मन में उठी एक टीस


बाँधना आना चाहिए। बँधन का अपना एक महत्व है जिसे नकारा नहीं जा सकता है। मुझे ऐसे लोगों का लिखा हुआ पढ़ना बहुत पसंद है जो बाँध सकते हैं, जो घड़ी की सुई को तेज़ी से भगाने लग जाते हैं और जिन्हें पढ़ते हुए कुर्सी से उठने का मन नहीं करता है। आजकल के अधिकतर लिखने वालों को पढ़ने के बाद उनमें अंतर कर पाना मुश्किल प्रतीत होता है। सब कुछ एक ढर्रे पर चल रहा होता है। लिखने को सब कुछ लिखा जा चुका है लेकिन नए आयाम तलाश करने की जिद्द-ओ-जहद ने दम तोड़ दिया है। २ पंक्तियों में बात को समटने का ऐसा चलन आ गया है कि किताबों से जैसे एक दूरी बनती जा रही है। मैं दिव्य प्रकाश दुबे द्वारा रचित मुसाफ़िर कैफ़े पढ़ रहा था और उन्होंने जिस तरह उपन्यास की भूमिका बाँधी है वही पढ़ कर मेरा मन उस किताब से हट गया। इसका मूल कारण है शब्दों का चयन। उन्होंने भले कहानी युवकों के लिए लिखी मगर रेस्पेक्ट, फुल स्टॉप और अंडरलाइन जैसी शब्दों की जगह इनके हिन्दी विकल्प इस्तेमाल किये जा सकते थे। अंग्रेजी से कोई नफ़रत नहीं है लेकीन अंग्रेजी शब्दों का उपयोग रचना के अनुरूप हो, भूमिका में उसकी कितनी आवश्यकता थी मुझे नहीं मालूम। यहाँ पाठक के रूप में मुझे लगता है दिव्या प्रकाश दुबे जी परिपक्वता से कोसो दूर हैं।

कहानी सिर्फ़ भारी शब्दों से अच्छी नहीं बनती है, उसमें दिल निचोड़ कर रख देना चाहिए - कहानी कहीं से भी बढ़ते पृष्ठ के साथ कमज़ोर नहीं बल्कि और मजबूत बन कर उभरनी चाहिए और मुसाफ़िर कैफ़े नहीं उभर पायी मेरी नज़र में। आपके लिए वो एक बहुत बेहतरीन किताब हो सकती है और मुझे ये स्वीकार करने में कोई तकलीफ़ नहीं होगी। इस किताब की प्रशंसा इस कारण आप कर सकते हैं कि जो नए लोग हिन्दी उपन्यास से अनभिज्ञ होते जा रहे  थे उन्हें अपनी ओर खींच कर हिन्दी उपन्यास को नवयुवक और नवयुवतियों के हाथों में पुनः स्थापित करने में दिव्य प्रकाश जी का योगदान अहम हो सकता है परन्तु आगे आने वाले दिनों में आज के युग के एक प्रसिद्ध और महान उपन्यासकार के रूप में या हिन्दी को नयी दिशा देने वाला साहित्यकार के रूप में उनका नाम लिया जाएगा या नहीं कहना दुर्लभ है। 

हिन्दी को महानगरों में स्थापित करने में उनका हाथ अवश्य होगा जो कहीं न कहीं हिन्दी से कटने लगे थे। इस पहल में एक और नाम जुड़ सकता है दीपक शंकर जोरवाल का जिन्होंने आधुनिक संगणक एप्लीकेशन (हिन्दी कम्युनिटी ऐप) के द्वारा हिन्दी को टेक्नोलॉजी से जोड़ कर उसको देश के विभिन्न भागों में पहुँचाने का एक सार्थक क़दम उठाया। मगर इस बात पर गौर करना बहुत आवश्यक है कि हिन्दी के प्रचार प्रसार में वो नाम न पीछे छूट जायें जो आज के युग में हिन्दी लिखते हुए भी उसकी गरिमा और उसके आदर्श को बचा कर रखे हुए हैं। हिन्दी का इतिहास बहुत गौरवपूर्ण रहा है। जहाँ अंग्रेजी में हम हैरी पॉटर नाम की किताब बड़े ध्यान से पढ़ लेते हैं और उसकी तारीफ़ करते नहीं थकते वहीं हिन्दी में एक लघु उपन्यास को पढ़ते वक़्त उबासियाँ लेना या उससे बँध न पाना अच्छा संकेत नहीं होगा। 

हिन्दी का प्रचार करते हुए इस बहाने का उपयोग करना कि  भाषा बदलते वक़्त के साथ अपना स्वरूप बदलती है और इस बहाने उसका स्तर बिल्कुल सामान्य बोल चाल की भाषा में तब्दील कर देना कहाँ तक सही है समझ नहीं आता है। हिन्दी के व्याकरण, शिल्प, भाषा शैली, अलंकार जैसे अनेक तत्वों पर काम करना ( सीखना और उपयोग में लाना ) और हिन्दी भाषा का स्तर निखारना ही हिन्दी की सबसे बड़ी सेवा होगी। आज के युग के ही एक बहुत प्रतिभाशाली लेखक का नाम लेना चाहूँगा सुशोभित जिन्होंने अपनी लेखनी में आधुनिक और परंपरागत तरीक़ो का ऐसा सामंजस्य बैठाया कि पढ़ कर अनायास ही मुँह से वाह निकल आता है। उस सामंजस्य को बैठाना और हिन्दी के नए युग का निर्माण करना ही आज के लेखकों की सबसे बड़ी चुनौती होगी मुझे ऐसा लगता है। 

/ तरुण पाण्डेय

Comments

  1. Bilkul sahi kaha aapne. Mai aap se sehmat hun!

    ReplyDelete

Post a Comment

Popular Posts