मुझे निन्यानवे के साँप ने डसा है
मुझे निन्यानवे के साँप ने डसा है
°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°
बशीर बद्र साहब का एक शेर बहुत प्रचलित है कि
" दुश्मनी जम कर करो लेकिन ये गुंजाइश रहे
जब कभी हम दोस्त हो जाएँ तो शर्मिंदा न हों "
उन्होंने क्या सोच कर इसे लिखा होगा। किन परिस्थितियों में इस शेर का जन्म हुआ होगा और किस घटना से इस ख़्याल का बीज ग़ज़ल की दुनिया में बोया होगा बशीर बद्र साहब ने।
इस संसार में जितने जीव जंतु अवतरित हुए हैं उनकी कुछ विशेषताएँ हैं, उनके कुछ मुख्य लक्षण हैं जो वे कभी नहीं त्याग सकते। हम सब यह जानते हैं कि कोयल कभी ख़ुद के लिए आशियाना बना कर वहाँ अंडे नहीं देगी, बिच्छू कभी डंक मारना नहीं छोड़ेगा लेकिन इंसानों के विशिष्ट गुणों को नापने का या उसे समझने का कोई माप दंड नज़र नहीं आता। इंसान समय के साथ बदलता रहता है। आप इस बात का अंदाज़ा भी नहीं लगा सकते हैं कब राजा रंक बन जाये और कब रंक राजा में तब्दील हो कर सारे जहां पर राज करे। हमारे समाज में इसके कितने ही सशक्त उदाहरण उपस्थित हैं। महर्षि वाल्मीकि जिन्होंने रामायण महा ग्रन्थ की रचना की पहले एक डाकू थे। रत्नाकर कब वाल्मीकि में परिवर्तित हुआ, यह चमत्कार कैसे और कब हुआ इस लेख का अहम मुद्दा यह नहीं है। अहम मुद्दा यह है कि इंसानों को जानवरों की तरह उसके विशिष्ट गुणों को ध्यान में रखते हुए किसी विशेष श्रेणी में नहीं रखा जा सकता है। न ही उसके आने वाले कल के बारे में किसी तरह की भविष्यवाणी की जा सकती है। इंसान एक समाजिक प्राणी है और अपनी संगत के अनुसार अच्छे से बुरे में या इसके विपरीत बुरे से अच्छे में तब्दील हो सकता है।
जो इस बात को जानता है और समय की ताक़त को पहचानता है वो कभी किसी व्यक्ति विशेष का उपहास नहीं करता। उसे दूसरों के सामने नीचा नहीं दिखाता या कह लें दुश्मनी भी एक मर्यादा में रह कर करता है। शायद इस कारण उन्होंने इस शेर को लिखा और आज यह सिर्फ़ एक शेर नहीं है बल्कि जीने का अंदाज़ है। गौरवशाली जीवन का प्रतीक है और मर्यादा का प्रतिनिधित्व करता, लोगों को सही मार्ग पर चलने को प्रेरित करता एक ऐसा अध्याय है जो आगे आने वाले पीढ़ियों का मार्गदर्शन करता रहेगा।
हम आम जीवन में कितने बार किसी को नीचा दिखा देते हैं - कोई कुछ लिखता है तो कह देते हैं कि तुम कभी मुझ सा नहीं लिख पाओगे। महँगी कारों में बैठ कर सड़क पर चलने वालों को दैन्य दृष्टि से देखते हैं। दुनिया लोगों को कामयाब हो जाने के बाद सर पर चढ़ा लेती है लेकिन हर वो इंसान जो दुत्कारा हुआ है और समाज की पैनी नज़रों से छला हुआ है, जिसकी आत्मा खरोंच दी गयी है आपने सोचा है कामयाब बनने के बाद वो फल से लदे हुए वृक्ष समान विनम्र होगा या रावण सा अहंकारी। आज यह शेर पढ़ते हुए सोच रहा हूँ कि उससे नज़र कैसे मिला पाऊँगा जिसे कभी कहा था तुम लिख नहीं पाओगे और आज वो जनकवि है जन जन का कवि है। उससे नज़र कैसे मिला पाऊँगा जो कभी मेरे अधीन था और मेरे गुस्से का शिकार हुआ था मगर आज करोड़ो का मालिक है और साक्षात भगवान कुबेर उसके घर में विराजमान हैं। आज मेरी लिखी कविता मुझपे खुल रही है। उस कविता का एक अंश आप सब के साथ छोड़ कर जा रहा हूँ।
मैं दुर्गम ऊँचाइयों पर, अंतिम शिखर के पास
पहुँच कर लुढ़का हुआ पत्थर हूँ,
जिसका अस्तित्व मिट्टी में मिल गया हो
और धुल गईं हों सारी कृतियाँ ,
मुझे बंजर धरती की आह लगी है
मुझे निन्यानवे के साँप ने डसा है ।
/ तरुण पाण्डेय

Comments
Post a Comment