सोशल मीडिया


सोशल मीडिया पर सिर्फ़ और सिर्फ़ अच्छी चीज़ों को नहीं सराहा जाता है बल्कि प्रसिद्ध लोगों के क़दमों पर गिर उन्हें महान बनाने की भी एक अंधी दौड़ शामिल होती है। हम सब ने मिल कर एक अलग तरह के अल्गोरिथम को जन्म दिया है। हम सब व्यक्ति विशेष के गुलाम हैं या प्रसिद्धि के पीछे भागते हुए ख़ुद का नाम बनाना चाहते हैं, उनके मन मस्तिष्क में अपना नाम अंकित करना चाहते हैं या फिर किसी प्रसिद्ध या नामी व्यक्ति से जुड़ कर आहिस्ते आहिस्ते उनके काम को पसंद करने वाले लोगों को अपनी तरफ़ आकर्षित करना चाहते हैं यह पता कर पाना मुमकिन नहीं है। हमने कॉन्टेंट को अब पीछे रख दिया है, अच्छे कॉन्टेंट को और फॉलोवर की संख्या देख एक फ़ालतू कॉन्टेंट को सो कॉल्ड रिच कॉन्टेंट का पट्टा पहनाने का काम करने वाले हम पढ़े लिखे लोग ही हैं। 

मुझे बड़ी हैरत होती है कि एक इंसान के नाम का प्रभाव कुछ ऐसा है कि जिस काम के लिए उसे जाना जाता है वही काम ढंग से कर सकने में असमर्थ, अपरिपक्व और निरर्थक व्यक्ति सराहा जाता है। हर जगह हर स्थान और हर मंच पर बेकार, अर्थहीन, फूहड़ता से भरे काम को आसान का पर्याय समझ कर या फिर आज के समय की ज़रूरत मान कर ना सिर्फ़ हरी झण्डी दिखायी जा रही है  बल्कि उसे जीने का एक कामयाब ढंग बता कर लोगों को परोसा जा रहा है।

जब कि मैं ख़ुद एक कॉन्टेंट क्रिएटर हूँ तो मैं सोचता हूँ कि क्या इस भागती हुई दुनिया का हिस्सा बन मैं भी अपने काम के स्तर को नीचा गिरा दूँ या फिर बिना किसी प्रोत्साहन के लगा रहूँ बंजर धरती को सींचने में? क्या मैं भी बन जाऊँ पुस्तक समीक्षक और तारीफों के पुल बाँध कर ख़ुश कर दूँ आजकल के सभी वर्तमान में लिखने वाले हिन्दी के महान लेखकों को जिन्होंने हिन्दी को आसान बनाया हो न बनाया हो उसका स्तर गिराने में कोई कमी नहीं छोड़ी है। आसान लिखते हुए गहरा लिखना हमारा लक्ष्य होना चाहिए था। हमें प्रेमचंद की कहानियों से सिख लेनी चाहिए थी जिसे कोई भी पढ़ कर महसूस कर सकता था। उनकी लिखी कहानियाँ पढ़ने के लिए हिन्दी का स्कॉलर होने जैसा कोई मानदंड निर्धारित नहीं है मगर उनकी सभी कहानियाँ और उनके किरदार अमर हैं क्योंकि उनमें सरल हिन्दी का प्रयोग हुआ है और मानवीय संवेदनाओं को बहुत ही सहज तरीक़े से सँजोया है। 

कुछ लोग समझेंगे कि फूहड़ता से मेरा तातपर्य हिंदी लेखन में गालियों के प्रयोग से है। नहीं बिल्कुल नहीं, गालियों के प्रयोग से कोई कहानी या उपन्यास बुरी नहीं बनता अगर ऐसा होता तो हिन्दी के स्वर्णिम इतिहास में आधा गाँव, काशी का अस्सी,  झीनी झीनी बीनी चदरिया जैसी किताबों को जलाना पड़ जाता। पांडेय बेचन शर्मा ‘उग्र’ की गर्म पकौड़ी  पर तो उनकी शिकायत पं बनारसीदास चतुर्वेदी के माध्यम से गांधी जी तक पहुंची थी। चतुर्वेदी जी उग्र जी के साहित्य को घासलेटी साहित्य मानते थे। पर सौभाग्य से गांधी जी न केवल इस बात से सहमत नहीं हुए बल्कि उन्होंने अपने हाथ से उग्र जी के पक्ष में  लिख कर दिया। रेणु जी ने भी आंचलिकता का जादू रचने में अपशब्दों से परहेज नहीं किया। तभी तो वे मैला आंचल के बारे में लिखते हैं कि 'इसमें धूल भी है और शूल भी। सुगंध भी है और दुर्गंध भी'।

मैंने कहीं पढ़ा था कि गाली शब्दों में नहीं नियत में होती है। आज के लिखने वालों के नियत में गाली प्रवेश कर चुकी है। उनके किरदार किसी विशेष घटना से प्रेरित हो कर गालियाँ नहीं दे रहे, किसी विशेष समाजिक दृश्य को प्रकट करते हुए या वहाँ की सामाजिक कार्यशैली को दर्शाते हुए गाली नहीं दे रहे। वे लोगों से ख़ुद को भिन्न दिखाने के लिए, ख़ुद की तरफ़ ध्यान केंद्रित करने के लिए या फिर ट्रेंड में रहने के लिए गालियों का उपयोग कर रहे हैं। आजकल सेक्स सुक्स का होना एक कामयाब उपन्यास का ईंधन है ऐसा समझने वाले लोग यह बात भूल जाते हैं कि जानबूझकर कहानी को इस तरह से मोड़ देने से सेक्स सुक्स ख़ोज कर पढ़ने वाला पाठक सिर्फ़ यही कुछ पृष्ठ पढ़ेगा और आपकी उपन्यास अनपढ़ी धूल फाँक रही होगी। ऐसे उपन्यासकार - मंटो, राही मासूम रज़ा, काशीनाथ सिंह नहीं बनते बस एक न्यूज़ बन कर रह जाते हैं।

आप सब ईमानदार रहें और जिस तरह के कॉन्टेंट बनाते हैं और पूरे दिल से बनाते हैं उसे बनाते और रचते रहें। हमारे कॉन्टेंट का बस एक हिस्सा नहीं पढ़ा जाएगा, बस कुछ आकर्षक पन्ने नहीं पलते जायेंगे - वे कम देखे जायेंगे, कम पढ़े जायेंगे मगर सम्पूर्ण तरह से लोगों के ह्रदय में अपनी जगह बना लेंगे। इतिहास इस बात का गवाह है कि अच्छे काम भी वायरल होते हैं - मैंने इसी स्टेज पर ऋषभ शर्मा के काम को वायरल होते देखा है, विक्रांत मैसी को आगे बढ़ते देखा है, शाहरुख ख़ान को दुनिया का सबसे बड़ा सितारा बनते देखा है और इनके कामों में आर्ट और क्राफ़्ट है, मेहनत है, ईमानदारी है और कभी न हार मानने की एक ज़िद्द है। 

/ तरुण पाण्डेय

Comments

Popular Posts