भीड़ हो जाऊँगा
मैं जब पीछे मुड़ कर देखता हूँ तो पाता हूँ कि मैंने लोगों से बहुत कुछ प्राप्त किया, उनसे सलाह मशवरा भी किये और जब मुझे लगा कि अब मैं उनके स्तर का हो गया हूँ तो अगली मंज़िल की ओर कूच करने निकल पड़ा। ये अगली मंज़िल ही सारी मुसीबतों की जड़ है। अगली मंज़िल पर जाने का व्यवहारिक पक्ष तो ये होना चाहिए कि पहले से बेहतर स्थान का चयन, हुनर में इज़ाफ़ा, काम करने के ढंग में पहले से अधिक परिपक्वता और ऐसी अनेक चीज़ें जिसे आप बिंदुवार लिख सकते हैं जो निरन्तर आगे बढ़ने की ओर संकेत करते हैं मगर क्या ऐसा होता है ?
आगे बढ़ने से पीछे किया हुआ कार्य कम दिलचस्प लगने लगता है। अगर साथ के लोग उसी गति से आगे न बढ़ पायें तो उनके कामों से मन उचटने लगता है। यहाँ आप सब को बता दूँ कि काम से मन उचटना किसी व्यक्ति विशेष से मनमुटाव का पर्याय नहीं है लेकिन इन दो चीज़ों को अलग रख पाना व्यक्ति विशेष के लिए सबसे दुर्लभ कार्य है। मुझे मालूम है तुम तालियाँ बजाना चाहते हो, कभी कभी कहना चाहते हो वाह ! और लोगों को दिखाना भी चाहते हो मेरा हुनर पर हर दिन कोई हाथ पकड़ कर रोक लेता है और तुम पाते हो ख़ुद को बंधा हुआ एक रिश्ते में जहाँ सख़्त हिदायत दी गयी है दूसरों को आगे ना ले जाने की। मुझे तुम्हारा प्रेम इस रूप में भी स्वीकार है ।
मेरे आधे रिश्ते इस कारण टूटे क्योंकि पीछे छूटे लोगों ने मुझपर लांछन लगाया कि "पहले तो बड़ी तारीफ़ कर करता था, अब देखो कैसे पर निकल आये हैं"।
ये पर एक दिन में विकसित नहीं हुए हैं बल्कि बंद कमरों में लोहे की कुर्सी पर घण्टो बैठ कर किताबों में आँख गढ़ा देने के पश्चात, दोस्तों का दायरा न के बराबर कर देने के पश्चात, तन्हाई में अपनी बातें दीवारों से करने के पश्चात, दिन में १ पन्ने से १०० पन्ने पढ़ पाने की यात्रा के दौरान घर के अल्बम में ख़ुद की नामौजूदगी और ऐसी लाखों दबी हुईं ख़्वाहिशों का परिणाम है ये पर। ये पर एक संकेत है कि आप और ऊँची उड़ान तय कर सकते हैं, मेहनत कर सकते हैं और ऐसे परों को काटने का हक किसी जमाने वालों को नहीं देता मैं। मंज़िल तक पहुँचने की क़ीमत तय कर रहा हूँ मैं कि लोगों से ऐसा कट रहा हूँ कि वो दिन दूर नहीं मेरे साथ कोई नहीं रुकेगा। मैं सच कहने से बचता आया हूँ लेकिन दूरी बना लेने मेरी शख़्सियत में शुमार है। एक बार एक दीदी ने लिखा था कि साहित्य को लोग नहीं समझते और ठीक उसके बाद उन्होंने बहुत निम्न कोटि का कार्य स्टोरी पर लगा कर उसे इस प्रकार अलंकृत किया कि मानो यहीं से ज्ञान की धारा बहती है - भीड़ चीज़ों को वायरल कर सकने की ताक़त ज़रूर रखती है पर उसे परखने की समझ नहीं शायद इसी कारण विशेषज्ञ शब्द का ईजाद किया गया है। मैं विशेषज्ञ तो नहीं पर इतनी समझ रखता हूँ कि हर मसालेदार चीज़ अच्छी नहीं हो सकती है।
मंज़िल का मतलब सिर्फ़ बाहरी आकर्षण से नहीं है। मंज़िल का अभिप्राय इस पूरे लेख में ख़ुद के हुनर पर काम करते हुए ख़ुद को बेहतर बनाने से है। जब आप ख़ुद पर काम करते हैं ख़ुद को निखारते हैं तो फिर लोगों से दूर होना ही पड़ता है क्योंकि भीड़ सूक्ष्म बारीकियाँ नहीं तलाशती वो बनावटी चीज़ों पर मोहित होना जानती है। इसके जिम्मेदार भी हम हैं क्योंकि हम वही खाना परोसते जा रहे हैं जो उन्हें पसंद है। खानों से पौष्टिक तत्त्वों को हटाना हमारी कमज़ोरी कह लीजिये या हमारी विवशता। मैं भी विवश हो रहा हूँ कि भीड़ में शामिल हो जाऊँ और एक दिन हो जाऊँगा।
/ तरुण पाण्डेय

Comments
Post a Comment