रात के ढाई बजे
रात के ढाई बज रहे हैं। लिखने को लिख सकता था कि रात के एक बज रहें हैं या तीन लेकिन " ढाई " शब्द की गुंच, उसका आकर्षण मन मोह लेता है। " ढाई " का अपना एक अलग महत्व है जिसकी जितनी चर्चा की जाए कम है। " ढाई " शब्द भीड़ जुटाने में कामयाब रहा है। " ढाई " की महिमा अपरम्पार है।
आप ध्यान से देखिए तो ढाई अक्षर के कृष्ण, प्रेम, भक्ति, श्रद्धा, ध्यान, कर्म, धर्म, दुर्गा, शक्ति इन शब्दों का कितना महत्व है हमारे समाज में। कबीर का एक दोहा है कि
पोथी पढ़ पढ़ जग मुआ पंडित भया न कोय
ढाई अक्षर प्रेम का पढ़े सो पंडित होय
बस यही सोचते हुए मैंने कोरे कागज़ पर ढाई लिखना उचित समझा। माफ़ करिएगा मोबाइल के नोट्स एप्प पर ढाई लिखना उचित समझा। झूठ में लोगों को आकर्षित करने की अद्भुत ताक़त होती है इस कारण जब जब कहानी फीकी होने लगती है उसमें झूठ का तड़का मिला देता हूँ। तो रात के ढाई बजे मैं एक मित्र से गुफ़्तगू कर रहा था। बातों बातों में एक बात मेरे दिल में घर कर गयी। उसने मुझसे कहा कि " किसी को जानना उसको पराया कर देना है " ।
किसी को जानना उसको पराया कर देना है - चलिये बात यहीं से शुरू करते हैं। अगर आप इसे मनोवैज्ञानिक ढंग से देखें तो समझ पायेंगे कि कितनी सटीक और गहरी बात बोल दी थी उसने। जब आप किसी नए रिश्ते की नींव रखते हैं तो एक दूसरे को जानने की उत्सुकता अपने चरम पर होती है। एक दूसरे के प्रति मोह ऐसे टपकता है जैसे रसगुल्ले से चाशनी। फिर सालों बाद एक दूसरे को पूरी तरह खँगालने के बाद जब कुछ शेष नहीं बचता जानने को तब चुपके से एक ढाई अक्षर का शब्द दो लोगों के जीवन से विलुप्त होता नज़र आता है - " इच्छा "।
जब मेरे मित्र ने कहा था कि किसी को जानना उसको पराया कर देना है तो पराये से उसका तात्पर्य केवल पराये के शाब्दिक अर्थ की तरफ़ नहीं था परन्तु एक इशारा था कि लोगों के दरमियाँ इतनी दूरी सदैव होनी चाहिए कि प्रेम में पड़े दो व्यक्ति सदा एक दूसरे की तरफ़ लौट पाएँ। ये ढाई अक्षर का शब्द इच्छा कितना महत्वपूर्ण है किसी रिश्ते में। इन ढाई अक्षरों के शब्दों से यह दुनिया क़ायम है। इच्छाशक्ति के बल पर लोग क्या नहीं कर जाते हैं।
लेकिन मित्र जब मैंने दिमाग़ पर और ज़ोर दिया तो मुझे समझ आया कि झूठ कहते हैं लोग एक दूसरे के बारे में। एक दूसरे को जानने का दावा करने वाले लोगों ने एक दूसरे को देखा कहाँ है? हम सब वही देख रहें हैं जो हमें दिखाया जा रहा है। ठीक से सोचा तो इस निष्कर्ष पर पहुँचा कि एक दूसरे से दूर रहने की बात तुम कर ही नहीं रहे थे। निदा फ़ाज़ली का शेर है कि
हर आदमी में होते हैं, दस बीस आदमी
जिसको भी देखना हो कई बार देखना।
कोई किसी को जान ही तो नहीं पाता। ज़िन्दगी ने हर आदमी को एक पर्दा दिया है। पर्दे के आगे रंगमंच पर सभी बेहतरीन काम करते नज़र आते हैं और पर्दे के पीछे वाले इंसान को पहचाने का हमारे पास न समय है न हम इसे ज़रूरी समझते हैं।
ढाई अक्षर का एक शब्द है " मिथ्या " - रंगमंच पर दिखने वाला, बेहतरीन अभिनय करने वाला इंसान एक मिथ्या है और वही मिथ्या लोगों को ख़ुद की ओर आकर्षित कर रही है। ढाई अक्षर का एक शब्द है " सत्य " जिसे अगर रंगमंच पर पेश कर दिया जाए तो तालियों की गडगड़ाहट मंद पड़ जाएगी, लोग आँखें मूंद लेंगे और उसे उसके हाल पर छोड़ कर भाग जायेंगे। सारी ज़िंदगी लोग पर्दे के पीछे रहने वाले शख़्सियत की खोज करते रहते हैं और एक दिन उनके सामने ढाई अक्षर का एक शब्द काल बन कर आ जाता है जिससे कोई नहीं बच सका है - " मृत्यु "।
मेरे दोस्त ने ढाई बजे जीवन का एक सत्य बताया कि मृत्यु तक कोई किसी को पूर्ण रूप से नहीं जान पाता है इस कारण कोई पूर्ण रूप से पराया नहीं बन पाता है।
/ तरुण पाण्डेय

Comments
Post a Comment