मूल्यवान तोहफ़े
ज़िन्दगी चलने का नाम है। चलते चलते हम दूर निकल आते हैं। कभी कभी जब पीछे मुड़ कर देखते हैं तो कुछ धुँधला सा यादों का कारवाँ तो साथ रहता है मगर उन यादों को बनाने वाले लोग नहीं। बहुत बार हम मन से सुलह कर लेते हैं कि अकेले रह लेंगे लेकिन झुकेंगे नहीं। हम ख़ुद के हीरो हैं कैसे किसी के सामने नतमस्तक हो जायें?
कल जब तुमने ये लिक्खा था "Bye Forever" तो मेरे मन में दुःखों का सैलाब आ गया था। मुझे यक़ीन हो गया था कि क़ुदरत का सबसे बड़ा वार मेरे सीने पर कर दिया गया है। ऐसा लगा जैसे किसी ने नारायण अस्त्र मेरी ओर फेंक दिया हो जिसे हराया नहीं जा सकता है बस शीश झुका कर विनम्रता से आग्रह किया जा सकता है कि लौट जाये। पता नहीं वो लौटा या नहीं लेकिन मुझे साँस लेने में तकलीफ़ बहुत हुई। अगर एक प्रेमिका जाये तो दोस्त संभाल लेते हैं पर अगर सबसे अच्छा दोस्त ही चला जाये तो? ये वो पल होता है जब ख़ुशियों की कोशिकाएं आप से मुँह मोड़ लेती हैं। आप का शरीर कोविड से भले कमज़ोर न हुआ हो इस ख़्याल मात्र से कांप उठता है और आँखों के सामने पहले दिन से लेके आख़िरी पल तक के लम्हें ठहर जाते हैं। मैंने उस पल असहनीय पीड़ा महसूस की और अपने मन को बस इतना बोल पाया कि
"यार अकेले रहने से नहीं डरता है तू, पर जीवन में अगर ये दोस्त नहीं रहे तो दोस्ती के मायने ही क्या रह जायेंगे। तू लाख ज़िद्दी होगा लेकिन तुझे हर लम्हा उसकी ही याद आती रहेगी और उससे दोस्ती की फ़रियाद करके तेरा स्वाभिमान चोटिल नहीं होगा क्योंकि साइंस कहता है कभी कभी स्वाभिमान से बहुत बड़ी होती है ज़िन्दगी और दोस्तों में ज़िन्दगी बसर होती है तेरी"
तो मैं तो ज़िन्दगी के पास जा रहा हूँ अपने, उससे ये कहने कि यार साथ रहना अभी हमे एक दूसरे की शादी में शरीक होना है, साथ में इतनी यादें बना लेनी हैं कि जब सच में हम में से कोई इस दुनिया से नदारत हो तो उस यादों के ज़रिये पीछे वाला जी सके। दोस्तों के मायने हमेशा उनके जाने के बाद मसहूस होते हैं। मैं इसी कारण दोस्तों की लड़ाईयों से नहीं उनके Bye से डरता हूँ। तुम सब दोस्तों से लड़ा करो पर Bye न कहा करो क्योंकि शाने पर उस Bye के बोझ को उठा सकना दुनिया का सबसे भारी भरकम काम है।
एक ऐसा दिमाग़ जो जानता है कि "Forever is a lie" अपनी सबसे अच्छी दोस्त के एक छोटे से "Bye" से डरता है और सारी दुनिया को ये कहता रहता है मुझे लोगों की ज़रूरत नहीं है। ये झूठ मुझे बाहर "हीरो" बना देता है कि देखो इसका स्वाभिमान कितना बड़ा है मगर मैं ऐसे झूठे स्वाभिमान को अपने पैरों तले कुचल देता हूँ कभी कभी और ग़लती पर माफ़ी भी मांग लेता हूँ क्योंकि मुझे दुनिया के नज़र में हीरो नहीं बनना मुझे तो जीना है उन दोस्तों के संग जो हमें बड़ा बनाते हैं, जो हमारी सफ़लता में हमसे ज्यादा ख़ुश होते हैं और हमारे दुःख में हमसे ज्यादा बेचैन। मेरे जीवन में मेरी सफ़लता बहुत बड़ी नहीं है लेकिन मौत से हरपल लड़ता ये व्यक्ति जानता है कि ज़िन्दगी के मूल्यवान तोहफ़े क्या हैं?
©® तरुण पाण्डेय

Comments
Post a Comment