आगरा
आज फिर आगरा जा रहा हूँ। आगरा से किस तरह के त'अल्लुक़ात हैं यह समझाना बड़ा मुश्किल काम है। पहली बार आगरा पाँचवी कक्षा में गया था। दिल्ली से आगरा तक के सफ़र की कुछ झलकियाँ याद आतीं हैं जिनमें आगरा के सुप्रसिद्ध पेठे और आगरा की कचौड़ियाँ स्मृतियों में पहला स्थान लिए उच्च श्रेणी में स्थापित हैं। पाँचवी कक्षा में ताजमहल प्रमुख सौंदर्य का केंद्र नहीं हो सकता था इस कारण आगरा की उन दिनों की स्मृतियों में ताजमहल की दूर दूर तक कोई छवि नहीं है। यह बचपन का आगरा था किताबों से कोई सरोकार नहीं था।
कॉलेज के समय का आगरा बिल्कुल अलग था मेरे लिए। बीएससी करते हुए दो बार आगरा जाना हुआ मगर उस वक़्त आगरा सिर्फ़ ताजमल, पेठे, और कचौड़ियाँ के लिए नहीं प्रसिद्ध रहा बढ़ती उम्र के साथ आगरा मेरे लिए साहित्यक केंद्र का स्थान भी बन कर उभरा। कमलेश्वर की पुस्तक " कितने पाकिस्तान " पढ़ने के पूर्व मुझे लगता था कि ग़ालिब का रिश्ता सिर्फ़ दिल्ली के बल्लीमारन से हैं लेकिन उसे पढ़ते हुए पता लगा कि ग़ालिब, मीर और नज़ीर आगरा में पैदा हुए। आगरा के पीपल वाली मंडी जहाँ गर्ल्स इंटर कॉलेज है उसी मोहल्ले में ग़ालिब का जन्म हुआ था। हिंदी साहित्य की बात करें तो आगरा ने सूरदास और अमृतलाल नागर जैसे महान कवि और उपन्यासकार भारत को दिए। 17 अगस्त 1916 को जन्में अमृतलाल नागर ने चकल्लस का संपादन किया व 1932 तक निरंतर लेखन करे रहे। उन्होंने 17 साल में एक सौ से ज्यादा साहित्यिक रचनाएं तैयार कीं। उन्होंने मेघराज इंद्र के नाम से कविताएं लिखीं। तस्लीम लखनवी नाम से व्यंग्यपूर्ण स्केच व निबंध लिखे तो कहानियों के लिए अमृतलाल नागर मूल नाम रखा। अज्ञेय अपनी पुस्तक " अरे यायावर रहेगा याद " में लिखते हैं कि सुना है कि जब कवि ताजगंज से गधा हाँकते निकलते थे कि मदरसे जा कर लड़कों को पढ़ा आवें, तब रास्ते में इतनी जगह लोग उन्हें रोक-रोककर उन से दो-चार बन्द सुना के जाने का सफल आग्रह करते थे कि नजीर मियाँ को गोकुलपुरे में अपने मदरसे पहुँचते-पहुँचते साँझ हो जाती थी, और वह लड़कों को छुट्टी दे कर फिर रुकते-चलते रात तक घर पहुँच जाते थे। एक वह दिन था, जब कविता का स्वाभाविक उद्रेक राह चलते को खींचता था और फक्कड़ कवियों की बानी सीधे लोक-हृदय में पैठ जाती थी; एक हमारा दिन है कि ट्रक हाँकते, धूल उड़ाते चले जा रहे हैं, हर पोखरे में ढील फेंकते हैं और हर झमेले में टाँग अड़ाते हैं (क्योंकि “जीवन की धारा के बीचोबीच रहना कलाकार का धर्म है”) किन्तु फिर भी उस लोक-हृदय के आस-पास भी नहीं फटकते जो वास्तव में जीवन का मूल स्रोत है! क्योंकि जीवन का स्रोत घटना का स्रोत नहीं है, वह चेतना का स्रोत है। हमारी कविता बानी नहीं रही, लिखतम हो गई है; हृदय तक नहीं जाती वरन् एक मस्तिष्क की शिक्षा-दीक्षा के संस्कारों की नली से हो कर कागद पर ढाली जाती है जहाँ से दूसरा मस्तिष्क अपने संस्कारों की नली से उसे फिर खींचता है।…’
कितना कुछ है आगरा में कितनी बातें, कितने किस्से और कितनी कहानियाँ। भारत का इतिहास आगरा के बिना अधूरा है या कह लीजिये भारत का इतिहास भारत के अट्ठाइस राज्यों के बिना अधूरा है लेकिन आज बात आगरा की कर रहे हैं। आगरा का पानी मुझे ख़ासा पसंद नहीं आता। यमुना किनारे बसे आगरा में सुबह सुबह जब ब्रश करने ख़ातिर दन्तमंजन उठाया तो खारे पानी से मुँह का स्वाद ही ख़राब हो गया। एक कहावत है कि राधा के आँसू जहाँ जहाँ गिरें वहाँ का पानी खारा हो गया। आज मैं 31 साल का हूँ और दोबारा आगरा की तरफ़ कूच कर रहा हूँ। इस बार आगरा बदला हुआ नज़र आया। ताजमहल जाने को पहले बस एक बार टिकट लेना पड़ता था लेकिन इस बार दो दफ़े टिकट लेने पड़े। एक बार ताजमहल को २० मीटर दूर से देखने के लिए और एक दफ़ा उस संगमरमर की इमारत को छूने और मुमताज की कब्र देखने को। भीड़ पहले से बहुत अधिक बढ़ गयी है। सरकार को टूरिज़्म से बहुत लाभ मिल रहा है। रील बनाने वालों की एक बहुत बड़ी भीड़ ताजमहल जा रही है जिसे आगरा और उसके इतिहास में कोई रुचि नहीं है बल्कि एक सुंदर और लाजवाब बैकग्राउंड की तलाश है।
फतेहपुर सीकरी तक प्राइवेट गाड़ियों का आनाजाना बंद हो चुका है और केवल सरकार द्वारा चलाई जा रही सीएनजी बसों में बैठ कर पर्यटक बुलंद दरवाज़ा तक पहुँच सकते हैं। आज भी वहाँ के गाइड बड़े गर्व के साथ बताते हैं कि यह वो स्थान है जहाँ शाहरुख खान परदेस फ़िल्म का लोगप्रिय गाना नहीं होना प्यार पर नाचे थे। एक तरह से लोगों को रोज़गार मिला कि बस चलने लगीं। वहाँ 20 रुपये का पानी 25 रुपये में भेजा जा रहा यह कह कर की ऊपर पानी नहीं मिलता जहाँ सरकार ने फ़्री पानी एटीएम बना रखा है और जगह जगह पर पानी पीने की उचित व्यवस्था बना रखी है।
आगरा बदल गया है। थोड़ा जवान हो गया है। मेट्रो भागने लगी है। आगरा के किलों पर सैनिक तैनात दिखाई देने लगे हैं। इतने सालों से आगरा आना जाना लगा हुआ है लेकिन असली पंछी के पेठे की दुकान कौन सी है यह पहेली आज तक नहीं सुलझी। किसी ने मुझसे कहा था कि जो ताजमहल एक बार देख लेता है वो दोबारा ज़रूर देखता है। अब सोचता हूँ यह एक इत्तेफ़ाक है या वाकई ऐसा होता है।
/ तरुण पाण्डेय

Comments
Post a Comment