तीसरी श्रेणी


तीसरे श्रेणी के इंसान मुझे कभी पसंद नहीं आते। अब आप कहेंगे कि तीसरे इंसान से इसका तात्पर्य क्या है ? कोई भी ऐसा इंसान जिसका ज़िक्र बातों में अत्यधिक होता है, जिसकी अत्यधिक तारीफ़ होती है और जिसका हुनर उस तारीफ़ के साथ न्याय भी न कर पाता है। जब आप तीसरा इंसान बन जाते हैं तो आप ख़ुद से तो दूर हो ही जाते हैं लोगों से भी कटने लगते हैं। आप कितने ही हुनरमंद हों आपको आपके हुनर से नहीं उन दो इंसानों के नाम से जाना जाता है जिसने पागलों की तरह आप का विज्ञापन छापा, अख़बार में इश्तिहार दिए, गली कूचे में आपके बैनर लगाये और अंततः आपकी तस्वीरों की नुमाइश की। हर जगह आप नज़र आने लग जाते हैं या कह लें आप इतने सस्ते हो जाते हैं कि आपकी कीमत गिर जाती है। तारीफ़ से बड़ा फ़रेब मुझे नहीं मालूम और क्या है? दो तरह की तारीफ़ होती है।

एक जहाँ सामने वाला आपके काम की, हुनर की, व्यक्तित्व की तारीफ़ करते नहीं थकता और आप बदले में बाध्य नहीं होते हैं कि उसके लिए भी आपको वक़्त आने पर प्रचार प्रसार करना पड़े। ये दिल से की गई तारीफ़ होती है और इसका बहुत गहरा और अच्छा प्रभाव पड़ता है। यहाँ आप तीसरे नहीं महत्वपूर्ण इंसान के रूप में लोगों के मध्य प्रतिष्ठित होते हैं।

दूसरा जब एक व्यक्ति जो लोगों के मध्य लोकप्रिय है परंतु आपसी प्रेम के कारण सामने वाले की तारीफ़ करता रहता है और सामने वाला भी इसका उत्तर उसकी तारीफ़ करके यानी एहसान चुका कर रहा होता है तो यहाँ यही तारीफ़ रस्सी का काम करती है। वो आपके व्यक्तित्व को पंखे से लटका कर मार देती है और कब आप तीसरे इंसान बन जाते हैं इसका पता ख़ुद  आपको भी नहीं चलता है। 

इस तीसरे श्रेणी के लोगों की सबसे बड़ी बदक़िस्मती यही होती है कि वो पहले दो प्रमुख इंसानों के नाम से ही पहचाने जाते हैं। उनके हुनर पर पहले या दूसरे इंसान की परछाई इस कदर छाई होती है कि उनसे दूर जाने पर भी तीसरे इंसान को तीसरा इंसान ही कहा जाता है। तीसरा इंसान बन जाना ख़ुद के व्यक्तित्व को मार डालना है। मैं यहाँ बहुत से लोगों को तीसरा इंसान बनते देखा हूँ और उनका क़त्ल करने वालों में सबसे पहला नाम उस लोकप्रिय कलाकार का होता है जिसने महान बन कर उसकी इतनी नुमाइश कर दी कि वो अब सस्ता हो गया। इतना सस्ता कि लोग बोलते हुए मिल जाते हैं " अरे इन दोनों ने इसे सर पर चढ़ा रखा है, देखना बदले में अब इसे भी उसकी तारीफ़ में कुछ शब्द कहने पड़ेंगे "। तीसरे इंसान की दुनिया प्रमुख इंसान के इर्दगिर्द घूमती है और इससे लोकप्रिय इंसान की छवि को तो कोई नुकसान नहीं होता है परंतु वो तीसरा इंसान चापलूस की तरह उभर कर सामने आता है क्योंकि उसे विवेक का परित्याग कर लोकप्रिय इंसान के बहुत औसतन काम को भी महान बताना होता है। तीसरा इंसान बन जाना यानी ख़ुद के व्यक्तित्व को मार डालना। 

/ तरुण पाण्डेय

Comments

Popular Posts