ईमानदारी
अगर किसी की लेखन शक्ति से अवगत होना चाहते हैं तो उनकी लिखी रचनाओं में उपयुक्त शब्दों को टटोलना बहुत ज़रूरी है। बहुत से लिखने वालों को इस बात का इल्म नहीं है कि नहीं लिखते वक़्त ह के बाद एक बिंदु लगा देना चाहिए, उन्हें आँख लिखना नहीं आता। लेकिन वही रचनाकार जिन्हें छोटे और रोज़मर्रा की ज़िंदगी में प्रयोग होने वाले शब्दों की जानकारी नहीं हैं कभी भी भारी भरकम शब्द लिखते वक़्त ग़लतियाँ नहीं करते।
इसका बहुत सीधा सा कारण यह हो सकता है कि जो शब्द उनके व्यावहारिक जीवन में उपयोग में नहीं आते हैं उन्हें वे हिंदी डिक्शनरी या गूगल के माध्य्म से देख कर सिर्फ़ अपनी रचनाओं को उलझा हुआ और जटिल बनाने के लिए उपयोग करते हैं। शब्दकोश को विस्तृत करने का बस एक माध्यम है बहुत ज़ियादा और निरंतर पढ़ना। अब जब रचने वाले लिखने में व्यस्त हैं और उन्हें कोई नया ज़ाविया नहीं मिल रहा है तो वे शब्दों के पर्यायवाची शब्दों को तलाश कर अपनी कवितओं को जटिल बना रहें हैं।
जटिलता महानता का पर्याय नहीं है और भारी शब्दकोश से रचनाएँ अच्छी नहीं बनती हैं। हर रचना अपनी एक यात्रा पर निकलती है। रचनाकार के दिल से निकलकर पाठकों के मन तक पहुँचने की यात्रा में सबसे लाभकार यंत्र ईमानदारी है। आज ईमानदारी के इतर सब तरह के यंत्र उपयोग में लाये जाते हैं इस कारण रचनाओं की उम्र कम से कमतर होती जा रही है।
/ तरुण पाण्डेय

Comments
Post a Comment