अमृतसर
कुछ दिन पहले यानी २४ अप्रैल को मैं अमृतसर में था। अब अमृतसर जाओ और स्वर्ण मंदिर के दर्शन न करो तो यात्रा अधूरी सी लगती है। अपने व्यवसायिक काम से समय निकाल कर मैं टैक्सी में बैठ स्वर्ण मंदिर के लिए शाम को निकला। रंजीत अवेनुए में स्थित होटल एम्पायर से स्वर्ण मन्दिर का रास्ता बस ५ से १० मिनट का है। दिल्ली से लुधियाना होते हुए जालंधर को पार कर अमृतसर आते वक़्त तीन तरह के ख़्याल आते हैं। मेरा एक दोस्त कहता था कि लुधियाना उसे अमीरों का शहर लगता है - लुधियाना उसके लिए मुम्बई का बांद्रा है तो मेरे लिए बेंगलुरू का इंदिरा नगर और चर्च स्ट्रीट। लुधियाना की सड़कों पर दौड़ती गाड़ियाँ मन में महत्वाकांक्षा जगाती है। कहीं मर्सिडीज तो कहीं ऑडी सरपट भागती नज़र आती है और सड़क के दोनों तरफ़ आलीशान बंगले देखने को मिलते हैं जिसे देख कर अनायास ही एक बार इंसान अपनी जेब टटोल ले और बटुए में रखे पैसे को देख कर एक ठंडी आह भरे या अफ़सोस करे।
लुधियाना से जब आप जालंधर जाते हैं तो आपके ज़ेहन में दो शहर आते हैं गया और जालंधर। अब आप सोच रहें होंगे गया बिहार का एक महत्वपूर्ण स्थान है तो जालंधर पंजाब का इन दोनों में ऐसी क्या समानता है। मेरा वही दोस्त पहली दफ़ा मुझसे बात करते हुए बड़ी उत्सुकता से कहा था कि तरुण तुझे मालूम जालंधर का नाम जलंधर नामक असुर पर पड़ा है और मैंने टपाक से जवाब दिया था फिर तो अपन दोनों भाई हुए क्योंकि गया का नाम भी गायसुर नामक असुर पर पड़ा है।
गया का नाम गायसुर नामक एक राक्षस से पड़ा तो जालंधर का नाम जलंधर नामक असुर पर जिसे महादेव की आठवीं सन्तान भी मानते हैं। जालंधर में आज भी असुर राज जलंधर की पत्नी देवी वृंदा का मंदिर मोहल्ला कोट किशनचंद में स्थित है। यहाँ की धरती पर मन शान्त हो जाता है और आप ख़ुद को पौराणिक कथाओं के थोड़ा ज़ियादा क़रीब महसूस करते हैं। फिर वहाँ से हवाओं के साथ उड़ता हुआ मैं पहुँच जाता हूँ अमृतसर।
अमृतसर जहाँ लाखों की तादाद में देश विदेश से लोग आते तो हैं मगर वहाँ कभी भीड़ जैसा महसूस नहीं होता। वहाँ के लोगों में एक अलग तरह का अपनापन है और मंत्रमुग्ध कर देने वाली शाम की बयार सारी थकान पल भर में छूमंतर कर देती है। कभी अमृतसर जाना तो एक बात पर गौर करना - वहाँ की सिटी बस। उनके लिए सड़क पर एक अलग लेन बनाई गई है जिसपे वो सरपट भागती है।
मैं इस बात का दावा नहीं कर रहा कि ये सच होगा क्योंकि उत्तरप्रदेश से आया हुआ एक बाशिंदा शायद ट्रैफिक नियम का पालन करते लोगों को देखता है तो उसे लखनऊ, आगरा, मथुरा याद आते हैं जहाँ कुछ ही जगह लोग ट्रैफिक का मतलब समझते हैं। इस बार मैं वाघा बॉर्डर भी नहीं गया। इस बार अमृतसर पहले से ज़ियादा तन्हा और शान्त था। एक दोस्त जिसने मुझे अमृतसर घुमाया था, जिसने मुझे पहली दफ़ा स्वर्ण मन्दिर के लंगर में खाना साथ खिलाया था और जिसके साथ सिटी बस में बैठ पूरा शहर घुमा था उसके बिना सारा शहर सुना जान पड़ रहा था। इच्छा हुई कि फ़ोन करके बुला लूँ मगर जो जन्नत में चहलकदमी करते हैं उनके लिए धरती पर वापस आने का टिकट भगवान नहीं काटा करते। मुझे अमृतसर वहाँ की शान्ति, वहाँ के वातावरण, वहाँ के अच्छे लोग से कहीं ज़ियादा इस कारण पसंद था क्योंकि वो उसका शहर था। वहाँ बेफ़िक्री मेरे साथ चलती थी और उसके काँधे पर ज़िम्मेदारी का थैला रख में झट से लंगर में बैठ कर अपना मनपसंद हलवा खाया करता था। इस बार सब कुछ पहले सा था बस बेफ़िक्री उसके साथ जन्नत चली गयी थी और जन्नत में बैठ कर हलवा खाते हुए उसकी बहुत याद आयी। मैं अमृतसर से लौटते वक़्त ये महसूस कर पाया कि टोपी कितना तन्हा महसूस कर रहा होगा इफ़्फ़न के बिना। कृशन चन्द्र को तारा की कितनी याद सताती होगी। अमृतसर जाओ और तुमसे न मिलो तो भी यात्रा अधूरी सी ही लगती है।
/ तरुण पाण्डेय

Comments
Post a Comment