दोस्त सबसे पहले


A friend to all is a friend to none...... 

पता ही नहीं था हम दोस्त हैं, अचानक सुबह टेक्स्ट आया कि "दोस्त मिलते हैं"। इच्छा नहीं हुई मिलने की। एक व्यक्ति क्या दोस्त हो सकता है जिससे मिले हुए सिर्फ़ 6 महीने हुए हों?  दोस्ती के नाम पर उसके पास मेरा नंबर है और बातों में किताबों की समीक्षाएँ, पोस्ट और लाइक्स का ज़िक्र किसी तीसरे इंसान को नीचे दिखाने का भरसक प्रयास और ख़ुद को महान बताने की नाक़ामयाब कोशिशें- जिसमें हम दोनों का बराबर योगदान होता है।

दोस्ती नहीं बिज़नेस मीटिंग भी बोल देते तो आने का मन करता। साथ में बैलेंस शीट लेके आता और घण्टो इस बात पर बहस करता कि किस किस की लगातार तारीफ़ करनी है और किनसे रिश्ता बना कर रखना है जब तक कि हमारा काम न निकल जाये। फिर हम नेक्स्ट टारगेट साथ में तलाशते। मिनट्स ऑफ मीटिंग मेल या व्हाट्सप्प कर दिए जाते। प्रतीकात्मक अस्तित्व का बेजोड़ नमूना दिखाता तुम्हें।  कॉरपोरेट वर्ल्ड में २४ साल की उम्र से काम कर रहा हूँ। शुरूवाती दिनों में मेरा काम रिलेशनशिप मैनेजर का था, हर किसी से हँस कर बात करता था, जॉली नेचर था। लोकप्रियता हॉसिल थी मुझे मगर उसके पैसे मिलते थे। कभी गुस्सा नहीं करता था। सुबह १० से रात ११ बजे तक काम करते हुए असिस्टेंट मैनेजर की पोस्ट को लाँघते हुय कब ७  स्टेट के रीजनल मैनेजर को काम दे सकने का सफ़र तय हुआ पता न चला। आज ख़ुद का काम कर रहा हूँ Enterprenure हूँ। बिना पैसे के तुम वही सब हरकत करने आये हो और मैं बिना पैसे के business से जुड़ीं चीज़ें नहीं करता।

हम दोनों सोशल मीडिया पर क़ामयाबी के शिखर पर होते और ये सब होता पर दोस्त.....हाहाहा....क्लाइंट मीटिंग को दोस्तों की गुफ़्तगू नहीं कहते... बोल देते गॉसिप करनी है तब भी आ जाता पर....दोस्त....जाने दो यार। उस दिन मिलने नहीं आ पाया माफ़ करना। तुम्हारी बातों में तुम नहीं होते हमेशा एक तीसरा इंसान होता है और मुझे उस तीसरे इंसान का ज़िक्र एक हद के बाद पसंद नहीं। तुम्हारी बातें तुम्हारे उसूलों से इतने ज़ोर से टकराती है कि उसकी कंपन महसूस होती है।

पैसों का हिसाब, सैलरी बाँटने की टेंशन, स्टॉक मैनेजमेंट, डिलीवरी से जुड़ीं बातें, मार्केटिंग, नए कस्टमर को acquire करने की होड़। तुमसे मिलता तो किसी तीसरे की बुराई होती, मन में उस इंसान के लिए इतनी नफ़रत भर देते कि कुछ समय तो उसे निकालने में चला जाता और शांति भंग होती। शांत रहना ज़रूरी है मेरे लिए, मेरे काम के लिए। शांति सबसे ज़्यादा भंग होती है किसी की बुराई करने से। लोग अच्छे या बुरे नहीं होते हैं या वो हमारे लिए होते हैं या नहीं होते। अनुकूल न होने पर उनसे दूर रहा जा सकता है, अतीत में हुये तू तू मैं मैं को कचड़े के ढेर में डाला जा सकता है और मन ही मन में उससे और ख़ुद से माफ़ी माँग कर ख़ुश हुआ जा सकता है। इंसानों में उलझे लोग तरक़्क़ी से दूर रहते हैं, दूसरों को नीचा दिखाना भी तरक़्क़ी से दूर जाने का बहुत आसान तरीक़ा है। मैं उन सभी रास्तों पर नहीं जाता ख़ुद के लिए।

दोस्त, दोस्त, दोस्त..... कान फट रहा है मेरा ये शब्द सुन कर। कैसे दोस्त, काहें की दोस्ती, इस शब्द का भार उठाने की ताक़त नहीं है यार सब में। तारीफ़ों के पुलों पर बँधे रिश्तों की उम्र बहुत छोटी होती है। 

4 साल में गिन कर मैं 4 लोगों से जुड़ पाया हूँ जिन्हें दोस्त कहता हूँ। जिनके लिए मैं स्टैंड ले सकता हूँ और जिन्हें बोल सकता हूँ कि तुम्हारा काम सही नहीं है। जिनसे लड़ सकता हूँ और जिनके लिए किसी से भी लड़ सकता हूँ। 

मुझे दोस्त कहने वालों ख़ुद से पूछना कि जिसको दोस्त कहता हूँ उसके लिए कभी किसी से भी लड़ सकता हूँ, अगर जवाब न हो तो मान लेना ये बस एक business है। मैंने दोस्तों को, अच्छे लेखकों को और बेहतरीन पाठकों को अलग अलग रखा है। अच्छे लेखक से रिश्ता टूट सकता है और अच्छे पाठक बिछड़ सकते हैं पर दोस्त इन सब से पहले है इन सब से ऊपर ।

दोस्त कर्ण होता है विभीषण नहीं ।

©® तरुण पाण्डेय

Comments

Popular Posts