Verified Book Reviewer
जब भी कोई मेरी ओर आता है मुझसे अपने दिल की बात नहीं कह पाता। मैं आज के तौर तरीक़ों से वाकिफ़ तो हूँ लेकिन उन्हें अपना नहीं पाया हूँ। हर जगह हर वक़्त हर समय किसी की आँखों का तारा तो नहीं बन पाया मगर मुझमें कोई ऐसा तत्व ज़रूर है जो लोगों की आँखों को ग़वारा नहीं है। मैं समाज के सिद्धांतों से टकराता आया हूँ ऐसा भी नहीं है। मैं न किसी ग़लत को सही करता हूँ न किसी ऐसी जगह चहलकदमी करने जाता हूँ जहाँ पहले से अपने अपने क्षेत्र के बाहुबली मौजूद हों।
मैं बस जो सोचता हूँ उसे बिन लागलपेट लिख दिया करता हूँ। एक दिन किताबों की समीक्षा करते हुए अचानक मन में एक ख़्याल आया। हम उन किताबों को अधिक महत्व देते हैं जिनके नाम के साथ जुड़ कर ख़ुद की प्रतिष्ठा में चार चाँद लगाया जा सकता है। आजकल साहित्य जगत में नए लिखने वालों की संख्या बढ़ गई है और यह बहुत अच्छी बात है। सब अपनी बातों को कहानी, कविता, ग़ज़ल, लघुकथा, इत्यादि तरीक़ों के माध्यम से और सोशल मीडिया की मदद से जन जन तक ले जा रहें हैं। लेकिन इन सभी लिखने वालों में समीक्षा के नाम पर सिर्फ़ और सिर्फ़ पब्लिसिटी हासिल की। पहले समीक्षक और लेखकों के सम्बंध इतने प्रगाढ़ थे या नहीं ? सोचने बैठता हूँ तो लगता है कि नहीं लेखकों की जमात नक़्क़ादों से बहुत अलग है। आज कल के नक़्क़ादों ने लेखकों की चाटुकारिता करने का मार्ग प्रशस्त किया है या फिर पुस्तक के प्रचार में अहम योगदान दिया है यह वाद विवाद का एक विषय हो सकता है ? मैं तो यह सोचने में लगा हुआ हूँ कि नक़्क़ाद एक दिन मर जायेगा। कितने आलोचकों को आप जानते हैं?
हिंदी आलोचना की पहली पुस्तक भारतेन्दु की पुस्तक ‘नाटक’ (1883) को माना जाता है। इस पुस्तक में नाटक का शास्त्रीय विवेचन और संक्षिप्त इतिहास दिया गया है। लेखकों की भीड़ में आलोचक दम तोड़ रहें हैं। हमने लिखने वालों की एक पूरी सेना तैयार कर दी है मगर इस सेना के कार्यों पर टिप्पणी करने वाले और समय समय पर उनसे सवाल पूछने वाले आलोचकों को तैयार कर सकने में विफ़ल रहें हैं। हमने आचार्य रामचन्द्र शुक्ल, हजारी प्रसाद द्विवेदी, डॉ नगेन्द्र, डॉ राम विलास शर्मा, इलाचंद्र जोशी, और आधुनिक युग के सबसे नामी आलोचक डॉ. नामवर सिंह के कार्यक्षेत्र में दिलचस्पी नहीं ली। हमने इस युग में आलोचना का मतलब दुश्मनी समझ लिया है और आलोचकों को सिरे से नकार दिया है। हर कोई जो समीक्षा करता है उसे ज़रूरत है कि हजारी प्रसाद द्विवेदी द्वारा कृत हिन्दी साहित्य की भूमिका पढ़े, रामचन्द्र शुक्ल द्वारा लिखित चिंतामणि पढ़े। हमे चाहिए कि हम आलोचकों के प्रकाशित लेखों को गंभीरता से पढ़ें और उनका भी प्रचार करें।
यह सब देखते हुए मैंने सोचा कि किताबों की जानकारी देना उचित शब्द होगा न कि यह कहना verified book reviewer. समीक्षक सवाल पूछते हैं, सूक्ष्म से सूक्ष्म जानकारी हासिल कर उसे हर मुमकिन पैमाने पर टटोलते हैं। हाँ लेखकों का नाम अमर होता है वे आर्मी ऑफिसर हैं जिन्हें जनता याद करती है तो आलोचक भी रॉ अजेंट हैं जो छुप कर साहित्य की दुनिया को रौशन कर रहें हैं। हम ख़ुद को समीक्षक नहीं कह सकते हैं। हमें ख़ुद को समीक्षक नहीं कहना चाहिए। समीक्षक लानत है !
/ तरुण पाण्डेय

Comments
Post a Comment