इल्म
इल्म का होना आपको बहुत आकर्षक बनाता है और उसे धारण करने वाला दूर से चमकता हुआ ध्रुव तारा होता है। उसके अंदर सारे ब्रह्मण्ड की गर्मी होती होगी, इतना तपाता होगा ख़ुद को कि उसके अंदर की रूह तक जल जाती होगी।
कक्षा पाँचवी में मैं अपने एक दोस्त के पास कुछ पूछने गया और उसने बहुत आत्मविश्वास और अकड़ कर कहा,"इसको इतना भी नहीं मालूम" सब के सामने उसके दोस्त मेरे ऊपर हँसने लगे और मेरे अंदर एक डर बैठ गया कि जिनके पास ज्ञान हो उनसे दूर रहना चाहिए। कक्षा १२वीं तक मेरा कोई ऐसा दोस्त नहीं जो पढ़ाई में अव्वल रहा हो और मेरी बात उससे होती हो। वो डर इतना भयानक था। मैं कोटा गया और वहाँ कुछ लड़को ने मेरा मज़ाक बना दिया क्योंकि मुझे कोई अंदाज़ा नहीं था कि "Strobilanthes kunthiana" नाम का एक ऐसा पौधा होता है जो १२ साल में एक बार साइलेंट वैली नामक स्थान में ख़िलता है। ऐसे ही कितनी बार जब चीज़ें मालूम न होती थीं जैसे भिंडी के उत्पादन को बढ़ाने के लिए "प्रभानी क्रांति" आई तो टोपर या तो मज़ाक बना देते थे या फ़िर सीधा नीचा दिखा देते थे जो चुभ जाता था। नफ़रत नहीं हुई पर मैं उनसे दूर रहने लगा, बहुत दूर। परिणाम ये हुआ कि मैं पढ़ाई में अच्छा तो रहा पर जो और अच्छे रहे पढ़ने में उनसे बात नहीं कर पाया उनके रवैये के कारण।
लोग जो सच में इल्म रखते हैं मैं उनसे दूर रहना चाहता हूँ क्योंकि मेरे जीवन में मुझे सबसे ज़्यादा डर लगता है इल्म से। ये डर मेरे दिल में इतने अंदर तक है कि मैं सहम जाता हूँ। बचपन का डर, त्रासदी, घटनाएँ और यादें सारी उम्र आपके साथ रहती हैं वैसे ही ये डर भी रहेगा। मैं सवाल से डरता हूँ, मैं डरता हूँ कि कहीं कुछ पढ़ा और उसमें से कुछ याद नहीं रहा तो मुझे कोई गाली देकर चला जायेगा, इस डर का आलम ये है कि मैं बहुत बार एक पुस्तक दो-दो बार पढ़ लेता हूँ। मैं इतना डरता हूँ कि किसी को ये तक नहीं कह पाता कि एक २९ साल का इंसान चाह कर भी "Rivet popper hypothesis" का कांसेप्ट दिमाग़ से नहीं निकाल पा रहा है।
मैंने अपनी ज़िंदगी में जो दर्द महसूस किए हैं वो सब उनसे मिले जिन्हें लोग ज्ञान का सागर कहते थे, ध्रुव तारे की गर्मी उसकी तपिश मुझे गर्माहट नहीं देती थी मेरी चमड़ी जला देती थी और एक असहनीय पीड़ा होती थी, ज्ञान के सागर में गोते लगाना मुमकिन न हुआ कभी मेरे लिए। मेरे फेफड़े में खारा पानी चला गया और मैं तड़प उठा। कैसे बचा हूँ नहीं मालूम?
मैं बस यही सोचता हूँ एक दिन तुम भी मर जाओगे और मैं भी। तुमने कभी मुझे पनाह नहीं दी, कभी नहीं सोचा मेरे दर्द के बारे में, मुझे ख़ुद के साथ खेलने नहीं दिया, अपने दोस्तों में मेरा नाम नहीं शुमार किया, मेरे से जुड़ी चीज़ों का मज़ाक बना दिया, कभी मुझे बैटिंग नहीं मिली, कभी मेरे हिस्से क्लास का सबसे अच्छा ग्रुप नहीं आया, मुझे कभी किसी के टिफ़िन का हिस्सा नहीं मिला। लंच ब्रेक में मेरे साथ तुमने चोर पुलिस नहीं खेला और मेरे एक दिन स्कूल न जाने पर मुझे तुमने अपनी कॉपी तक नहीं दी। मेरा कुसूर क्या था मेरे पास इल्म नहीं था। पर मैं पूछता हूँ क्या सब में, सब हुनर होता है ? कभी हम दोनों एक साथ मर जायें और तुम्हारी लाश मेरे लाश के पास में जल रही हो क्या तब तुम बोल पाओगे "तरुण के साथ न जलाना मुझे, इसे फलाँ फलाँ चीज़ें नहीं मालूम, ये इस लायक़ नहीं की मेरे साथ इसका नाम लिया जा सके"।
हाँ इल्म होना अच्छी बात है पर मेरा उसको लेके डर उम्र के साथ बढ़ता ही गया है और आज भी डरता हूँ मैं। तुमने पूछा था न मेरा हुनर क्या है - "मैं इल्म को धारण करने वालों को पहचान लेता हूँ और फिर उनसे दूर भाग जाता हूँ"।
©® तरुण पाण्डेय

Comments
Post a Comment