दोस्त


तोहफ़े देकर हक़ जताना मुश्किल नहीं नामुमक़िन रहा है मेरे लिए। एक लेखक मेरा दोस्त नहीं हो सकता। वो कमाल, सराहनीय, अनुपम और विनोदात्मक हो सकता है परन्तु मित्र नहीं। मित्रता समय माँगती है, कितना समय मैं नहीं जानता पर इतना कि मरते वक़्त ज़हन में उसका नाम आये और आप उसका नाम ले न सकें। मित्रता हानि लाभ के अधीन नहीं है । प्रेमचंद जी की लिक्खी पुस्तक प्रतिज्ञा में अमरनाथ नाम के किरदार ने कहा था "हमारे समाजिक सिद्धांत में चाहे कितना ही भेद क्यों न हो, मंच पर चाहे एक दूसरे को नोच ही क्यों ना खायें मगर मैत्री अक्षुण्ण रहनी चाहिए" जो यकीं दिलाती है कि दोस्ती में आपसी प्रेम सर्वोपरि है । 

मेरा एक सवाल है। मैं दोस्त नहीं बोलता तुम्हें, दो दिन की मुलाक़ात में तुम दोस्त नहीं बन जाते पर कोशिश करता रहता हूँ कि शायद कभी दोस्त बन जायें। मैं सालों तुमसे बात करते हुए भी तुमको कोई किताब नहीं दे सकता क्योंकि किताब देना एक बहुत व्यक्तिगत क्रिया है। कोई किसी इंसान को इतनी आसानी से एक आईना देकर ये कैसे बोल सकता है " ढूंढ़ लो मुझको। मैं इसी किसी किरदार में छुपा हुआ हूँ "। किताब देना कोई सौदा नहीं, विश्वास करना है और विश्वास समय माँगता है। 
क्या तुम समय दे सकते हो ? 
---------------------------------------------------
वो - कितना समय लोगे। अब मैं और जुड़ा नहीं रह सकता दोस्त

मैं - बस इतना कि तुम मुझसे तब भी बात कर सको जब मेरा हुनर साथ न दे, जब मेरा नाम न हो कोई, मेरे पास काम न हो, पर तुम पहले जैसे जब भी फ़ोन मिलाओ साल में एक दफ़ा ही तो बातों में "और बताओ" का इस्तेमाल न हो और बातें करने को लफ़्ज़ों के कुएँ में पानी कम न पड़े। 

वो - तुम उम्मीद बहुत पालते हो मेरे दोस्त 

मैं - बस इक उम्मीद ही तो नहीं पालता। 
----------------------------------------------------
अब बातें कम होने लगीं हैं। पहले बातें हो जातीं थीं। धीरे धीरे पता लगा दूसरों की बात ज़्यादा न करना और ख़ुद के बारे में ही बताना अभद्रता है। आत्मस्वीकृति नाम की एक चीज़ है जो मायने रखती है। अब आप सब के "दोस्ती" के परिभाषा से निकलने के काम को अंजाम दे रहा हूँ। मेरा अस्तित्व इतना भी नहीं जितना कृशन चंद्र जी की किताब "मेरी यादों के चिनार" में उस तारा का कृशन चंद्र जी के जीवन पर था।
----------------------------------------------------
वो - 3 साल हो गए हैं । आज भी सामने से मैसेज कर देते हो

मैं - मैंने तुम्हें दोस्त मान लिया है । मैं बातें कर लिया करूँगा तुम चाहे अर्श पर रहो या फर्श पर । तुम आज भी आज़ाद हो दोस्त !!

©® तरुण पाण्डेय

Comments

Popular Posts