स्मृतियाँ
किसी एक का सुकूँ किसी दूसरे का दर्द बन जाता है। पढ़ कर एक पक्ष के लोग सोचेंगे कि दूसरे पक्ष वाले कितना जलते हैं ? कभी कभी हम किसी रिश्ते में पैसा निवेश नहीं करते बल्कि अपना समय, अपने दिल का एक कोना निवेश करते हैं और किसी दिन अचानक हमें पता लगता है कि जिस ज़मीन पर हम निवेश कर रहे थे वो अपनी रही ही नहीं। किसी शख़्स का हमारे पास नहीं रहना, हमसे धीरे-धीरे दूर जाना नहीं बल्कि उसके नहीं रहने का बोध हमें बहुत हद तक तोड़ देता है। हम एक दिन नींद से उठते हैं और देखते हैं कि हम हक नहीं जता सकतें हैं अचानक फ़ोन करके अपने दिल की बात नहीं कह सकते हैं और आज की काल्पनिक दुनिया में व्हाट्सएप्प द्वारा मैसेज के नीले रंग में तब्दील हो जाने के बाद भी उत्तर नहीं पा सकते हैं।
नौकरी लगने के बाद भी टोपी शुक्ला क्यों मर गया ? घर से दूर रहने पर भी उसे दुख नहीं हुआ, लोगों के छूट जाने पर भी वो अपने सिद्धांतों पर अडिग रहा लेकिन अपने दोस्त के शहर छोड़ जाने के बाद उसकी हिम्मत डगमगाने लगी और उसने किसी को नहीं कहा कि अब जिया नहीं जा रहा पर अंदर से ख़ाली हो चुका मन, टूट चुका मन, अकेलेपन का शिकार हो चुका मन हार गया। इफ़्फ़न, सकीना और शबनम ने तो शहर छोड़ा था, बलभद्र नारायण शुक्ला ने तो धरती ही छोड़ दी। मैं नहीं बता सकता कि कौन से दुख ने उसे अंदर से खोखला कर दिया था लेकिन इतना बता सकता हूँ कि उस दुख से लड़ने के लिए जो ऊर्जा उसे मिलती थी इफ़्फ़न, सकीना और शबनम के रूप में वो जा चुकी थी और उस ऊर्जा स्रोत का न होना उस दुख से भी बड़ा कारण था बलभद्र नारायण शुक्ला के मर जाने का।
कल एक डॉक्टर ने लिखा जीवन तर्क और वितर्क नहीं बस अनुभव है और मैं सोचने लगा कि हर कोई अपना एक तर्क लेकर चल रहा है जिसके आगे दुनिया के हर तर्क बेकार हैं। मैं वापस अपनी बात पर आता हूँ कि किसी एक का सुकूँ किसी दूसरे का दर्द बन जाता है। किसी शख़्स का किसी रिश्ते में मान लीजिये दम घुट रहा हो और वो इस सिद्धांत की दलील देते हुए रिश्ते की गाँठ तोड़ दे कि हम सब अपना मेन्टल पीस तलाश कर रहें हैं तो पीछे छुटे हुए और अभी तक उस रिश्ते में बंधे हुए शख़्स का मेन्टल पीस अपना सन्तुलन खो देगा। हम कुछ भी कर लें कोई एक शख़्स तो मेन्टल एसाइलम की ओर अग्रसर होगा और उसका मेन्टल पीस कैसे संतुलित करें ये समझ के परे है। मनुष्य स्मृतियों से जुड़ा प्राणी है और स्मृतियों से दूर हो पाना, ख़ुद को उससे अलग कर पाना, या कह लूँ आसानी से अलग कर पाना उसने सीखा ही नहीं है। ये लिखते हुए मुझे कमलेश्वर की 'आँखों देखा पाकिस्तान' की कुछ पंक्तियां याद आती हैं कि
"स्मृति की परम्परा, धर्म की परम्परा से कुछ ज्यादा ही प्रगाढ़ और मजबूत होती है। साहित्य खुद इस बात की गवाही देता है कि वह धर्म से कभी सीधे-सीधे नहीं जुड़ता, मगर उसकी यानी धर्म की अच्छाइयों को स्वीकार करते हुए, वह अपनी स्मृति की परम्परा से हमेशा जुड़ा रहता है। साहित्य न तो संस्कृति की परम्परा से कभी जुदा हुआ है और न कभी जुदा हो पाता है। स्मृति की इस परम्परा का एक बहुत बड़ा अंग है—भूगोल! व्यक्ति किसी भी धर्म, जाति, वर्ण, वंश और गोत्र का क्यों न हो—वह अपना जन्मस्थान यानी अपने नितान्त निजी भूगोल को कभी नहीं भूल पाता। दुनिया का कोई ऐसा लेखक नहीं, जो अपनी जन्मभूमि की ‘स्मृति’ को भुला सका हो। "
आख़िरकार लेखक अंत में एक मनुष्य ही है और मैं इसका एक निष्कर्ष ये निकालता हूँ कि लोगों से अधिक लोगों से जुड़ीं स्मृतियों से हम बँधे हुए हैं।
आजकल की वर्चुअल दुनिया में ये दर्द अधिक पनपता और तेज़ी से बढ़ता नज़र आता है। हेमा कांडपाल का एक शेर है कि
" हिया हालात पे अपने भला क्या मर्सिया पढ़ना
हमे ग़म भी मिले तो ख़ानदानी ख़ैर जाने दो "
जब इस शेर को परत दर परत खोलता हूँ तो इसमें छुपा दर्द और लाचारी नज़र आती है और उस दर्द को छुपाने की गुहार भी नज़र आती है। शायद शायरा को अंदाज़ा है कि लोगों से जुड़ी कुछ अतीत की स्मृतियां कभी उनका पीछा नहीं छोड़ती हैं और आज के समय में किसे फुर्सत है कि कोई किसी का दर्द बाँट सके ? आप ज़ियादा दर्द बाँट कर देखिए लोग तपाक से बोल पड़ेंगे क्या रोंदू इंसान है।
बशीर बद्र साहब ने भी तो कहा था कि
"कोई हाथ भी न मिलाएगा जो गले मिलोगे तपाक से
ये नए मिज़ाज का शहर है ज़रा फ़ासले से मिला करो"
ये फ़ासला क्यों ज़रूरी है ? आज जब ध्यान से सोचता हूँ तो एक निष्कर्ष पर आता हूँ कि फ़ासलों से स्मृतियों का निर्माण नहीं या नहीं जितना ही कम होता है। जहाँ स्मृतियों का निर्माण न हो वहाँ रिश्ते व्यक्तिगत न रहकर व्यापारिक हो जाएँगे फलतः दर्द की गुंजाइश, अपनत्व का एहसास कहीं अलोप हो जाएगा और हमारे मन की गिरहों में छिपी शिकायतें कभी खुल कर सामने नहीं आ सकेंगी। एक ताज़िर क्या करता है जब उसका व्यापार में नुकसान होता है - दुकान बदल देता है बिना शिकायत किये और नयी जगह चला जाता है क्योंकि उसके पास स्मृतियों का झोला नहीं होता। परिवार और दोस्त जल्दी अलग क्यों नहीं हो पाते हैं और अगर हो भी गए तो उनके वापस लौटने की गुंजाइश क्यों रहती है इसका भी उत्तर शायद एक लफ़्ज़ में निहित है - स्मृतियाँ। बशीर बद्र साहब जानते थे, फ़ासलों से मिलना इक्कीसवीं सदी का नया चलन होगा क्योंकि यहाँ लोग एक दूसरे को ज़ियादा बर्दाश्त नहीं कर पायेंगे।
मुझे लगता है कि हमारी दुनिया इन्ही स्मृतियों पर टिकी हुई है। कोई ऐसा यंत्र अभी तक ईजाद नहीं किया गया है जो दो अलग हो रहे लोगों के मन से आपस की जुड़ी स्मृतियों का अंत कर सके। मेरा ये भी मानना है कि उस यंत्र के ईजाद हो जाने के बाद दुख की मात्रा भले कम हो जाये लेकिन साथ में कम हो जाएगी मनुष्यता। कला भी तो स्मृतियों से जन्म लेती है तो शायद कलाकार की संख्या में भी कमी देखने को मिलेगी।
यानी निकट भविष्य में ज़ियादा मेन्टल एसाइलम का निर्माण होगा और कोई एक पक्ष कुछ समय के लिए अपना मेन्टल पीस गवा बैठेगा - वे या तो कलाकार बन जायेंगे या बीमार। उन दूसरे पक्ष के लोगों को संभालना है, उन्हें जीने के लिए ऊर्जा देनी है और इतनी ताक़त कि वो अपने दुखों से लड़ सकें। ये ताक़त अब डॉक्टर दें या ऑडियंस मैं नहीं जानता।
/ तरुण पाण्डेय

Comments
Post a Comment