ख़ुद के नाम एक संदेश


आज ख़ुद के लिए, ख़ुद को समझाते हुए, ख़ुद को याद दिलाते हुए, ख़ुद को ही एक बात कहना चाहता हूँ "तरुण याद रखना लेखक जैसा कुछ नहीं होता, तुम पढ़ो, पढ़ो और पढ़ो क्योंकि पढ़ना ज़रूरी था, है और रहेगा। लिक्खा जीवन के किसी भी पड़ाव पर जा सकता है लेकिन पढ़ने की आदत छूट गयी तो समझो गयी। पढ़ डालो जितना पढ़ सकते हो ख़ुद के लिए, ख़ुद को समृद्ध करने ख़ातिर। लोगों में इल्म बाँटने के लिए न पढ़ो, लोगों को साहित्य से जोड़ने के लिए न पढ़ो, पढ़ो ख़ुद को बचाने को, ख़ुद को साहित्य से जोड़ने को और समझने का प्रयास करो कि तुमको क्या भाता है? कर लो दूर ख़ुद को हर उस चीज़ से जो तुम्हें रोकती है पढ़ने से। याद रक्खो जिस दिन तुम किताब त्याग कर सिर्फ़ लिखना शुरू कर दोगे उस दिन तुम लेखन से हमेशा के लिए कट जाओगे। तुम्हारा लिक्खा सड़ जाएगा और उसकी दुर्गंद से तुमसे जुड़े लोगों को कष्ठ होगा। भावनाओं को अभिव्यक्त करने को शब्द नहीं मिलेंगे और अंदर से खोखले होते प्राणी को कोई बचा सकता है क्या " ?
--------------------------------------
 लोगों की वाह वाही सारी उम्र नहीं चल सकती, जवानी ढलती है और बुढ़ापे का आना तय है। उस बुढ़ापे में मैं ख़ुद को कैसे ज़िंदा रखूँगा? 
 --------------------------------------
जब पढ़ने का हौसला न रहेगा और मेरी आँखें कमज़ोर हो चुकी होंगी तब मेरे पढ़े, मेरे सीखे और मुझको ज़िंदा रखे सभी हर्फ़ मेरे आँखों के सामने आकर रक्स करेंगे। तब कहा करूँगा अपनी ज़िन्दगी से जुड़ी बातें और उसे रिकॉर्ड कर रही होगी काँपते हाथों से मेरी दोस्त। उस रिकॉर्डिंग को सुनना मुझमे नई ऊर्जा का संचार करेगा। वही होगी मेरी जीवन की आख़िरी सबसे असरदार दवा। मैं पढ़ नहीं रहा हूँ अपने बुढ़ापे के दिनों की दवा बनाने के प्रयास में जुटा हूँ। 

 ©® तरुण पाण्डेय

Comments

Popular Posts