सुंदर फूल


हर वो मुद्दा जिसपे विचार रखा जा सकता है अब उसपे विचार रखना ठीक नहीं लगता है। अधिकतर लोग इस बात से परेशान हैं कि उन्हें वहाँ तालियाँ मारनी पड़ती हैं, तारीफ़ों के पुल बाँधने पड़ते हैं जहाँ गालियाँ पड़नी चाहिए क्योंकि आगे बढ़ने का रास्ता उन लोगों द्वारा निर्धारित किया जाता है। लेकिन मैं आपको कहूँगा कि तालियाँ मारिये, जहाँ ज़रूरी हो वहाँ विन्रमता से काम लेते हुए जी हुज़ूर बोलते हुए आगे बढ़िए क्योंकि आपके हुनर को बस एक अच्छे प्लेटफार्म की ज़रूरत है। आपके चमकने भर की देरी है और उसकी रौशनी से सारा शहर जगमगा उठेगा। 

ऊपर चढ़ने के प्रयास में बहुत बार बे हुनर लोगों के दबदबे और उनकी पहुँच आपको विचलित करेगी मगर एक चीज़ आप से कोई नहीं छीन सकता है और वो है आपके ख़ुद का सिग्नेचर स्टाइल। अगर आप कला के क्षेत्र में हैं और उसमें भी लेखनी से जुड़े हुए हैं तो सबसे ज़रूरी और अहम काम है बिना मिलावट अपने काम को पहले से बेहतर करते जाना और दूसरा हर उन लोगों के संपर्क में आना जो आपके नाम को ऊपर ले जा सकते हैं। किसी भी नाम में लम्बे समय तक पहले सफ़ में बैठे रहने की औक़ात नहीं है। पहला सफ़ काम के हिस्से आता है। मौक़ा मिलना और उस मौक़े का फ़ायदा उठाना आपकी क़िस्मत और मेहनत दोनों पर निर्भर करता है। नाम अमर होता है लेकिन काम करने के बाद। इस कारण अगर आप के काम में दम है तो बिना हार माने बस मौके का इंतिज़ार करिये। 

जीवन के किस पड़ाव पर आपकी लेखनी किस पर प्रभाव डालेगी यह कह पाना आसान नहीं है। सुशोभित लिखते हैं कि जंगल में दुनिया का सबसे ख़ूबसूरत फूल भी खिले तो चुपचाप झर जाता है। हो सकता है कि आप सोशल मीडिया और कंक्रीट के जंगल के सबसे ख़ूबसूरत फूल हों मगर जब तक आप किसी प्रभावशाली और सच्चे माली के संपर्क में नहीं आयेंगे तब तलक बाज़ार में आपके हुनर और प्रतिभा को नहीं पहचाना जाएगा। इस सोशल मीडिया और कंक्रीट के जंगलों में ख़ूबसूरत फूलों की कमी नहीं है मगर खर-पतवार की संख्या इतनी ज़ियादा है कि सुंदर फूलों को खोज निकालने में काभी वक़्त लगता है। कभी  कभी वे फूल झर चुके होते हैं तो कभी जीवाश्म बन नज़र आते हैं किसी डायरी के पन्नों पर जिन्हें केवल सराहा जा सकता है मगर जीवित नहीं किया जा सकता है। 

/ तरुण पाण्डेय

Comments

Popular Posts