उदासी
ये किसकी चाल में आईं नई नस्लें
उदासी बेच दी किसने दवा कह कर
अभिसार गीता शुक्ला द्वारा लिखा यह शेर पढ़ते हुए मैं यही सोच रहा था कि जिनकी भी चाल में आईं हों यह नस्लें उन लोगों ने वायु में निस्तब्धता कायम कर दी है। हर कोई उदासीनता में लीन ख़ुद को एक प्रत्याशित ज़िन्दगी से दूर कर लेना चाहता है। कभी कभी ऐसा लगता है कि उदासी को ग्लैमर का पर्याय समझ लिया गया है। उदासी का जीवन में अनायास आना और आप पर हावी होते हुए आपके जीवन की दिशा तह करना एक बात है और किसी चाल के तहत या किसी स्वार्थ के अधीन उदासी को ख़ुद पर हावी होने देना दूसरी बात है।
मुझे आज यह पढ़ते हुए जग्गी की बहुत याद आयी। मालती का उदासी को निर्मल जल की तरह गले से पार कर जाना बहुत याद आया। जग्गी और मालती कमलेश्वर द्वारा रचित उपन्यास काली आँधी के ऐसे सशक्त किरदार हैं जिन्होंने उदासी का चोंगा न ओढ़ते हुए धैर्य, हिम्मत और साहस का अनूठा उदाहरण पेश किया। उनके जीवन में सिर्फ़ और सिर्फ़ अंधेरा था, आशाएँ विलुप्त हो चुकीं थीं लेकिन उस अंधेरे को काट कर मालती निरंतर कामयाबी की सीढ़ी चढ़ती जा रही थी और दूसरी तरफ़ जग्गी अपने बचपन के प्यार को खोने के बाद, अपने होटल में ताला लगा देने के बाद कितनी सहजता से मुस्कुराते हुए भोपाल के गोल्डन सन नामक होटल में मैनेजर के पद पर स्थापित हो चुका था।
उदासी का अंदाज़ा सिर्फ़ एक उदास इंसान लगा सकता है। उसे अपनी और आकर्षित करने वाले - उदासी की चादर ओढ़े ग़ज़ल लिखने वाले, उसकी आड़ में भीड़ एकत्रित करने वाले या फिर उदासी को अतिरंजना बना उससे अपनी दुकान चलाने वाले लोग तो उदासी का अंश मात्र भी न झेल पाएँ। उदासी फैक्ट्री में निर्मित कोई दवा नहीं है जिसे चख कर आप ग़ज़लकार, गीतकार या कवि बन जाएँ। उदासी तो एक प्राकृतिक अनुभव है जो किसी भी मनुष्य पर जब खुलती है तो उसे अंदर तक झकझोर कर रख देती है।
उदासी क्या होती है - पूछिये मोहन राकेश से जिन्हें बँटवारे के बाद भारत आना पड़ा और अपने आप को पुनः स्थापित करना पड़ा। पूछिये बशीर बद्र साहब से जिनके दो कमरे के घर को १९८७ के मेरठ के साम्प्रदायिक दंगों में जला दिया गया। पूछिये मन्नू भंडारी से जिनसे उनके पति राजेन्द्र यादव जुदा हो गए। दुख का, उदासी का सबब पूछिये कमलेश्वर से जो आत्महत्या करने जा रहे थे। उदासी जब किसी पर खुलती है न तो उसे चारों खाने चित कर देती है। उस उदासी से लड़ने के बाद अपने तज़ुर्बों को पन्नों पर उतार कर ही कोई लेखक बनता है।
विष्णु प्रभाकर ने अपनी पुस्तक आवारा मसीहा में कहा भी है कि लेखन छोड़िए जीवनी में भी घटनाओं का चयन लेखक किसी नीति, तर्क या दर्शन से प्रभावित होकर नहीं करता। वह गोताखोर की तरह जीवन-सागर में डूब-डूब कर मोतियां चुनता है। सशक्त और सच्ची सम्वेदना की हर घड़ी वही मोती है।
उदासी को इतना आसान न कर दें कि उदासी का भावनात्मक पक्ष नेस्तनाबूद होने के कगार पर खड़ा होता दिखे। उदास व्यक्ति जो सच में उदास है जिसपर उदासी मेहरबान है उसकी कलम आग उगलती नज़र आती है। उदासी को चखने की दुआ मत माँगिये, उसे पास न बुलाइये, उदासी अंदर से इंसान को खा जाती है, दीमक की तरह आपके वजूद को नेस्तनाबूद कर देती है और उसके बाद जो थोड़ा बहुत हाड़ मांस का ढांचा शेष नज़र आता है वो बस दूर से ही अच्छा, प्रेरणादायक और रोमांचकारी प्रतीत होता है। उसके पास बैठ कर उसके दर्द पर मरहम लगाने वाला भी कोई नज़र नहीं आता है। और शायद इस कारण उसकी कलम पन्नों पर चीख़ती हुई लिखती है कि
मैं ख़ुदकुशी से पहले सभी को करूँगा कॉल
बस देखना है फ़ोन उठाता है कौन कौन
/ तरुण पाण्डेय

Comments
Post a Comment