रिश्ते
मैं रिश्तों का चाहे वो वर्चुअल दुनिया के हों या असल ज़िन्दगी के बहुत ध्यान से अवलोकन करता आया हूँ और इस निष्कर्ष पर पहुँचा हूँ कि जब हम किसी को जीत लेते हैं ठीक उसी वक़्त से उसे खोने का सारा इंतज़ाम करने लग जाते हैं। हर बार ये प्रौढ़ता की माला गले में बाँध कर हर जगह इल्म बाँटने का मुजरा करना बंद करिये। लोगों को इतना परिपक्व न बना डालिये कि वो मासूमियत शब्द का वजूद ही भूल जायें।
कब तक वो ख़ुद को तसल्ली देता रहे कि तुम्हारे पास समय नहीं होगा। हर बार मस्तिष्क में एक ही तरह की बात घूमती रहती है कि अपनी इच्छा जग ज़ाहिर करने से दुनिया उँगली उठाने लग जायेगी। दुनिया नियम और विनियम दोनों को सर्कस के रिंग मास्टर की तरह अपने चाबुक के इशारे पर नचाती है और अपने सहूलत के हिसाब से उसको उपयोग में लाती है। ये ज़माना कभी भी बहुमत या सही ग़लत के अधीन नहीं रहा है ये रहा है सहूलत के अधीन। सहूलत जो बनते हैं व्यापार को और मुनाफ़े को देख कर और मोहर लगाते हैं अंजुम रहबर द्वारा लिखे इस शेर पर कि " जिन के आँगन में अमीरी का शजर लगता है उन का हर ऐब ज़माने को हुनर लगता है "
मैं रिश्तों की बात कर रहा था - सारा दिन उससे उसका हाल-चाल पूछना, बड़ी बड़ी बातें करना और जब अंत में उसका विश्वास तुम्हारी मुट्ठी में हो और उसे यक़ीन हो कि ये मेरी इज़्ज़त करेगा उसी दिन से बातों की मात्रा चुटकी भर नमक के भाँति कम करते जाना और जीत का उत्सव मनाते हुए कि उसे पा लिया है नए इंसान की ओर ऐसे लपकना जैसे नए लक्ष्य को पाने का वक़्त आ गया है रिश्तों की नींव को कमज़ोर कर देता है। क्यों किसी इंसान की इज़्ज़त अधिकतर उसे पाने तक की जाती है और फिर हर बीते दिन के साथ इज़्ज़त देना भी भूल जाते हैं ? आज कल रिश्ते बस बनाये जा रहे हैं निभाये बहुत कम। सोशल मीडिया पर तो झुमके, बिंदी, कपड़े, किताबों के लेन देन को रिश्तों का नाम दे दिया जाता है पर ध्यान से देखें तो पाएंगे कि ये सब बस एक व्यापार है। पारस्परिक आश्रय का एक शानदार नमूना क्योंकि असल में रिश्ते बहुत दबे पाँव चुपके से और रेंगते हुए आपके पास उस क्षण आते हैं जब दुनिया आपको नकार देती है।
रिश्ते ऐसे होते हैं जैसे नम्बि नारायण - राकेट साइंटिस्ट और उन्नी का रिश्ता जो तब उनके साथ खड़े रहे जब सारी दुनिया ने नम्बि को गद्दार के नाम से पुकारना शुरू कर दिया था। आजकल चलचित्रों ने हमें बहुत हद तक घेरा हुआ है इस कारण फ़िल्म जगत से ये उदाहरण देना उचित लगा। रिश्ते बनने के लिए समय मांगते हैं और कायम हो जाने पर समय समय पर खाद और पौष्टिक तत्व क्योंकि रिश्ते जंगल में लगने वाले पेड़ नहीं होते जो ख़ुद फलते और फूलते रहते हैं वो घर के आँगन में लगने वाले पौधे होते हैं जिन्हें अगर समय समय पर नहीं देखा गया तो मुरझाना पक्का है।
वो मुरझा गया है कि तुम उसके पास नहीं हो, समय नहीं है ऐसा भी नहीं है क्योंकि बाक़ी सभी पौधे जिनसे तुम्हे पैसा, नाम शौहरत और trp मिलेगी उन्हें बराबर खाद पानी मिल रहा है। उसकी उपयोगिता और अनुपयोगिता पर फिर कभी बहस कर लेंगे।
/ तरुण पाण्डेय

Comments
Post a Comment