जाने देना
कभी कभी मुझे लगता है कि किसी को अपनी ज़िन्दगी से जाने देने के बाद आप उसके बारे में क्या और किस तरह की बातें करते हैं ये भी प्यार का एक पैमाना होता है। जब तक साथ हैं तब तक अच्छी बातों की लड़ियाँ लगाना आम बात है मगर साथ ख़त्म होने के बाद, जाने वाले की कद्र कर पाना बहुत बड़ी इनायत है। आज पहली दफ़ा मैंने उससे मुझसे दूर होने की वजह नहीं पूछी बल्कि उसके सदा ख़ुश रहने की दुआ करके नम आँखों से लौट आया। आज मुझे यकीन हो गया कि हमारे रिश्तों के दरमियाँ समझने-समझाने की जो थोड़ी बहुत गुंजाइश थी वो भी ख़त्म हो चुकी है।
कभी कभी किसी को जाने देना इस कारण भी सही होता है क्योंकि वे कुछ पल सिर्फ़ और सिर्फ़ आपके लिए रुकते हैं। आपको अँधेरे कमरे से निकाल कर बाहर धूप में लाने के लिए, सहारा देने के लिए और आपको तराशने के लिए। मैं आज पूर्णविराम के बाद पहले पन्ने से लेकर आख़िरी पन्ने तक के सफ़र को वापस पढ़ना शुरू किया और अंत तक आते आते मेरे पास कहने को सिर्फ़ एक शब्द बचा - 'शुक्रिया' ।
शुक्रिया कि मुझे पढ़ना सिखाया, शुक्रिया कि मुझे अच्छे इंसान का मतलब न बता कर ख़ुद अच्छा रह कर अच्छे इंसान का एक सशक्त उदाहरण पेश किया, शुक्रिया कि मेरी हर बात सुनी और अपने से कई गुना कम इल्म वाले इंसान को प्यार दिया। अब तुम्हारे जाने का वक़्त आ गया है और इस बार मैं रोकने नहीं आऊँगा, मैं आवाज़ लगा कर कानों में कोई राग नहीं घोलूँगा बल्कि यही कहूँगा कि अपने मन की सुनो। तुमने अपनी ज़िंदगी में जो थोड़ी सी बहुमुल्य जगह दी थी उसका आभारी रहूँगा और साथ बिताए ख़ूबसूरत यादों को दिल में सहेज कर रखूँगा।
आज दिल भारी है, ग़म में डूबा है और सोच रहा है कि पहाड़ो से कोई ठंडी हवा का झोंका समतल भूमि पर इस कदर क्यों भेज रहा है कि चारों ओर शीत लहर चलने लगी है। ठंड के मौसम में यादों की रजाई ओढ़े मेरी आँखें नम हैं और दिल में बस एक दुआ - ख़ुश रहो।
/ तरुण पाण्डेय

Comments
Post a Comment