अनजाना सा सच्चा डर


हम सब एक दूसरे पर विश्वास करने से डर रहें हैं और कभी कभी मुझे यह जायज़ भी लगता है। अनजाने में मैंने एक बात पर गौर किया, क्या कभी आपने किसी की तस्वीर मांगी है ? शायद हमेशा आप स्क्रीन शॉट ले लेते होंगे, पर मैं कुछ भी रखने से पहले एक बार पूछना पसंद करता हूँ और यह मेरी परवरिश का हिस्सा है बस और कुछ नहीं। मैंने यूँही एक लड़की से एक बार पूछा क्या आपकी एक तस्वीर रख लूँ ?

उनके मन में सौ सवाल थे, बेचैनी थी और एक हैरानी भी... तस्वीर मेरी शायद रख ली होगी, शायद झूठ बोल रहा होगा शायद ग़लत इस्तमाल करे ?
एक पूरी रात सोचा और मुझे लगा ग़लती हालात की है, हर रोज़ होते स्कैंडल और अपराध की भी। यहाँ कोई कैसे किसी अजनबी पर विश्वास करे ? मैं बस तस्वीर प्यारी थी सोचा रख लूँ।

एक छोटी सी तस्वीर जिसे शायद लाखों लोगो ने देखा होगा उसे उसी वक़्त हमने डिलीट कर दी और सोचा कम से कम हम ग़लत नहीं थे, हमने पूछ लिया, और एक स्त्री के अंदर का डर भी समझ पाये और एक बात मेरी समझ में आ गयी कुछ तस्वीर, तसव्वुर में रखी जाती है। यक़ीन मानिये कभी स्क्रीनशॉट लेने से पहले ज़रूर पूछियेगा सामने वाले से क्या आपकी तस्वीर रख सकता हूँ ? उन्हें अच्छा लगेगा !!

यह बात बस एक तस्वीर की नहीं है, एक अच्छे माहौल की है, एक विश्वास की है और शायद एक अच्छी आदत की। 
वरना ना जाने कितने लोग दिन में कितने स्क्रीन शॉट लेते हैं और ना जाने कब किस तस्वीर का ग़लत इस्तमाल होता है। कभी कभी कोई छोटी सी बात आपको कुछ सीखा देती है। किसी की कोई अमानत रखना भी एक ज़िम्मेदारी है भले वो तस्वीर ही क्यों ना हो। मुद्दा सही और ग़लत का है ।
मुद्दा है सही तरीक़ा अपनाने का किसी के साथ कुछ ग़लत न करने का। मुद्दा उस तस्वीर का नहीं है जो मेरे तसव्वुर में है ।

Comments

Popular Posts