तारीफ़ों की बौछार
दुनिया को दुनिया की नज़रों से देख कर वो ख़ुद को असहाय महसूस कर रहा है। कभी सभी तर्क सही लगते हैं तो कभी सभी तर्क झूट से ज़ियादा और कुछ नहीं। मनुष्य ऊपर वाले के द्वारा बनाया गया एक ऐसा जीव है जो उसूलों की चाभी अपने फ़ायदे के अनुसार जीवन रूपी खिलौने में भरता है।
वो तमाशा देख रहा है और ख़ूब मजे भी लूट रहा है। जिसने कहा था कि " मुझे वो पसंद नहीं, उसका काम पसंद नहीं, उसकी आवाज़ पसंद नहीं ", आज उसकी तारीफ़ करते नहीं थक रहा। असल में जब कभी किसी से जुड़ना चाहो और न जुड़ पाओ तो हारने की कुंठा से ग्रस्त होकर आप सामने वाले की बुराई करने लग जाते हैं। वो बुराई न होकर मन में उठी एक पीड़ा होती है और उन लोगों से मिलने की चाह जिनसे मिल कर समाज में ख़ुद को ऊँचा दिखाया जा सके।
वो मन ही मन मुस्कुरा कर फिर सोचता है कि जिनसे वाइब्स नहीं मिलती या कह लें जो पसंद नहीं उनकी तरफ़ जाने की इच्छा ही क्यों पैदा हो जाती है? आजकल सबसे आसान काम है कटना, दूर हो जाना या ब्लॉक कर देना पर अगर कोई पसंद नहीं तो उसे भी तुरंत ब्लॉक क्यों नहीं करते? जो इंसान पसंद ही नहीं उसे भी गन्ने की तरह निचोड़ कर, अच्छी तरह निम्बू लगा कर मशीन में डाल कर इतने बार पिसा जाता है कि उसके पूरे पौष्टिक तत्व निकल जाते हैं कहना का तात्पर्य आप पाठकगण समझ ही गये होंगे। ऐसा करते वक़्त आर्थिक या सामाजिक लाभ भले बहुत हो परन्तु मानसिक रूप से मनुष्य कोई लाभ नहीं अर्जित कर पाता क्योंकि उस व्यक्ति के साथ समय बिताना जिसकी उपस्थिति एक पल के लिए न झेली जा सके सिर्फ़ और सिर्फ़ मानसिक उत्पीड़न पैदा करती है।
इतना सब सोचने के बाद हर तरह से इंसानों की परख करने के बाद वो एक पन्ने पर यही लिखता है कि
" ज़िन्दगी कब किसी के स्वभिमान को अपने पैरों तले रौंद दे सिकंदर को भी नहीं पता होता। इंसान को परखने की मशीन नहीं बनाई गई है। हर किसी के जूते में ख़ुद का पैर डाल कर देखना मुमकिन नहीं है। पर मेरी नज़र में इंसान अब या तो इंसान है या व्यापारी। ऐसे व्यापारी जो ख़ुद का सुख और चैन भी दांव पर लगा सकते हैं अगर बदले में मिल रही हो तारीफ़ों की बौछार " ।
/ तरुण पाण्डेय

Comments
Post a Comment