पूर्वकल्पित बातें


वो कभी शर्त नहीं लगाता, अमूमन उसे विश्वास नहीं होता है कि वो अपनी बातों पर टिका भी रहेगा या नहीं। हर रोज़ हर पल वो देखता है कि उसकी निष्क्रियता, उसका विवेक, उसका फ़ैसला सिर्फ़ उसपे नहीं बल्कि उससे जुड़े लोगों पर भी प्रभाव डाल रहा है। आज उसकी बहुत पुरानी दोस्त ने उससे कहा कि 
"तुम्हें निर्मल वर्मा पसंद नहीं आयेंगे क्योंकि मैं तुम्हें जानती हूँ तुम क्या पढ़ते हो या किस तरह की रचनायें पढ़ना पसंद करते हो"। 

बात निर्मल वर्मा की नहीं है, आप निर्मल वर्मा पर ध्यान न दें कुछ समय को उनकी रचनाओं पर से अपना ध्यान हटा लें और ध्यान का केंद्र बनाये पूर्वकल्पित बातों को। तुम उसकी सबसे अच्छी दोस्त हो और जब तुमने मान लिया कि उसे निर्मल वर्मा नहीं पसंद आयेंगे उस वक़्त उसके कानों में उनकी किताब अंतिम अरण्य की ये पंक्तिया "जब ज्ञान आता है, तब तक बहुत देर हो चुकी होती है तब आदमी उसके क़ाबिल नहीं रहता। वह अपने चिमटे से सुख नहीं, उसकी राख उठाने आता है" गूँजने लगी।

मेहरा साहब का जीवन, मृत्यु के हाशिए पर उनका जीवन की ओर एक बार पुनः लौटना और उसका विश्लेषण करना किसको नहीं याद होगा। बुढ़ापे को लेके निर्मल वर्मा लिखते हैं कि "हममें से किसी के पास समय नहीं था कि हम अपने जीवन के असली नाटकों को जी सकें, जो हमारी नियति में लिखे थे। यही चीज़ हमें बूढ़ा बनाती है–सिर्फ यह, और कोई नहीं। हमारे चेहरों की झुर्रियां और सलवटें उन विराट उन्मादों, व्यसनों और अंतर्दृष्टियों की ओर संकेत करती हैं, जो हमसे मिलने आए थे और हम घर पर नहीं थे।" क्या ये पंक्तियाँ काफ़ी नहीं हैं कि कोई उनकी लेखनी का दीवाना हो जाये। फिर ये सोचना कि उसे निर्मल पसंद नहीं आयेंगे शायद सही नहीं है। हाँ ये कहना ग़लत नहीं होगा कि उसे निर्मल वर्मा की रचनाओं की तरफ़ जाने का मन अमूमन नहीं करता। ये दोनों बातें बहुत अलग हैं।
-------------------------------

तुम उसे उसके दोस्तों में सबसे ज़ियादा जानती हो। तुम्हें इस बात का कोई अंदाजा नहीं है कि वो निर्मल को पढ़े न पढ़े तुम्हें पढ़ता है और छोटी से छोटी चीज़ों को याद रखता है। उसे याद है किसी दिन तुमने निर्मल वर्मा की एक बात सँजो कर रख ली थी कि हम पुराने शहर में क्यों लौट कर जाते हैं। निर्मल वर्मा ने इसका चित्रण किया था और बहुत ख़ूब चित्रण किया था। बहुत से लोग ख़ुद को एक आम इंसान समझते हैं पर उसी आम इंसान से कोई न कोई प्रेरणा लेता है और उसे अपना आइडल मान बैठता है। महान लोगों में तुम शुमार हो और अपनी महानता से अनभिज्ञ भी। तुम उसके लिए वही प्रेरणा हो। उसने निर्मल वर्मा को पढ़ा है, उसने हिन्दी उपन्यासों में मनोविश्लेषणात्मक उपन्यासों के केंद्र में रहे जैनेन्द्र कुमार को भी पढ़ा है,अज्ञेय को भी और यशपाल को भी। उसे दिव्या और पृथुसेन की कथा भी याद है, दिव्या का "दारा"और "अंशुमाला" बनने का सफ़र भी, बेटे शाकुल की मृत्य का शौक मनाना भी और बौद्ध धर्म का प्रचारक बनना भी। मन्नु भंडारी द्वारा उनकी आत्मकथा में यशपाल का ज़िक्र भी जब उन्होंने कहा था कि सबसे पहले अपने पैसों से उन्होंने जो किताब ख़रीदी उनमें यशपाल की दादा कॉमरेड भी शामिल है। 

लेकिन इन सब लेखकों को परे रख, इन सब बड़े नामों को हटा कर वो तुम्हें और कुछ लोगों को पढ़ता है। तुम उसकी बातों को सुन रही हो पर शायद टटोल नहीं रही हो। तुम्हारा दोस्त जो तुम्हारे लिखे नस्र की तारीफ़ करता है, जिसे जैनेंद्र कुमार पसंद हैं क्या उसे निर्मल नहीं पसंद होंगे? तुम्हारे दोस्त की बस एक चाह है कि निर्मल को महान मान कर उन जैसे और लोगों को पढ़ने की तुम्हारी भूख न ख़त्म हो जाये। तुम्हारी महानता तुम्हारी व्यक्तित्व से है, तुम्हारी लेखनी से नहीं। तुम xyz को अपनी प्रेरणा समझती हो और वो तुम्हें। अतिश्योक्ति नहीं पर अगर xyz निर्मल वर्मा जैसा लिखता है तो वो अपने जैसा कहाँ हुआ पर तुम अपने जैसी अभी तक अकेली हो। तुम्हें दूसरों को पढ़ते हुए ख़ुद को ज़िंदा रखना है। तुम्हें कभी समझ नहीं आयेगा कि तुम कितनी ख़ास हो। एक वक़्त के बाद ख़ास लोगों की तारीफें तारीफ़ नहीं लगती हैं वो प्यार का पर्याय बन चुकी होती हैं और बड़े भाई का नेह। उस बड़े भाई ने एक शर्त लगाई है क़िस्मत से कि एक दिन उसकी बहन सबसे अलग लिखने वाली अपनी तरह की एकमात्र लेखिका होगी। तुम पूर्वकल्पित बातों में उलझी हुई जब ये कहती हो तुम्हारे दोस्त को निर्मल वर्मा नहीं पसंद आते उस वक़्त मैं उसे निर्मल वर्मा के बारे में बात करते हुए सुन रहा होता हूँ कि "कैसे कोई ऐसे उपन्यासकारों के बारे में उनकी रचनाओं के बारे में तुरन्त अपनी प्रतिकिर्या दे दे जिसे परत दर परत खोलने में मेरा पूर्ण जीवन तुच्छ प्रतीत होता है। 

/ तरुण पाण्डेय

Comments

Popular Posts