मैं शायर नहीं
शायरों की महफ़िल में आया हूँ। हर तरफ़ शायरों का हुजूम है। यक़ीन मानो सब एक से बढ़ कर एक। उन सब के दरमियाँ मैं एक नाम अनजान सा सोच रहा हूँ शायरी क्या होती है ?⠀
⠀⠀
उर्दू अल्फाज़ को धागों में पिरोना⠀⠀
शब्दों का इल्म होना⠀⠀
लय और ताल की समझ होना⠀⠀
किसी को अपनी आवाज़ से मदहोश कर देना ⠀⠀
नियमों का पालन करना⠀⠀
दिल मे उतर जाना ।⠀⠀
⠀⠀
सिर्फ़ एक पहलु से क्या मैं शायर बन जाता हूँ ? ⠀⠀
सिर्फ़ प्यार लिख कर या समाज को आईना दिखा कर क्या मैं शायर बन जाता हूँ ?⠀⠀
लोगों को ख़ुद को पढ़ने को बोल कर क्या मैं शायर बन जाता हूँ ?⠀⠀
बहुत सोच विचार कर जवाब मिला, मैं शायर नहीं हूँ ।
शायद ना कल बन पाऊँ।
अभी तो एक कोशिश चल रही है। किसी मोड़ पर शायद एक शेर ऐसा लिख पाऊँ जो मेरे बाद भी लोग गुनगुनाये । तब मैं ख़ुद को शायर मानूँगा। शायर जीते जी नहीं बन जाते ज़नाब, एक सदी लग जाती है, अभी तो एक संघर्ष करता व्यक्ति हूँ। अभी तो हर्फ़ों के साथ खेलता बस आँख मिचौली हूँ। कभी जब दूसरी दुनिया से मैं देखूँगा मेरे मरने के उपरांत या मेरे कुछ ना लिख पाने की उम्र में लोगों को मेरे शेर पढ़ते तब ख़ुद को शायर कहूँगा । मेरे शुभचिंतको द्वारा मेरी तारीफ़ करना, कुछ लोगों का मुझे अच्छा बोलना मुझे शायर या लेखक नहीं बनाता। यह उपाधि मेरी आत्मा मुझे मरने के उपरांत देगी। मेरे डायरी के पन्नों पर लिखा हुआ अगर मेरे बाद जीवित रहा और मौलिक भी तो हाँ मैं अमर हो जाऊँगा वरना किसी निर्जीव वस्तु की तरह हमेशा के लिए मेरा अस्तित्व सिर्फ़ कुछ अंतराल का रहेगा जिसे अंत मे भुला दिया जाता है। जीते जी शायर नहीं बनते साहब। शायर कहलाने के लिए ज़िन्दगी देनी पड़ती है। ⠀
⠀⠀
©® तरुण पाण्डेय⠀⠀

Comments
Post a Comment