क्लोज़ फ्रेंड


बीते दिनों जब काम का बहाना दे कर दोस्तों से मुँह मोड़ कर एक कोने में ज़िन्दगी को भागते हुए देख रहा था तो एहसास हुआ कि किसी के दिल के छोटे से कोने में मुझे एक गज ज़मीन भी नसीब नहीं है। लोगों का लड़ना, लोगों का एक दूसरे को नोच खाना जैसी बातें अब मुझे हैरान नहीं करती हैं। एक ऐसे दौर में ज़िन्दा रहना जहाँ अधिकतर रिश्तों की शुरुआत या उसका अंत फ़ायदे और नुकसान तय करते हैं वहाँ बस एक चीज़ मायने रखती है कि रोटी, कपड़ा और मकान जैसी ज़रूरतें पूरी होती रहें। कोई किसी के लिए आँख बिछाए बैठा नहीं है न ही कोई किसी से उस तरह जुड़ा है जैसा जुड़ाव दूर से नज़र आता है। आज रिश्तों के स्वरूप बदल गए हैं और उनसे जुड़ीं उम्मीदों का भार कोई भी नहीं उठा पा रहा है। 

अकेलापन ऐसे ही गले के चारों ओर फंदा बन ख़ुद की पकड़ मजबूत करने को आतुर था कि एक दोस्त ने पूछ लिया

दोस्त - तुमने देखा उसने क्लोज़ फ़्रेंड्स में क्या मस्त स्टोरी लगाई है। 

अकेलेपन का एहसास उस समय सबसे अधिक होता है जब अकेले बिस्तर पर पड़े हुए मोबाइल नाम के यंत्र पर सोशल मीडिया स्क्रॉल करते हुए कोई क्लोज़ फ्रेंड नाम के हरे गोले का ज़िक्र कर दे। ज़िन्दगी में आप कितनी भी बड़ी उपलब्धियाँ क्यों न हासिल कर लें लेकिन मन की डोर छोटी छोटी बारीक गतिविधियों से बँधी हुई है। मैं जानता हूँ साथ मिल कर लोग मुसीबतों का सामना कर लेते हैं, चट्टानों से नदी की धारा निकाल लाते हैं और कभी-कभी तूफ़ान बन मुसीबतों को उड़ा ले जाते हैं और वही लोग तब साथ नहीं रह पाते जब छोटी छोटी बारीकियों को कोई एक नज़रंदाज़ कर ख़ुद की धुन में मग्न हो जाता है या हो जाती है। मैं उन सभी हरकात को देखता आया हूँ और ये जान गया हूँ कि मैं छोटी चीज़ों का हिस्सा नहीं हूँ, बारीकियों में मुझे शामिल नहीं किया गया है। 

दुख इस बात का है कि तुम तो मेरे अपने थे, तुमने भी मुझे मेरी उपलब्धियों में याद किया जैसे कोई अजनबी करता है। 

/ तरुण पाण्डेय

Comments

Popular Posts