अकेलापन
अकेलापन अब रास आने लगा है। लोगों से मिलना, उन्हें परखना अब बेईमानी करने जैसा लगता है। उनके सामने अपना सर्वोच्च व्यवहार पेश कर उन्हें अपनी ओर आकर्षित करने का मन भी नहीं करता। आख़िरी बार जब उससे मिला था तो उसने बस यही कहा था। अकेलापन, कौन चाहता है ? अकेलेपन का सबब तो देखिए कि चार दिवारी में क़ैद होकर पढ़ाई करने वाला एक लड़का दीवारों से बातें करते करते शायर बन चुका है। वालिद के गुजर जाने के बाद घर की सारी परेशानियाँ घर के सबसे बड़े लड़के के पेशानी पर उभर आईं हैं और एक पल में उसका बचपना छीन कर उसे प्रौढ़ बना दिया है। अकेला दुनिया से लड़ता हुआ बच्चा अब अकेलेपन में यूँ रम गया है कि उसके शब्दों की जगह उसकी डायरी ने ले ली है। दुनिया की सबसे अच्छी और गहरी ग़ज़ल उसी एक डायरी में क़ैद है और लोगों की वाह वाही से दूर वो सब को निहार रही है। मैं आज सोच रहा था कि उसकी कही ग़ज़ल इतनी अच्छी क्यों होती है ? रात दिन अध्यन कर लिक्खा हुआ उपन्यास क्यों लाखों लोगों द्वारा पसंद किया जाता है ? क्यों जेल में लिखी गयी कविता "इन्विक्टस" आज भी लाखों लोगों के लिए प्रेरणा का स्त्रोत है ? मैंने अनुमान लगाया क्योंकि वो सब की सब रचनाएँ वाह वाही के बौछार से बची रह गईं और लिक्खी गईं उस क्षण जब हृदय में भावनाओं का सैलाब आया था, कलम ख़ुद ब ख़ुद पन्नों पर दौड़ पड़ी थी तथा इल्म और रचनात्मकता के संयोजन द्वारा उसे पूर्ण रूप से सजाया और पकाया गया था। क्यों रामधारी सिंह दिनकर रश्मिरथी में लिखते हैं कि
प्रासादों के कनकाभ शिखर,
होते कबूतरों के ही घर,
महलों में गरुड़ ना होता है,
कंचन पर कभी न सोता है
रहता वह कहीं पहाड़ों में,
शैलों की फटी दरारों में
होकर सुख-समृद्धि के अधीन,
मानव होता निज तप क्षीण,
सत्ता किरीट मणिमय आसन,
करते मनुष्य का तेज हरण
नर वैभव हेतु लालचाता है,
पर वही मनुज को खाता है
ये अकेलापन मनुष्यों के अंदर लड़ने की क्षमता विकसित करता है। उन्हें चट्टान जैसा कठोर भी बनाता है और किसी बहती हुई नदी की तरह लचीला भी। प्रशंसा कला की सबसे पुरानी और अव्वल दर्ज़े की दुश्मन है शायद इसलिय कहते हैं कि तारीफ़ को दिमाग़ में और आलोचनाओं को दिल में जगह नहीं देनी चाहिए। अकेलापन किसी भी कला को निखारने के लिए आवश्यक है। कलाकार कोई भी हो सफ़ल तब होता है जब उसके पास उच्च श्रेणी की रचनात्मकता के साथ साथ अपने कला से जुड़ी सब तरह की जानकारियाँ होती हैं या कह ले हर तरह की मुमकिन ग़लतियाँ करने की सुविधा होती है। ये सुविधा अकेले रह कर ही प्राप्त की जा सकती है न कि दर्ज़न भर लोगों के मध्य रह कर।
लोगों के मेल से, उनके अधिक से अधिक संपर्क में आने से कला भ्रष्ट होती है और शायद इस कारण वो लड़का अपनी कला के साथ समय बिताने ख़ातिर दुनिया से कट चुका है। तारीफ़ों का पुलिंदा दिमाग़ में बिना रखे अपने ही दुनिया में गुम एक महाकाव्य की रचना करने हेतु ख़ुद की एक नई दुनिया बना चुका है। मैं उस दुनिया में क्यों ख़लल डालूँ ? क्यों उसे कहूँ कि समाज का हिस्सा बनो और उसे मयस्सर कर दूँ एक मामूली सी मौत। कलाकार कभी मरा नहीं करते उनका जीवन उनका समय तो उनके जाने के बाद शुरू होता है। तुम कलाकार हो मेरे दोस्त तुम सदा लोगों के दिलों में रहने के लिए जन्में हो। अकेलापन उसके लिए श्राप नहीं बल्कि वरदान है। ख़ुदा हर किसी को ये दौलत नहीं बख़्शता है।
/ तरुण पाण्डेय

Comments
Post a Comment