अदिति
हाँ उसका नाम अदिति था !! मुझे इस बात का आभास नहीं था जिसका मतलब ही हो असिमित उसे आप सीमाओं में कैसे बांध सकते थे ?
चार दिन की मुलाक़ात थी हमारी। उसकी आँखों में सपने थे, सपने जो शायद सिर्फ़ उसके नहीं थे। उसके पिताजी का हक़ भी था उसपे, कुछ हिस्सा उसकी माँ का था और कुछ उसके भाई बहन का। फिर कुछ हिस्सा अनछुआ सा जो कोई टटोल नहीं सका वो उसके थे, बस उसके अपने।
वो भी हर वक़्त ख़ुद में लगी रहती बोलना जैसा आता ही नहीं था उसे या यूँ समझ लो बस कुछ लोगों से ही बोलती थी।
मगर उस चार दिन के मुलाक़ात का असर ये था कि मैं समझ नहीं पा रहा था मुझे क्या पसंद है अदिति या उसके गुण? हर वक़्त उससे थोड़ा समय उधार मांगना चाहता था या उसके साथ समय बिताना? उसे रोकना चाहता था या उसकी ख़्वाहिशों को पूरा करने में उसका साथ देना चाहता था? क्या उस चिड़िया को आज़ाद कर के उसे प्यार देना चाहता था या पिंचरे में क़ैद कर उसका ध्यान रखना चाहता था ? क्या करना चाहता था मैं ?
कभी कभी आप भी ऐसे मोड़ पर आयेंगे जहां क्या सही है क्या ग़लत इसका फ़ैसला करना आसान न होगा?
उस वक़्त....बस उस वक़्त मैंने उसके नाम पर ग़ौर किया और जब नाम अदिति हो तो उसके लिए खुला आसमाँ ही होना चाहिए जहाँ वो राज करे जहाँ उसके हौसलों को पंख मिले।
अगर कभी किसी से मिलो और दिल से उसे दोस्त मानो तो मदद करना उसकी उड़ान में,न की उसे किसी रिश्तों में बांध कर रोकने की कोशिश करना।
बस इतनी सी बात थी। हमारी चार दिन की मुलाक़ात, कुछ यादें कुछ असाइनमेंट्स भांग की पुड़िया और एक छोटी सी नन्ही सी मुस्कान और एक नाम अदिति ।
वैसे नाम में क्या रखा है यह तो मेरे रेडियो में गाना चल रहा था " कभी कभी अदिति यूँ ही कोई अपना लगता है" ।
© तरुण पाण्डेय

Comments
Post a Comment