मयस्सर
एक शेर से शुरुवात करता हूँ कि " किसी के वास्ते काँटे नहीं बिछाता मैं ; मगर यूँ भी नहीं के काँटों को हटाता हूँ " ऋषभ शर्मा द्वारा लिक्खा गया ये शेर नश्तर सा दिल के आर पार हो जाता है और लोग ठिठक जाते हैं। ये शेर सच के उच्चतम शिखर पर बैठ कर जैसे हँस रहा हो मानव जाति पर और इसे पता हो अंदर से कितने काले और छिछले लोग हैं हम और कितनी कमज़ोर बुनियाद है हमारी। कुछ ऐसा पढ़ना जो आपको अचंभित कर देता है, तालियों की गूंज को रोक देता है और वातावरण में तूफ़ान से पहली आने वाली ख़ामुशी को कायम करता है वाकई ख़तरनाक है। ये तीर को शेर के साँचे में ढाल कर वार करने जैसा है जिसका निशाना अचूक हो, जो आपको गिरा दे और दिल को छलनी कर दे। ये पढ़ते हुए लोग घायल हो गये। कुछ न कर सकने के कारण सोचने का वक़्त मयस्सर हुआ और यादों की टिकट ख़रीद कर लोग अपने बीते हुये समय में लौटने लगे।
उन सभी वापस जाने वालों में मैं भी था। मुझे घटनायें याद आने लगीं। मुझे पीछे छूटे हुए लोग याद आये - उनकी बातें याद आईं और फिर हँसी आयी अपनी मूर्खता पर। मुझे समय लगा और बहुत समय लगा ये समझने में कि किसी के लिए भी हमेशा मयस्सर होना ठीक नहीं, किसी से दिल की बात करना और यूँ करना कि वो पूरा का पूरा मेरा हो ठीक नहीं। हम सब एक दूसरे से बँधे हुए हो कर भी कितने जुदा हैं। अमीर मीनाई साहब ने यूँ ही नहीं लिक्खा होगा," गाहे गाहे की मुलाक़ात ही अच्छी है 'अमीर' क़द्र खो देता है हर रोज़ का आना जाना "। आप सब के लिए मैं सब कुछ था और फिर कुछ नहीं। आज जब सोचने का वक़्त मिला तो मैं समझ पाया कि ग़लती मेरी थी। जब उन्होंने कहा था कि मुझसे दिल की बात कहा करो, सच बताया करो और मेरी कमियों से अवगत कराया करो तो मैं उसे सच मान उन्हें सिर्फ़ और सिर्फ़ सच कहता था। सच जो उन्हें प्रिय नहीं था, सच जो उन्हें काटने को दौड़ता था, सच जो कभी दवा नहीं बन सका परंतु ज़हर बन कर उनकी रगो में दौड़ने लगा और जिसे हथियार बना कर वे ख़ुद को सुधारने के काम में न ला सके। उनके लिए प्यार का पर्याय तारीफ़ था मेरे लिये सच्चाई और उनकी बेहतरी। पर अब वे जा चुके हैं और जाते जाते मुझे मेरे जीवन की सबसे बड़ी सिख दे कर गये हैं कि कभी किसी को पूरा मयस्सर न होना।
मैं उन सब को मरा हुआ समझ चुका हूँ उनके आई लव यू को ढोंग और उन सब की बातों को सफ़ेद कपड़ो में लपेट कर घाट के किनारे ले जाके अंतिम संस्कार की क्रिया पूर्ण कर राख को सरयू नदी में प्रवाहित कर चुका हूँ। मरे हुए लोगों की आलोचना करना, उन्हें बुरा भला कहना मुझे नहीं आता है। मेरे सखे क़रीबी कहते हैं कि किसी का बुरा नहीं सोचना चाहिए और किसी का बुरा करना अच्छा नहीं होता है। मैं मानता हूँ पर यादों के सफ़र से लौटने के बाद मैं मुस्कुरा रहा हूँ और इस शेर से ही अपनी बात ख़त्म कर रहा हूँ कि " किसी के वास्ते काँटे नहीं बिछाता मैं ; मगर यूँ भी नहीं के काँटों को हटाता हूँ "।
/ तरुण पाण्डेय

Comments
Post a Comment