नचनिया


आज सुबह से लोगों को आना जाना लगा हुआ है। घर के पास वाली गली में जगह जगह बाँस गाड़ दिए गये हैं जिसमें भोपूं लगना है। हर तरफ़ यही शोर है कि लखनऊ शहर की चर्चित हस्ती मधु नये फ़िल्मी गानों पर थिरकने वाली है और यक़ीन मानिये नौजवानों के रगों में ख़ून की जगह करंट बहना शुरू हो गया है।

इन सब से दूर अपने कमरे के एक कोने में चुपचाप मौत की राह तकता सिद्धार्थ कॉपी पर अपने कॉलेज के समय की वही पुरानी स्वरचित कविता लिख रहा है 

तेरी याद में इक फ़साना लिख रहा हूँ⠀
नई नज़्म बोसीदा ज़माना लिख रहा हूँ⠀
⠀
खंडहर की तरह पड़ा हुआ हूँ बरसों से⠀
मरम्मत का बहाना लिख रहा हूँ ⠀

बहक रहा हूँ लिखते हुए तेरी अदाओं को⠀
तेरी अदायें क़ातिलाना लिख रहा हूँ ⠀
⠀
कूचा ओ बाज़ार में यही शोर है⠀
बेवफ़ा को दीवाना लिख रहा हूँ⠀
⠀
जहाँ तुझे देखा था पहली दफ़ा⠀
तेरे हिस्से वो आबोदाना लिख रहा हूँ ⠀
⠀
इंतेज़ार में तेरे ज़िन्दगी गुजार दी⠀
अक्ल को इश्क़ से सयाना लिख रहा हूँ

पाँचवी बार लिख कर इसे फाड़ने के उपरांत वो उठता है और खिड़की से बाहर की ओर झाँकता है। जिन आँखों को रौशनी की आदत न हो उन आँखों का स्ट्रीट लाइट को देख चौंधिया जाना कोई बड़ी बात नहीं है। रोशनी से उसका बचपन का बैर है, फ़ोटोफोबिया से ग्रसित सिद्धार्थ अधिकतर चमकीली लाइट से ख़ुद को बचाता फिरता है। मधु और सिद्धार्थ में एक समानता है - दोनों ही को कभी असल प्रेम नहीं मिला। सिद्धार्थ से वही लोग जुड़े रहे जो उसके दिमाग़ का इस्तेमाल कर आगे बढ़ जाना चाहते थे। मधु थोड़ी समझदार है। वो जानती है कि जब तक जवानी है तब तक ही वो लोगों के दिलों पर राज कर पायेगी। 

शाम का समय / टी स्टाल का दृश्य

सिद्धार्थ अपनी पुरानी कविता गुनगुनाते हुए चाय की चुस्कियां ले रहा था और तभी एक आवाज़ सुन कर वो चौक गया। आवाज़ किसी और की नहीं बल्कि मधु की थी। वही लड़की जो कभी कॉलेज की टॉपर हुआ करती थी, जिसे धर्मवीर भारती का लिक्खा मुर्दो का गाँव बहुत पसंद था। सिद्धार्थ ने कहा तुम वही कॉलेज की मधु हो और ये जलसा ये भीड़ ये फुहड़ता क्या इस दिन के लिए तुमने इतनी पढ़ाई की थी। मधु उत्तेजना में बह कर चिल्लाने वालों में से नहीं थी। उसने अपने बाल झटके और बड़ी शालीनता से कहा - सिद्धार्थ बाबू अब साहित्य से इतना पैसा तो नहीं कमाया जा सकता न कि बूढ़े माँ बाप को सम्भाला जा सके और रही बात साहित्य के समझ की तो आप की लिखी कविता अधूरी लगती है। आप के गद्य, आपकी लिखी कहानियाँ पुराने लेखकों के काम की चोरी है। आप ने हाल में ही जो नई कहानी प्रकाशित की है उसकी पठकथा हानूश नाम के नाटक से चोरी की है लेकिन क्या फ़र्क़ पड़ता है ? किसके पास टाइम है किताब पढ़ने का ? शुक्र है लोग मेरे ठुमके देखने में मसरूफ़ हैं। 

ये सुन कर सिद्धार्थ के सीने पर साँप लौट गया। मधु ने आगे कहा आप की आँखों को ही नहीं बल्कि मस्तिष्क को भी रौशनी के आगमन से बहुत दिक़्क़त है। कुछ लोग इंसानों को उतना ही देख और समझ पाते हैं जितना दो आँखें दिखाती हैं। बाकी रही साहित्य की बात तो आप का चल पड़ना आप के लेखन शक्ति की महानता है या आज के लोगों का असली साहित्य से अनभिज्ञ रहना ? आप जो जीते हैं उसके विपरीत लिखते हैं। कितना विरोधाभास है न ? जीवन शैली और लेखन के इस विरोधाभास को साहित्य कल्पना शक्ति का नाम देता होगा मैं इसे दोगलापन कहती हूँ। मेरी बात मानिए आज रात रंगमंच पर आइये और मुझे देख मुझसे नफ़रत करते हुए एक ऐसी रचना लिख दीजिये जो अमर हो जाये। साहित्य में प्रासंगिकता का महत्व बहुत है और आप तो लिखने और पढ़ने वाले लगते हैं। आप से ज़ियादा साहित्य तो नहीं जानती मगर इस नाचने वाली की ये बात ज़रूर मानियेगा। आप की कविता मेरी ज़िंदगी की तरह अधूरी न लगे किसी को। 

/ तरुण पाण्डेय

Comments

Popular Posts