पर अनायास ज़हर की पुड़िया मंगाने की फ़रियाद करते हुए तुम दम तोड़ दोगी । इंसान ख़ुद की मौत स्वीकार कर लेता है लेकिन जिससे प्यार करता है उसे मरता हुआ नहीं देख सकता । तुम तुम्हारे अपनो को मरते हुए देखोगी, तड़प उठोगी और फ़िर एक आख़िरी बार तुम्हारी कलम लिक्खेगी ।
⠀
" पहले मैंने सिगरेट का लुफ़्त लिया⠀
उसने भी मुझे बहुत प्यार किया⠀
कभी हम जुदा ना हो ऐसा इंतज़ाम किया⠀
दिन रात अपनी तलब लगवाई⠀
बिना "कश" के रहना दुशवार किया⠀
अब यारों की गिरफ़्त नहीं⠀
अब वो यार भी नहीं⠀
बस सुट्टे ने मुझे गुलाम किया ⠀
वो कश का पहला धुआँ⠀
उसी ने मुझे बर्बाद किया ⠀
उसी ने मुझे बर्बाद किया " ।⠀
⠀
©® तरुण पाण्डेय⠀

Comments
Post a Comment