कंटेंट राइटर
इस भीड़ से उकता चुका हूँ जो हर लिखने वाले को पलकों पर बैठा कर लेखक का दर्ज़ा दे बैठें हैं। कितना मुश्किल कार्य है २ किताबें पब्लिश करना, कुछ नामी, ग़ज़लकारों, कवियों और साहित्यकारों से मिलना और उनके साथ तस्वीर खिंचवाना ? अफ़सोस कि हिंदी की सेवा करता, हिंदी के पक्ष में बोलता और हिंदी के दम से फ़र्श से अर्श तक का सफ़र तय करता बाशिंदा हिंदी की उन पुस्तकों तक का भोग नहीं लगा सका है जिनके बिना हिंदी साहित्य अधूरा है। हिंदी को उभारने वाले आज अभिनेता बन बैठे हैं - जिनके आने भर से कमरें में जगमगाहट फ़ैल जाती है, लोग फ़ोटो की गुहार लगाए तारीफ़ों के पुल बाँधे उनसे इस उम्मीद से मिलते हैं कि उनका भी कुछ भला हो जाये।
एक समय था जब मुझे लगता था कि उनकी ग़लती है जो साहित्य को व्यापार समझते हैं लेकिन अब मेरे दृष्टिकोण में एक परिवर्तन आया है। क्या हम ऐसे पाठक तैयार कर सकने में सक्षम हैं जो ६०० या ५०० पृष्ठ की किताबें ध्यान से पढ़ सकते हैं या क्या आज के समय में किसी के पास इतना वक़्त है कि पाठ्यक्रम से हट कर अपनी पसंद की किताबें पढ़ सके ? ग़लती तो हई है लेकिन पाठकों से जिन्होंने हल्के लेखन को और प्रिसिद्ध नामों को सर पर चढ़ा लिया है। जिन्हें यह समझ नहीं है कि उनके चुने हुए साहित्यिक मंच पर खड़े हो कर साहित्य बचाओ आंदोलन के प्रमुख नेता साहित्यिक संसार से अनभिज्ञ हैं। जिनके पास परोसने को कभी प्रेमचंद की लिखी कुछ पँक्तियाँ होती हैं तो कभी निर्मल वर्मा की लिखी पांडुलिपियों के कुछ किस्से। मैंने कभी उन्हें प्रचलित किताबों से इतर कुछ ढूँढ़ कर छापते हुए नहीं देखा। क्यों प्रेमचंद का सहित्य खुल कर सबके सामने नहीं लाया गया उनकी लिखी कहानियों और उनके किरदारों पर ही कितने लोग बात करते हैं ? क्यों अमृतलाल नागर के साहित्य संसार पर चर्चा नहीं हुई या उनके किताबों की पँक्तियाँ सोशल मीडिया पर नहीं फ़ैल सकीं ? प्रेमचंद की किताबों के बाद पूरे विश्व में सबसे अधिक अनुवाद किये जाने वाले हिंदी उपन्यास कृश्न चंदर के हैं लेकिन उनकी यही पंक्ति घूमती नज़र आती है कि " मैंने कहा मैं तुम्हें चूम लूँ ? वो बोली हुस्स नाव डूब जाएगी तो फिर...... "
एक बार इसे पढ़ा तो ख़ुशी हुई लेकिन तीन साल बाद भी वही पँक्तियाँ पढ़ता हूँ तो सिर्फ़ दुख होता है।
हमने हिंदी सेवा के नाम पर अपनी दुकानें चला लीं, वरिष्ठ साहित्यकारों के साथ तसवीरें साझा कर लीं, बड़े बड़े साहित्यक मंज पर ख़ुद को स्थापित कर लिया, नए लिखने वालों के लिए प्रेरणास्रोत बन गए लेकिन हमने अपने स्वर्णिम इतिहास को सिरे से नकार दिया। हमने यशपाल, भगवती चरण वर्मा, कमलेश्वर, मोहन राकेश, हरिवंशराय बच्चन, कृष्णा सोबती, शिवानी, जय शंकर प्रसाद, फणीश्वरनाथ रेणु और न जाने कितने ही महान साहित्यकारों को जन जन तक नहीं पहुँचाया बल्कि उनके तकिए तले अपनी लिखी किताबों को पहुँचा दिया। भला हो कुमार विश्वास का जिन्होंने जॉन एलिया को और उनके कलाम को घर घर तक पहुँचा दिया। जब भी कुछ लिखता हूँ तो आईने में ख़ुद को देख कर शर्म आती है । हर कुछ कंटेंट है - मेरे अंदर का लेखक तो कब का मर चुका है - मरना लाज़िमी था - सुना है एलन मस्क ने ट्विटर पर पैसों की बारिश की है - पैसों से घर चलता है और पैसों से किसे ऐतराज़ होगा ?
/ तरुण पाण्डेय

Comments
Post a Comment