दुनियादारी


दुनिया में जीने के ख़ातिर दुनियादारी की समझ होना बहुत ज़रूरी है। मुझे ऐसा लगता है कि जो कला से नहीं जुड़ा है वो कहीं न कहीं ज़ियादा ख़ुश, सम्पन्न और वास्तविकता के अधिक क़रीब है। कलाकार एक ही चीज़ को इतने तरीक़े से देखता है और महसूस करता है कि उसका मूल स्वरूप बिगाड़ देता है। वो ख़ुशी को ग़म में तब्दील किये बिना साँस नहीं ले पाता। वातावरण में कहीं ख़ुशी की मात्रा थोड़ी भी बढ़ जाये तो उसे घुटन होने लगती है और वो भागता हुआ दुःख का कोना पकड़ कर वहीं दुबक कर बैठ जाता है। दुःख से लगाव होने के कारण कोई कलाकार नहीं बनता बल्कि दुःख से मर न जाये शायद इस कारण कला का सहारा लेता है। मेरे अंदर दुनियादारी कूट कूट के भरी है पर ये दुनियादारी बहुत बार मेरे दिल से हार जाती है। मैं कोई कलाकार तो हूँ नहीं न ही मुझे किसी विशेष कला में पारंगत हासिल है लेकिन दुनियादारी का मेरे दिल से रोज़ हारना मुझे आश्चर्य में डाल देता है। लोग कहते हैं कि जैसे आप होते हैं आपको वैसा रहना चाहिए। आप रह कर देख लें, लोग आपको पैरों तले रौंद कर चले जायेंगे। मैं यूँ ही रौंदा गया हूँ कई दफ़े, कई बार। आज की दुनिया में ख़ुद को बचाये रखना  मुश्किल है। मैं हर रोज़ जो देखता हूँ महसूस करता हूँ या कह लें जीता हूँ लोग उसे ख़राब दृष्टिकोण का नाम दे देते हैं या फिर नेगेटिविटी का। लोग अक़्सर ये भूल जाते हैं कि कोई कुछ नहीं भूलता और सबकी आँखें दूसरों पर ऐसी चिपकी हैं कि ख़ुद के लिए चोर दरवाज़ा बना सकने की भी सहूलियत नहीं है किसी को। दुनियादारी कहती है कि हर कोई स्वतंत्र है अपने मर्ज़ी के लोगों से जुड़ने को और मैं भी इसे मानता हूँ पर तुम जुड़ कर भी नहीं जुड़े और रह कर भी नहीं रहे। दुनियादारी का बोझ इतना भारी है कि वो सवाल तक नहीं पूछने देता। किसी ने कह दिया है कि पहल करने वाला छोटा होता है और अब दोनों तरफ़ से बड़े बनने की नाक़ाम कोशिशें ज़ारी हैं। सबसे अच्छी दोस्त कहती है कि कोल्ड रिप्लाई इस बात का प्रमाण है कि किसी को आप में रुचि नहीं है- दुनियादारी यही है न। पर मेरा दिल मेरे मस्तिष्क पर उसी क्षण दस्तक देता हुआ आता है और एक सवाल करता है कि कोल्ड रिप्लाई वाला तुमसे जुड़ा क्यों ? और यक़ीन करो सारी की सारी दुनियादारी भूल कर दिमाग़ उत्तर तलाशने में लग जाता है। उस उत्तर की तलाश इंसान को कलाकार बनाये, रस्सी पर लटका दे या फिर पागल बना दे। दुनियादारी बचने नहीं देती है इस कारण जो लोग कलाकार नहीं बन पाते वो पागल बन जाते हैं। अब किसी के लिए पागल तो पागल सही, किसी के लिए कलाकार तो कलाकार ही सही। 

/ तरुण पाण्डेय

Comments

Popular Posts