पाठकगण
प्रिय पाठकगण,
अगर किसी व्यक्ति विशेष को साहित्यिक मंच का लोभ है या फिर वे किसी मंच से जुड़े हुए हैं तो उनके लिए अपनी बात रखना आसान कार्यों में सम्मलित नहीं है। किसी पद पर बैठ कर वहाँ के लोगों की निंदा करना बहुत दुर्लभ कार्य है। इस कारण श्रोतागण और पाठकगण की एक ज़िम्मेदारी होती है। उनकी भी एक अहम भागीदारी होती है किसी कलाकार को उभारने में या गिराने में।
आप सोच रहे होंगे कि जो लोगों के बीच सराहा जाता है, जिसे सुनने को लोग बेताब होते हैं, जिसका काम नवयुवक एवं नयुवतियों के लिए प्रेरणास्रोत बन जगमगाया है वो भी कभी उस मंच से अपने साथ के लोगों के प्रति सच बोलने से क्यों हिचकिचाहट महसूस करते हैं।
मुझे ऐसा लगता है और यह सच भी है कि किसी संस्था, किसी समूह या किसी उद्देश्य से जब आप लोगों से जुड़ते हैं या उनके मध्य आपका निरन्तर उठना बैठना होता है तो आप एक सहज, सरल, गतिशील और सहायक वातावरण की आकांक्षा रखते हैं। आप इस बात का पूरा ध्यान रखते हैं कि आप के किसी कटाक्ष के कारण या किसी बयान के कारण आपसी तनाव न बढ़े। यह एक प्रमुख कारण है कि अधिकतर खिलाड़ी खेल को अलविदा कहने के पश्चात अपनी जीवनी लोगों के समक्ष प्रस्तुत करते हैं। एक प्रशासनिक अधिकारी अपने पद को त्याग देने के बाद ही उस पद से जुड़ी अप्रिय घटनाएँ लोगों के समक्ष पेश करता है।
इस कारण बहुत से गुणी, प्रतिष्ठित, ज्ञानी और बेहतरीन शख़्सियत ना चाहते हुए भी उन जगहों पर ताली मारते या उन लोगों की प्रशंसा करते नज़र आ जाते हैं जिनका ख़ुद का मेयार उन गुणी लोगों से बहुत कम होता है। ऐसा नहीं कि उन्हें इस बात का इल्म नहीं है या वे हुनर को समझते नहीं हैं। सच तो यह है कि वे आप पर भरोसा करते हैं। उन्हें पूर्णरूप से इस बात का विश्वास होता है कि अच्छे कामों को न सिर्फ़ लोगों का प्यार मिलेगा बल्कि आगे आने वाले दिनों में उसकी चमक बढ़ती ही जाएगी और उसे रचने वाले रचयिता का नाम चारों दिशाओं में सूर्य की किरणों की भाँति फैलेगा।
आप आम जनता नहीं हैं - आप के हाथों में चयन करने की ताक़त है। इस कारण यह सिर्फ़ आपकी ज़िम्मेदारी और भागीदारी ही नहीं आपका कर्तव्य भी है कि आप पढ़े लिखे हों, अपने आने वाले बच्चों को धरोहर में अच्छे कलाकार दे सकें, उन्हें अपने महान अतीत से जोड़ सकें और आपके चयन पर आगे चल कर गौरवान्वित महसूस किया जा सके।
/ तरुण पाण्डेय

Comments
Post a Comment