ग़ायब


मुझे मेरे दोस्तों से जुड़े लोग बहुत कम समझ आते हैं या कह लें मैं उनसे बस उस समय तक बात कर पाता हूँ जितना अनिवार्य होता है जैसी कि आप का ये काम अच्छा है, क्या आपको मालूम है कि मेरे दोस्त को कौन सा केक का फ्लेवर पसंद होगा उसके जन्मदिन पर उपहार हेतु प्रस्तुत करने के लिए इत्यादि। दोस्तों का चयन बड़ा व्यक्तिगत निर्णय है मेरे लिए और यहाँ किसी प्रकार की जल्दबाज़ी दिखाना उचित नहीं। 

इतनी सारी घटनाएँ मुझे याद आती हैं कि बस मैं उनमें उलझ कर रह जाता हूँ और फिर मेरे मित्र की एक आवाज़ मेरे कानों में गूँजती है कि वो इंसान बहुत अच्छा है। इस दुनिया के रंगमंच पर व्यापार से बड़ी और ताक़तवर चीज़ कुछ है क्या ? ऐसी सौ बातें मुझे याद आ रहीं हैं जो मुझे लोगों से दूर रहने पर मजबूर कर रही हैं। 

मेरे ज़ेहन में लोगों को लेके इतनी नकारात्मकता है कि मैं लोगों से मिलना जुलना बंद कर दिया हूँ, बातें लबों से नहीं आँखों से होने लगीं हैं या इशारों से, उम्मीद लगाना बंद कर चुका हूँ क्योंकि मुझे पूरा यक़ीन मैं कुछ भी कर सकता हूँ मगर उल्टा सोचना, दिमाग़ पर जोर देना और किसी का नकारात्मक पक्ष देखे बिना नहीं रह सकता हूँ। इसका सबसे अच्छा परिणाम ये हुआ है कि मैं बाहरी दुनिया से लड़ना बंद कर चुका हूँ क्योंकि ख़ुद ही के मन मस्तिष्क में लाखों द्वंद चल रहे हैं। लोगों को पढ़ रहा हूँ, अपने पढ़े हुए क़िरदारों से उनका आँकलन कर रहा हूँ। क्यों मुझे कहीं प्रेमचंद की " प्रतिज्ञा " का अमरनाथ नज़र नहीं आता, क्यों कहीं मुझे प्रेमचंद की कहानी के " बड़े भाई साहब " नहीं दिखते, क्यों कहीं मुझे " कसप " की मैत्रेयी हँसते खेलते किसी शादी में नहीं मिलती, क्यों कोई डॉक्टर प्रशान्त जैसा कर्तव्यनिष्ठ इंसान पूर्णिया जिले में काम करता मुझसे नहीं टकराता पर मेरे आस पास जिन लोगों का हुजुम लगा है सबकी बातें अमरनाथ, बड़े भाई साहब, मैत्रेयी और डॉक्टर प्रशान्त से कम नहीं। ऐसे में लोगों से दूरी न बने तो और क्या हो ? 

परिपक्वता क्या है अंदर ही अंदर घुट कर दम तोड़ देना या शोर मचा के सारी दुनिया को ये बता देना कि जो मैं महसूस कर रहा हूँ जैसा बर्ताव मेरे साथ किया जा रहा है मैं और अधिक समय तक लड़ नहीं पाऊँगा, हिम्मत अब साथ नहीं दे रही, मेरी साँसे उखड़ने से पहले मुझे थाम लो। मुझे नहीं मालूम और कितने दिन मैं हिम्मतवाला कहलाता हुआ लड़ता रहूँगा मगर मेरी कला, मेरी पहचान और मैं ख़ुद विलुप्त होने के कगार पर खड़ा हूँ और एक दिन ठीक वैसे ही ग़ायब हो जाऊँगा जैसे दीवार में एक खिड़की रहती थी से ग़ायब हो गया था हाथी। 

/ तरुण पाण्डेय

Comments

Popular Posts