यादों का गुच्छा
मेरे एक सहकर्मी ने मुझसे बोला कि काम पर ध्यान दिया करो वरना पैसे नहीं मिलेंगे। सैलरी में से कट जायेंगे और ऐसा ही चलता रहा तो तुम्हें फ्लैट से झोपड़ी में शिफ्ट होना पड़ेगा। दिन दूर नहीं कब तुम राजा से कोई रंक बन जाओ। मैं मुस्कुरा कर उसकी बातों को टाल दिया और घर आ गया।
रात के ढाई बज रहे हैं। नींद नदारद है, आँखों का रंग सुर्ख़ हो चुका है और मोबाइल स्क्रीन पर नज़रें गढ़ाये मैं पुरानी तस्वीरों को तक रहा हूँ। यादों के समंदर में गोते लगाना इंसानों को हिम्मत भी देता है और कमज़ोर भी करता है। अकेलापन अकेले नहीं आता, अपने साथ लाता है आभूषण जो सदा आपके गले में सुशोभित हो कर आपकी सुन्दरता में चार चाँद लगाता है। उसकी महानता और शक्तियों से अनभिज्ञ हम लोगों में ख़ुशियाँ तलाशते हुए ख़ुद को कभी कभी खो देते हैं। कभी मैं वाचाल था और लोगों का साथ न छोड़ना मेरी पुरानी आदतों में सबसे बुरी आदत थी। लोगों को मैं याद रखता था और अगर वे मुझे मिल जायें तो मैं उनसे जुड़ने की कोशिश करता था। एक नहीं, दो नहीं, तीन नहीं बल्कि अनगिनत बार मैं जाता था सिर्फ़ इस कारण कि कभी लौटा जा सके अजनबियों के पास। इंसान हर मिनट बदलता है और एक साल के बाद मुझमें कितना परिवर्तन आ गया है आज उसी का हिसाब लगाने बैठा हूँ।
वाचाल आज भी हूँ पर नए लोगों से मिलने की लालसा दम तोड़ चुकी है, ख़ुद को सिद्ध करने की भूख ख़त्म हो चुकी है, बातों में अनायास ही एक मिठास घुल गयी है और प्रपंचों से अच्छी खासी दूरी बन गयी है। अब रातों में किसी अजनबी और अच्छी दिखने वाली लड़कियों से गुफ़्तगू करते वक़्त भावनाओं में बह कर सेक्सुअल फैंटेसीज पर चर्चा नहीं होती। अब एक और बस एक काम पर ध्यान केंद्रित होता है और वो है मन की शान्ति कायम करने पर। ख़ुश रहना है तो ख़ुद को अपनाना ज़रूरी है, बहुत ज़रूरी। मैं उदास हो सकता हूँ पर निराश नहीं, न मुझे निराश किया जा सकता है। मेरे आभूषणों में सबसे महँगा और असरदार पत्थर है आत्म-स्वीकृति का। ये मेरे विचारों को दूसरों पर आश्रित होने से रोकता है। आज से एक साल या दो साल पहले जो मुझे जानते थे उनके लिए मेरा सच कुछ और होगा और जो आज जानते हैं उनके लिए कुछ और। हमारी सबसे बड़ी भूल क्या है? हम, लोगों का हमारे बारे में जो नज़रिया है, उसे बदलने का तो प्रयास करते हैं पर ख़ुद को नहीं। मैं समय के साथ उस सच को बदलना छोड़ चुका हूँ जिसे लोगों ने मान लिया है।
मैं अब किसी के लिए बुरा, किसी के लिए चाटूकार, किसी के लिए लोभी तो किसी के लिए अवसरवादी रहना स्वीकार कर चुका हूँ। किसी के लिए मैं प्ले बॉय हो सकता हूँ तो किसी के लिए घमंडी, किसी के लिए दिखावा करने वाला तो किसी के लिए अच्छा भी तो हो सकता हूँ। कौन सब के लिए महान बन सका है और कौन ऐसा है जिसे सब प्रेम कर सकते हैं ? आदिल रज़ा मंसूरी साहब का शेर है कि "सफ़र के ब'अद भी मुझ को सफ़र में रहना है नज़र से गिरना भी गोया ख़बर में रहना है"। उम्र से पहले बड़े होने से बचें, शरारत करें और अपने अंदर के बच्चे को न मारें। ख़ुद को बचाना सिख लें। ख़ुद का सच बदलें लोगों का नज़रिया बदलना आपके हाथ में नहीं है न हो सकता है। अंग्रेजी में एक कहावत है "God judge our intentions instead of our actions" और यही ज़रूरी है कि आप दिल से किसी का बुरा न सोचें।
आप किसी अजनबी को इम्प्रेस करने के बोझ तले इतना दब चुके हैं कि आप भूल चुके हैं आपको भी जीने का हक है। याद करिये और ख़ुद से पूछिए कब आपने अपने लिए काम किया न की कुछ लोगों को इम्प्रेस करने के लिए। स्क्रीन के उस पार बैठे लोगों को कमाना आपका काम नहीं है आप का काम अपने दोस्तों की दोस्ती कमाना है। मुझे याद है मेरे मोबाइल से मेरे होस्टल में मेरे दोस्तों द्वारा कभी किसी लड़की को लव यू का टेक्स्ट भेज देना, कभी किसी को अश्लील तस्वीर भेज देना और मेरा मेरे शिक्षकों द्वारा मुझे मारना। कभी अपने सबसे पसंदीदा व्यक्तियों के सामने दोस्तों का मुझे नीचा दिखाना और ख़ूब हँसना, कभी बनते हुए कामों में टाँग अड़ाना पर इन सब के बाद भी रुकना और साथ रहना। आप के पास बहुत पैसा हो पर जवानी में की गई शरारतें न हों, यादों की पुड़िया न हो तो आपसे ज़ियादा ग़रीब कोई नहीं। रात के 3 बज गए उन्हीं दोस्तों को याद कर आँखों में पानी लिए मैं सोने जा रहा हूँ। मैं रंक नहीं हूँ मेरे पास यादों का खजाना है।
/ तरुण पाण्डेय

Comments
Post a Comment