आगे बढ़ने की सीढ़ी
खाना हलक से नीचे नहीं उतरता, साँसें भारी लगने लगती हैं और मन ग्लानि से भर जाता है। आप किसी भी क्षेत्र से क्यों न सारोकार रखते हों लेकिन एक चीज़ हर जगह आम है। बरगद का पेड़ जिस तरह विशाल होता है उसी तरह हमारे सिस्टम में भ्रष्ट, बेईमान और कमजोर लोग बहुत अधिक मात्रा में अपनी टहनियाँ फैलाये बैठे हैं जिन्हें जड़ से उखाड़ पाना नामुमकिन है। आप का प्रतिभावान होना आपकी सबसे बड़ी ग़लती है। प्रतिभावान व्यक्ति अपने विवेकानुसार काम करना पसंद करेगा। वो सही और ग़लत में चयन कर पायेगा लेकिन अपने से कम प्रतिभाशाली व्यक्ति के आगे शीश नहीं झुकायेगा।
शीश नहीं झुका पाना, जी हजूरी न कर पाना , आप की ताक़त नहीं कमज़ोरी है। जो आज प्रसिद्ध बन उभरे हैं उनमें कितने अपने हुनर के दम पर और कितने चाटूकारिता से बने हैं इसका हिसाब लगाने मत बैठियेगा क्योंकि सही आंकड़ों के सामने आने से मन निराश हो जाएगा। आपका अच्छा होना सौ में से एक प्रतिशत मामले में आपके लिए सहायक सिद्ध होगा बाक़ी निन्यानवे प्रतिशत मामलों में आपको कुत्ता बनना होगा। वफ़ादारी बुरी चीज़ तो नहीं होती है पर आप किसके प्रति वफ़ादार हैं यह बहुत मायने रखता है। कुत्ते और इंसानों में एक बहुत छोटा सा फ़र्क़ है कि कुत्ता अपने मालिक का वफादार होता है और इंसान अपने सिद्धान्तों का।
कितना मुश्किल है अपने से कम इल्म रखने वाले लोगों को आगे बढ़ते देखना। झूठ नहीं कहूँगा पर कैसा लगता है जब आप से कम बेहतरीन काम करने वालो के सामने आपको नतमस्तक होना पड़ता है। ऐसा लगता है जैसे मछली को पानी से बाहर निकाल कर जीने ख़ातिर मजबूर कर दिया गया हो,जैसे इंद्रधनुष से उसके रंगों को चुरा लिया हो, जैसे दीये को सूरज से बढ़ कर बता दिया हो। कितने ही महफ़िल में किसी प्रसिद्ध ग़ज़लकार की घटिया पेशकश पर तालियाँ मारते हुए हाथ काँपने लगते हैं मेरे। आज सब कुछ व्यक्ति विशेष बन गया है परन्तु व्यक्तियों से तो मुझे कभी मतलब रहा ही नहीं। दुश्मन के अच्छे काम की भी तारीफ़ कर सकता हूँ और दोस्त के बकवास काम की खुल कर आलोचना।
आलोचना करना और वो भी सही ढंग से करना आज दुश्मनी को न्योता देने के बराबर है। आप सब नज़रें घुमाइये तो पाइयेगा कि हर क्षेत्र में अपने से कम प्रतिभाशाली व्यक्तियों की तारीफ़ किये बिना आगे बढ़ पाना मुश्किल नहीं नामुमकिन होता जा रहा है। कुछ दिन पहले नावजुद्दीन बोल बैठे कि डिप्रेशन जैसा कुछ नहीं होता - मैं पूछता हूँ कि उन्हें किस बात की जानकारी अधिक होगी अभिनय की या मेडिसिन की। कुछ समय पहले हमारे देश के महान क्रिकेटर कपिल देव भी इसी संदर्भ में बयान देते नज़र आये थे जो बिल्कुल भी उचित नहीं है। कृति आज़ाद दृष्टि आईएएस के संस्थापक डॉ विकास दिव्यकीर्ति पर बिना पूरी जानकारी आरोप लगाते नज़र आते हैं। जानकारी के अभाव में बोलने वालो की सूची बहुत लम्बी है लेकिन अत्यंत प्रभावशाली भी है।
हम सब एक माया जाल में फँस गए हैं जहाँ हम समाज के सामने अच्छे काम आगे लाने की गुहार लगाते नज़र आते हैं और ख़ुद हर उस इंसान की पीठ थपथपाते दिखते हैं जो हमारे लिए भविष्य में लाभदायक सिद्ध होगा। हम किसी से मन से जुड़े ही नहीं हैं न किसी को आगे बढ़ते देख सकते हैं। दोस्ती के झूठे ढकोसले देना और किसी को बर्बाद कर देने में हमने गोल्ड मैडल जीता हुआ है। झूठी तारीफ़ कर करके किसी की कब्र ख़ोद देना हमारी सबसे बड़ी विशेषता है। हम उन्हें बुरा मान बैठे हैं जो दो टूक बातें करते हैं और चाशनी में लपेट कर बात करने वालों को हमने देवता मान लिया है। मैं अब लोगों के लिए देवता नहीं बन सकता हूँ। इंसान हूँ इंसान बन कर रहूँगा। नफ़रत का एक पुतला बन कर रहूँगा लेकिन कभी कुछ ऐसा बनने का प्रयास नहीं करूँगा जो मैं नहीं हूँ।
/ तरुण पाण्डेय

Comments
Post a Comment